Ram Bahal Chaudhary,Basti
Share

UP Zila Panchayat Chairman Result: यूपी की 75 में से 67 सीटों पर भाजपा ने किया कब्जा, सीएम योगी ने दी बधाई, बोले- ऐतिहासिक...

  • by: news desk
  • 03 July, 2021
UP Zila Panchayat Chairman  Result: यूपी की 75 में से 67 सीटों पर भाजपा ने किया कब्जा, सीएम योगी ने दी बधाई, बोले- ऐतिहासिक...

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने रिकॉर्ड जीत हासिल की है। 75 में से 67 सीटों पर जीत का परचम लहराया है। भाजपा ने सपा के 63 सीटों के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। संतकबीर नगर, बलिया, आजमगढ़ और एटा में सपा ने जीत दर्ज की है। जबकि बागपत में राष्ट्रीय लोकदल की प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी को हरा दिया है।




शनिवार को 53 जिलों में हुए जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा को 46 जिलों में जीत हासिल हुई है। भाजपा को अवध क्षेत्र में 13 में से 13, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 में से 13, ब्रज क्षेत्र में 12 में से 11, कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र में 14 में से 13, वाराणसी क्षेत्र में 12 में से 10 और गोरखपुर क्षेत्र में आने वाले 10 में से 7 जिलों में जीत मिली है। भाजपा ने सपा के 63 सीटों के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। बता दें कि 2015 में तत्कालीन सपा सरकार में हुए चुनाव में सपा ने 63 सीटों पर जीत दर्ज की थी।




यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में प्रत्याशियों को जीत की बधाई देते हुए कहा कि आप सबकी यह जीत भारत की पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।



उन्होंने ट्वीट किया कि,''त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए विजयी सभी प्रत्याशियों को मेरी ओर से हार्दिक बधाई।  आप सबकी यह जीत भारत की पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।  आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।



योगी आदित्यनाथ ने एक अन्य ट्वीट में लिखा,''उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय आदरणीय प्रधानमंत्री जी की लोक कल्याणकारी नीतियों का प्रतिफल है। यह उत्तर प्रदेश में स्थापित सुशासन के प्रति जन विश्वास का प्रकटीकरण है। सभी प्रदेशवासियों का धन्यवाद एवं विजय की हार्दिक बधाई!




कांटे की टक्कर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा के ओमप्रकाश भार्गव का कब्जा: लखीमपुर खीरी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर में भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश भार्गव ने 38 वोट हासिल कर सपा की अंजलि भार्गव को सात मतों से हरा दिया। सपा को जहां 31 वोट मिले, वहीं तीन वोट अवैध घोषित किए गए।




जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर राजा भैया का फिर कब्जा: प्रतापगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में फिर राजा भैया समर्थित प्रत्याशी माधुरी पटेल का कब्जा हो गया। उन्हें कुल 40 मत मिले। सपा प्रत्याशी अमरावती को 6 मत और भाजपा प्रत्याशी क्षमा सिंह को तीन मत से ही संतोष करना पड़ा। 2 अवैध घोषित किए गए। इस तरह राजा भैया समर्थित प्रत्याशी माधुरी ने सपा प्रत्याशी अमरावती से 34 वोटों से जीत हासिल की।






हापुड़ में खिला कमल: भाजपा प्रत्याशी रेखा नागर हापुड़ जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं हैं। रेखा नागर को 13 वोट प्राप्त हुए हैं। जबकि सपा प्रत्याशी रुचि यादव को मात्र 6 वोट ही मिल सके।




अलीगढ़ में भाजपा प्रत्याशी विजय सिंह 30 मतों से विजयी घोषि

अलीगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर फिर भाजपा ने कब्जा किया है। भाजपा की विजय सिंह ने अपनी प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी अर्चना यादव को पराजित कर विजयी हासिल की। मतदान के दौरान 46 जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों ने अपने मत का उपयोग किया। वहीं कोल्ड स्टोर में अवैध भंडारण के दो मामले में नामजद एवं जनपद में हुए जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी अनिल चौधरी की वांछित जिला पंचायत सदस्य पत्नी ममता चौधरी अपना मतदान करने नहीं पहुंची। भाजपा की विजय सिंह को 38 और अर्चना यादव को 8 वोट मिले हैं। सपा प्रत्याशी अर्चना यादव ने चुनाव में घालमेल का आरोप लगाया है।





बिजनौर में भाजपा के साकेंद्र चौधरी जीते: बिजनौर में भाजपा के साकेंद्र चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव जीत गए हैं। साकेंद्र को 30 वोट मिले हैं, सपा-रालोद गठबंधन की चरणजीत कौर को 25 वोट प्राप्त हुए।




