Ram Bahal Chaudhary,Basti
Share

Varanasi Kisan Nyay Rally: किसानों व महंगाई के मुद्दे पर प्रियंका गांधी ने BJP सरकार को घेरा, कहा- मोदी सरकार ने सिर्छ छलावा किया

  • by: news desk
  • 10 October, 2021
Varanasi Kisan Nyay Rally: किसानों व महंगाई के मुद्दे पर प्रियंका गांधी ने BJP सरकार को घेरा, कहा- मोदी सरकार ने सिर्छ छलावा किया

वाराणसी : Kisan Nyay rally: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को वाराणसी दौरे पर पहुंचीं| कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ( Congress General SecretaryPriyanka Gandhi) रविवार को वाराणसी में किसान न्याय रैली (Kisan Nyay rally) को संबोधित किया| प्रियंका गांधी ने बनारस में किसान न्याय (Kisan Nyay rally) रैली को संबोधित करते हुए  केंद्र की मोदी सरकार और यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर हमला बोला| मंच पर प्रियंका गांधी के साथ भूपेश बघेल, दीपेंदर सिंह हूडा, प्रमोद तिवारी ,सलमान खुर्शीद, अजय राय ,आराधना मिश्रा समेत कई नेता मौजूद रहे हैं।



रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में किसान न्याय रैली में प्रियंका गांधी ने कहा कि,''लखीमपुर खीरी में जो हुआ, इस देश के गृह राज्यमंत्री के बेटे ने अपनी गाड़ी के नीचे 6 किसानों को निर्ममता से कुचल दिया। 6 के 6 परिवार यह कहते हैं कि हमें पैसे नहीं चाहिए, हमें मुआवजा नहीं चाहिए, हमें न्याय चाहिए|



आपने देखा कि सरकार पूरी तरह से उस मंत्री और मंत्री के बेटे के बचाव में लगी रही। पुलिस और प्रशासन विपक्ष के नेताओं को रोकने में लगा था। जब मैंने रात में वहाँ जाने की कोशिश की तो हर सड़क पर पुलिस थी| मुझे रोकने की कोशिश की गई। तमाम जगह पुलिस के घेरे थे, नाकेबंदियां थी। जो पीड़ित परिवार हैं, उनके घरों में उन्हें नजरबंद किया गया। लेकिन अपराधी को पकड़ने के लिए एक भी पुलिस वाला नहीं निकला|



प्रियंका गांधी ने कहा कि,''अपराधी के घर में उन्होंने निमंत्रण भेजा कि आप आकर हमसे बात कीजिये। आपने दुनिया के किसी भी देश में या हमारे देश के इतिहास में ऐसा देखा है कि एक आदमी 6 लोगों को कुचल दे और पुलिस उसको निमंत्रण दे रही हो कि आइये हमसे बात कीजिये|




Kisan Nyay rally live updates:

वाराणसी में किसान न्याय रैली में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा,''जो सच्चाई मैंने उत्तर प्रदेश में पिछले 2 सालों से देखी है, वह सच्चाई मैं आपके सामने रखना चाहती हूं....| यहाँ से कुछ ही दूर सोनभद्र में एक घटना हुई, 13 आदिवासी खेत में काम कर रहे थे। जब पुलिस प्रशासन की सहमति से कुछ लोग उनकी जमीन लेने की कोशिश कर रहे थे। वह लोग ट्रैक्टर-जीप लेकर आते, गोली चलाई और 13 आदिवासियों को शहीद किया, सोनभद्र में नरसंहार हुआ|



प्रियंका गांधी ने कहा,''जब मैं उनसे मिलने गई, मेरे मन में एक बात मुझे स्पष्ट लगी। जिस परिवार के पास मैं जा रही थी, वे कह रहे थे कि हमें मुआवजा नहीं चाहिए, हमें न्याय चाहिए। लेकिन हमें न्याय की उम्मीद नहीं है| उनके पिता जी ने मुझसे कहा कि उन्हें घर के बाहर निकाल कर पीटा गया था, उनके बच्चों को धमकाया गया था, उनकी 9 साल की पोती को भी धमकाया गया था। लेकिन उनको न्याय की कोई उम्मीद नहीं थी, वह सिर्फ न्याय चाहते थे| उन मामलों में भाजपा के एक पूर्व विधायक, भाजपा के एक प्रधान के बेटे, भाजपा के एक कार्यकर्ता; तीनों मामलों में वे शामिल थे|




