मुंबई: अभिनेता अक्षय कुमार ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुंबई के ट्राइडेंट होटल में मुलाकात की थी| मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके मुंबई दौरे के बीच मंगलवार को बॉलीवुड के मशहूर एक्टर अक्षय कुमार ने उनसे मुलाकात की और अपनी आगामी फिल्म 'राम सेतु' पर चर्चा की थी|
CM योगी आदित्यनाथ से अक्षय कुमार के मुलाकात पर शिवसेना नेता संजय राउत ने तंज कसा है| बुधवार को उन्होंने कहा कि, अक्षय कुमार आम की टोकरी लेकर गए होंगे। संजय राउत ने कहा कि,''मैंने देखा कि योगी जी मुंबई में किसी 5 स्टार होटल में अक्षय कुमार के साथ बैठे हैं शायद अक्षय जी आम की टोकरी लेकर गए होंगे।
उन्होंने कहा कि,''मुंबई की फिल्म सिटी को कोई यहां से ले जाने की बात अगर करता है तो पहले योगी जी ये बताएं कि नोएडा फिल्म सिटी की अभी क्या हालत है...?
संजय राउत ने कहा कि,'मुंबई के फिल्म सिटी को दूसरी जगह शिफ्ट करना आसान नहीं है। दक्षिण भारत में फिल्म उद्योग भी बड़ा है, पश्चिम बंगाल और पंजाब में भी फिल्म सिटी हैं। क्या योगी जी इन स्थानों पर भी जाएंगे और वहां के निर्देशकों / कलाकारों से बात करेंगे या क्या वह केवल मुंबई में ही ऐसा करने जा रहे हैं...?
बीजेपी पर हमला बोलते हुए संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र भाजपा के नेता 'अज़ान' को लेकर राजनीति कर रहे हैं। यहां तक कि पीएम ने कहा है कि सीओवीआईडी के दौरान धार्मिक स्थलों पर भीड़भाड़ नहीं होनी चाहिए। शिवसेना को हिंदुत्व छोड़ने की बात कहने वालों को यह 'तमाशा' बंद करना चाहिए। उन्हें बेरोजगारी, जीडीपी आदि के बारे में बात करनी चाहिए|