भाजपा की वर्षा यादव ने 28 वोट लेकर हासिल की जीत: बदायूं जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की वर्षा यादव ने 28 वोट लेकर जीत हासिल की। वह पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव की पत्नी हैं। उनके मुकाबले सपा प्रत्याशी सुनीता शाक्य को 23 वोट मिले हैं। कौशांबी जिले में भी भाजपा की कल्पना सोनकर निर्वाचित हुई हैं।




रामपुर में भाजपा समर्थित ख्यालीराम लोधी जीते: रामपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित ख्यालीराम लोधी चुने गए हैं। रामपुर में 34 सदस्यों के वोट में, ख्यालीराम लोधी को 18 वोट मिले हैं। सपा समर्थित नसरीन जहां को 13 वोट प्राप्त हुए। एक वोट निरस्त हो गया, जबकि दो सदस्यों ने मतदान नहीं किया।


एक वोट से जीतीं भाजपा प्रत्याशी मधु: शामली में कांटे के मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी विजयी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी मधु को 10 वोट मिले हैं, जबकि सपा-रालोद प्रत्याशी अंजलि को 9 वोट मिले हैं। भाजपा प्रत्याशी एक वोट से विजयी घोषित हुई है।




फतेहपुर में भाजपा का कब्जा: फतेहपुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अभय प्रताप सिंह 41 मत पाकर विजयी घोषित हुए हैं। सपा प्रत्याशी संगीत राज को 5 वोट मिले हैं। हमीरपुर में 17 जिला पंचायत सदस्यों में भाजपा की जयंती राजपूत को 11 और निषाद पार्टी के दुष्यंत सिंह परिहार को 6 वोट मिले। भाजपा की जयंती राजपूत अध्यक्ष बनीं।




बलिया- आजमगढ़ में सपा उम्मीदवार जीते: बलिया में पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के बेटे सपा उम्मीदवार आंनद चौधरी 33 वोट पाकर विजयी घोषित हए हैं। भाजपा उम्मीदवार को 24 वोट मिले हैं। आजमगढ़ में सपा के विजय यादव जीत गए हैं। चंदौली में भाजपा के दीनानाथ शर्मा ने जीत दर्ज की है। भदोही में भाजपा समर्थित अनिरुद्ध त्रिपाठी ने जीत का परचम लहराया है।




गोरखपुर-बस्ती मंडल की छह सीटों पर भाजपा का कब्जा: गोरखपुर-बस्ती मंडल की सात जिला पंचायत अध्यक्ष की सीटों में छह पर भाजपा का कब्जा हो गया है। एक संतकबीरनगर में सपा के बलिराम यादव अध्यक्ष पद पर जीते हैं। बस्ती में भाजपा के संजय चौधरी, महराजगंज में भाजपा के रविकांत पटेल, देवरिया में भाजपा के गिरीश चंद्र तिवारी, सिद्धार्थनगर में भाजपा की शीतल सिंह व कुशीनगर में भाजपा की सावित्री देवी अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित की गईं हैं। गोरखपुर में भाजपा की साधना सिंह पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं।



फिरोजाबाद में भाजपा की जीत: फिरोजाबाद से पूर्व मंत्री जयवीर सिंह की पुत्रवधू हर्षिता सिंह जीत गई हैं। 33 सदस्यों में से भाजपा को 19 वोट मिले। समाजवादी पार्टी की रुचि यादव को 11 मत प्राप्त हुए हैं। जबकि 3 वोट निरस्त कर दिए गए हैं।



बागपत में रालोद की ममता ने दर्ज की जीत: बागपत में रालोद की ममता ने जीत दर्ज की है। ममता को 12 वोट मिली हैं। जबकि भाजपा की बबली देवी को 7 वोट मिली। एक वोट कैंसिल हो गई।


अयोध्या में भाजपा की रोली सिंह जीतीं, सपा सदस्यों ने बीजेपी को वोट दिए: अयोध्या जिला पंचायत सीट पर भाजपा ने कब्जा जमाया है।भाजपा की प्रत्याशी रोली सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष बन गई हैं। भाजपा की रोली सिंह को 30 वोट मिले, जबकि सपा को केवल 10 वोट प्राप्त हुए। सपा के सदस्यों ने क्रॉस वोटिंग की। सपा सदस्यों ने भाजपा को वोट दिए।




देवरिया में भाजपा प्रत्याशी गिरीश चंद तिवारी ने सपा उम्मीदवार को हराया: देवरिया जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी गिरीश चंद तिवारी ने 42 मत प्राप्त कर सपा प्रत्याशी शैलजा यादव को पराजित कर दिया। चुनाव में कुल 56 सदस्यों ने मतदान किया था जिसमें गिरीश चंद तिवारी को 42 सपा उम्मीदवार शैलजा यादव को ग्यारह मत प्राप्त हुए। तीन मत अवैध घोषित कर दिए गए।