वाराणसी में किसान न्याय रैली में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा,''इस देश के गृह राज्य मंत्री के बेटे ने अपनी गाड़ी के नीचे 6 किसानों को निर्ममता से कुचल दिया और सब परिवार ये कहते हैं कि हमें मुआवज़ा नहीं न्याय चाहिए। लेकिन हमें न्याय दिलाने वाला इस सरकार में नहीं दिख रहा है|... प्रियंका गांधी ने कहा,''यहां के मुख्यमंत्री ( CM योगी)  मंच पर बैठे हुए उस मंत्री (गृह राज्य मंत्री) का बचाव कर रहे हैं जिसके बेटे ने ऐसा काम (लखीमपुर खीरी की घटना) किया है। जो प्रधानमंत्री लखनऊ आ सकते थे वो दो घंटे की दूरी पर लखीमपुर नहीं जा सकते उन किसानों के आंसू पोंछने के लिए?



प्रियंका गांधी ने कहा कि लखीमपुर में किसानों से मिलने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री अभी तक नहीं गए। दुनिया के कोने-कोने तक प्रधानमंत्री घूम सकते हैं। देश-देश भ्रमण कर सकते हैं लेकिन अपने देश के किसानों से भेंट करने नहीं जा सकते। किसानों को वो आंदोलनजीवी और पता नहीं क्या-क्या कहते हैं। प्रियंका ने कहा कि हम डरेंगे नहीं। आइए हमारे साथ ..हम मुंहतोड़ जवाब देंगे। देश को बचाने के लिए बदलाव जरूरी है। 




देश में कोई भी सुरक्षित नहीं है

प्रियंका गांधी ने कहा कि,''इस देश में सिर्फ दो तरह के लोग सुरक्षित हैं। एक जो भाजपा का सत्ताधारी नेता और दूसरा जो उसका खरबपति मित्र है। इस देश में किसी भी धर्म का व्यक्ति सुरक्षित नहीं है। ना मजदूर, मल्लाह, निषाद, दलित और ना ही किसान सुरक्षित हैं| किसनों के पास पैसा नहीं और मोदी जी दो-दो विमान खरीद रहे हैं। केंद्र सरकार ने सिर्छ छलावा किया है।


प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद क्या आपकी जिंदगी में कोई बदलाव आया है। क्या विकास का रथ आपके द्वार पहुंचा है। अपने आप से पूछिए कि भाजपा सरकार में आपका कितना विकास हुआ है। अगर नहीं किया है तो आइए हमार साथ बदलाव जरूरी है।



महंगाई के मुद्दे पर प्रियंका गांधी ने सरकार को घेरा

प्रियंका गांधी ने महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा। कहा कि पेट्रोल  100 के पार चला गया। एलपीजी एक हजार के पार चला गया। बिजली का दाम तीन बार बढ़ा दिया। जिनके घर में बिजली नहीं उनके घर में भी बिजली का बिल आता है। ऐसे दिनों की किसी ने कल्पना नहीं की थी। केवल बड़े-बड़े पोस्टरों में दिखावा होता है।



प्रियंका गांधी ने कहा कि सौ रुपए का पेट्रोल, 90 रुपए डीजल, एक हजार का सिलेंडर मिल रहा है। बेरोजगारी चरम पर है। शहरों को साफ करने वालों के प्रति अपशब्द कहे सीएम ने। जनता दुखी और त्रस्त है। आप इन परेशानियों से गुजर रहे हैं संघर्ष कर रहे हैं वहीं पीएम के खरबपति मित्र रोजाना हजारों करोड़ कमा रहे हैं। कोरोना काल में रोजगार बंद हुआ लेकिन सरकार ने राहत नहीं दी।  देश के हवाई अड्डे, रेलवे अपने मित्रों को सौंप दिए। पीएम ने अपने लिए दो हवाई जहाज खरीदे।  एक हवाई जहाज आठ हजार करोड़ का और देश की एयर इंडिया को 18 हजार करोड़ में बेच दिया। कहा कि देश नष्ट हो रहा है, इसको पहचानिए। सच्चाई बोलने से क्यों डर रहे हैं। चुनाव की नहीं अब देश की बात है।