कुशीनगर में भाजपा प्रत्याशी विजयी:  कुशीनगर से जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर भाजपा की सावित्री देवी जीत गई हैं। उनको 61 में से 46 वोट मिले हैं। समाजवादी पार्टी की रीता देवी को 15 वोट प्राप्त हुए। सावित्री देवी दूसरी बार अध्यक्ष चुनी गईं हैं। इससे पहले भी वह 2010 से 2015 तक जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं।



मुजफ्फरनगर में भाजपा के वीरपाल निरवाल जीते: मुजफ्फरनगर में भाजपा के वीरपाल निरवाल ने जीत दर्ज की है। कुल 43 जिला पंचायत सदस्यों में से 34 में वोट डाले गए। जिनमें से भाजपा के वीरपाल निरवाल को 30 वोट और विपक्ष के सत्येंद्र बालियान को 4 वोट प्राप्त हुए।




औरैया में भाजपा प्रत्याशी कमल ने दर्ज की जीत: औरैया में 23 जिला पंचायत सदस्यों में 22 के पड़े वोट। भारतीय जनता पार्टी के कमल दोहरे को कुल 13 वोट मिले। वहीं समाजवादी प्रत्याशी रवि त्यागी को सिर्फ 9 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी कमल ने जीत दर्ज की


संतकबीरनगर में सपा के बलिराम यादव जीते: संतकबीरनगर में सपा प्रत्याशी बलिराम यादव चुनाव जीते। सपा प्रत्याशी बलिराम यादव को 18 मत मिले। जबकि भाजपा प्रत्याशी कृष्ण कुमार चौरसिया को 12 मत मिले। छह मतों से सपा के बलिराम यादव चुनाव जीत गए।




38 मत पाकर भाजपा के रविकांत बले जिला पंचायत अध्यक्ष:महराजगंज में भाजपा प्रत्याशी रविकांत पटेल को 38 और सपा प्रत्याशी दुर्गा यादव को 9 मत मिले। मतदान में 38 मत पाकर भाजपा प्रत्याशी रविकांत पटेल विजयी घोषित किए गए। खास बात रही की सपा ने अपने नौ जिला पंचायत सदस्यों का वोट सहेजे रखा। इसमें भाजपा सेंधमारी नहीं कर पाई।



जौनपुर में पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी जीतीं: जौनपुर में बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष बन गई हैं। श्रीकला को अपना दल एस ने अंतिम समय में समर्थन दिया। मल्हनी विधानसभा उप चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी थे बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह।



भाजपा के संजय चौधरी को मिली जीत: बस्ती में भाजपा के संजय चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव जीत गए हैं। उन्हें 39 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सपा के उम्मीदवार वीरेंद्र चौधरी को महज चार वोट मिले हैं। नतीजे आने के बाद से भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। 




गाजीपुर में भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष को मिली जीत: गाजीपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा की सपना सिंह की जीत हुई है। सपना को कुल 47 वोट मिले और सपा की कुसुमलता को कुल 20 वोट मिले। सपा की 30 साल से कब्जे वाली सीट पर पहली बार भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष को बड़ी जीत मिली है।




आंबेडकरनगर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा: आंबेडकरनगर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा के साधु वर्मा ने एकतरफा जीत दर्ज की है। उन्हें 30 सदस्यों का समर्थन मिला। जबकि सपा प्रत्याशी अजीत यादव 10 वोट तक ही सीमित रह गए। एक मत निरस्त हुआ है।




भाजपा प्रत्याशी रंजना चौधरी बनी जिला पंचायत अध्यक्ष: रायबरेली जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रंजना चौधरी ने जीत हासिल की है। उनको 30 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी पूर्व सांसद अशोक सिंह की बहू आरती सिंह को 22 वोट मिले हैं। जीत की उम्मीद लगाए कांग्रेस को झटका लगा है।



अमेठी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा प्रत्याशी जीते: अमेठी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेश अग्रहरि ने जीत दर्ज की है। अमेठी पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कुल 36 मत पड़े। भाजपा प्रत्याशी राजेश अग्रहरि को 31 मत मिले। राजेश अग्रहरी 27 वोटों से विजयी हुए। सपा की शीलम सिंह को कुल 04 मत मिले।


संतकबीर नगर, बलिया और एटा में सपा की जीत, बागपत में आरएलडी के प्रत्याशी विजयी घोषित: संतकबीर नगर और बलिया में समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की है। वहीं, एटा में समाजवादी पार्टी की रेखा यादव जिला पंचायत अध्यक्ष बन गई हैं। रेखा को 30 में से 24 मत मिले। भाजपा की विनीता यादव को कुल 4 मत मिले हैं। जबकि दो वोट निरस्त हुए हैं। बागपत में राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी ने विजयी परचम लहराया है।