यह देश भाजपा के पदाधिकारी और प्रधानमंत्री की जागीर नहीं है, आपका देश है। जागरूक और समझदार नहीं बनेंगे तो ना खुद को बचा पाएंगे और न देश को। आपकी मेहनत ने इस देश को बनाया है। आपको आतंकवादी कहने वालों को न्याय देने के लिए विवश कीजिए।  मुझे जेल में डाल दीजिए, जब तक गृह राज्यमंत्री इस्तीफा नहीं देगा हम लड़ते रहेंगे। अपने अंतर्मन में झांकिए, एक सवाल पूछिए क्या इन सात सालों में आपके जीवन में तरक्की आई, विकास आपके दरवाजे पर आया। अगर सवालों का जवाब नहीं है तो आइए मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर सरकार को बदलिए। भाषण के अंत में प्रियंका गांधी ने नवरात्र की शुभकामानएं दीं।



कांग्रेस नेताओं ने भरी हुंकार

किसान न्याय रैली के मंच से कांग्रेस नेताओं ने योगी सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। प्रियंका गांधी के भाषण से पहले प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, विधायक आराधाना मिश्रा, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय समेत कई अन्य नेताओं ने भाजपा सरकार पर हमला बोला।


कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि गिरफ्तारी से हम नहीं डरते। लखीमपुर घटना के बाद प्रियंका गांधी को योगी सरकार ने जबरदस्ती क्यों रोका। क्या पीड़ितों के साथ खड़ा होना गुनाह है। कहा कि प्रदेश सरकार के इस घमंड का जवाब जनता देगी। हाथरस, मैनपुरी, उन्नाव, गोरखपुर की घटनाओं का जिक्र कर योगी सरकार पर सवाल उठाए। कहा कि उत्तर प्रदेश में बदलाव की आंधी है, जिसका नाम प्रियंका गांधी है।



मंच पर पहुंची प्रियंका गांधी

रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित किसान न्याय रैली को संबोधित करने के लिए प्रियंका गांधी पहुंच चुकी हैं। मंच पर उनके साथ भूपेश बघेल समेत कई नेता मौजूद हैं। रैली में मौजूद कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी कर रहे हैं।




प्रियंका गांधी की जनसभा में उमड़ी भीड़

रोहनिया के जगतपुर पीजी कॉलेज मैदान में प्रियंका गांधी की जनसभा के लिए भारी भीड़ उमड़ी है। कई लोग लखीमपुर घटना की तस्वीर लेकर पहुंचे हैं। प्रियंका गांधी के आगमन का इंतजार हो रहा है।


मां कुष्मांडा के दरबार में पहुंचीं प्रियंका

प्रियंका गांधी काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के बाद मां कूष्मांडा के दरबार में पहुंच गई हैं। प्रियंका गांधी के आने के पहले दुर्गा मंदिर को खाली कराया गया।



प्रियंका गांधी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा की

प्रियंका गांधी के दौरे की शुरुआत श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर से होगी। प्रियंका गांधी काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंची और पूजा अर्चना की। चौकाघाट से पीलीकोठी होते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर तक प्रियंका गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस रूट डायवर्जन में पुलिस जुटी है।



एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं ने किया प्रियंका गांधी स्वागत

बाबतपुर एयरपोर्ट पर जुटे कांग्रेस नेताओं ने प्रियंका गांधी स्वागत किया। कांग्रेस महासचिव एयरपोर्ट से शहर के लिए रवाना हो गईं हैं। साथ में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी हैं। रैली को संबोधित करने वाराणसी पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जिले में लगभग छह घंटे रहेंगी। प्रियंका के आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरा है।


वाराणसी पहुंची प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के प्रचार का बिगुल फूंकेंगी। प्रियंका गांधी वाराणसी पहुंच चुकी हैं। साथ में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दीपेंद्र हुडा भी पहुंचे हैं। बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेताओं ने बाबातपुर एयरपोर्ट पर प्रियंका गांधी का स्वागत किया।





आप हमसे यहां भी जुड़ सकते हैं
TVL News

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें : https://www.facebook.com/TVLNews
चैनल सब्सक्राइब करें : https://www.youtube.com/TheViralLines
हमें ट्विटर पर फॉलो करें: https://twitter.com/theViralLines
ईमेल : thevirallines@gmail.com

You may like

स्टे कनेक्टेड

विज्ञापन