भाजपा की शीतल सिंह बनी जिला पंचायत अध्यक्ष: सिद्धार्थनगर में भाजपा प्रत्याशी शीतल सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। शीतल सिंह को 40 मत प्राप्त हुए, जबकि सपा प्रत्याशी पूजा यादव को पांच मत मिले। जिले में 45 जिला पंचायत सदस्यों ने मतदान किया। भाजपा समर्थित नौ सदस्य चुनाव जीते थे, जबकि सपा समर्थित 15 सदस्य चुनाव जीते थे। भाजपा ने कांग्रेस के तीन, बसपा के दो, अपना दल एस के एक सहित 15 निर्दलीय के साथ सपा के सदस्यों में भी सेंधमारी कर ली।



भाजपा समर्थित डॉ. अनामिका बनी जिला पंचायत अध्यक्ष: संभल में भाजपा समर्थित डॉ. अनामिका जिला पंचायत अध्यक्ष बनी हैं। उन्होंने कुल 22 मत प्राप्त किए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी सपा समर्थित प्रत्याशी प्रिया को 13 वोट मिले हैं।



कन्नौज में भाजपा और सपा के बीच कांटे की टक्कर: कन्नौज में भाजपा और सपा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। हालांकि भाजपा प्रत्याशी ने यहां जीत दर्ज की। भाजपा की प्रिया शाक्य को 15 मत और सपा के श्याम सिंह यादव को 13 मत प्राप्त हुए। प्रिया शाक्य विजयी घोषित की गईं।



मथुरा से किशन सिंह चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष बने: किशन सिंह चौधरी मथुरा के जिला पंचायत अध्यक्ष घोषित किए गए हैं। किशन को 22 वोट मिले हैं इनके प्रतिद्वंदी रालोद प्रत्याशी राजेंद्र सिकरवार को 11 वोट मिले हैं।



उन्नाव में भाजपा के बागी नेता को हराकर भाजपा प्रत्याशी शकुन ने हराया: उन्नाव में भाजपा के बागी नेता अरुण सिंह को हराकर भाजपा प्रत्याशी शकुन सिंह जीत गई हैं। शकुन को 28, अरुण सिंह को 19, मालती रावत को चार वोट मिले हैं।



सीतापुर में भाजपा की श्रद्धा सागर जीतीं: सीतापुर में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। भाजपा प्रत्याशी श्रद्धा सागर 79 में से 56 वोट पाकर विजयी हुई हैं। निकटतम प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी अनीता राजवंशी को 22 वोट मिले हैं। डीएम ने श्रद्धा सागर को जीत का प्रणाम पत्र दिया।


बाराबंकी जिला पंचायत अध्यक्ष पर पद पर भाजपा का कब्जा: बाराबंकी जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजरानी रावत 48 मत पाकर चुनाव जीत गईं। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की उम्मीदवार नेहा आनंद को सिर्फ 8 मत मिले। कुल पड़े 57 मतों में एक बैलट पेपर सादा पाया गया। यही नहीं पहली बार भाजपा का उम्मीदवार जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर चुना गया है।



भाजपा समर्थित प्रत्याशी मोनिका यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीता: फर्रुखाबाद में भाजपा समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष निर्दलीय प्रत्याशी मोनिका यादव ने 18 वोट हासिल कर जीत दर्ज की है। वहीं सपा प्रत्याशी डॉ. सुबोध यादव को 12 वोट मिले हैं।



लखनऊ, बदायूं और गाजीपुर में भाजपा उम्मीदवार चुनाव जीते: लखनऊ, बदायूं और गाजीपुर में भाजपा उम्मीदवार चुनाव जीत गए हैं। अमेठी में भाजपा का कमल खिला है। सीतापुर, औरैया, रामपुर, हापुड़, संभल, बाराबंकी में भी भाजपा प्रत्याशियों ने विजयी परचम लहराया है। बिजनौर में भाजपा प्रत्याशी सकेंद्र प्रताप सिंह ने जीत दर्ज की है।




भाजपा प्रत्याशी प्रेमावती जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित: हरदोई में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रेमावती को विजयी घोषित किया गया है। भाजपा प्रत्याशी प्रेमावती को 65 वोट मिले। जबकि सपा प्रत्याशी मुन्नी देवी गौतम को 6 वोट मिले। जिला पंचायत के कुल 72 सदस्य हैं। इनमें से 71 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी मुन्नी देवी गौतम की समर्थक रहीं राधा कुशवाहा ने मतदान नहीं किया।




मुलायम के गढ़ में बड़ा उलटफेर, भाजपा प्रत्याशी अर्चना भदौरिया की जीत: मैनपुरी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। कुल 30 सदस्यों में से 29 सदस्यों ने मताधिकार का प्रयोग किया। भाजपा प्रत्याशी अर्चना भदौरिया को 18 वोट मिले। वहीं सपा प्रत्याशी मनोज यादव को 11 वोट प्राप्त हुए।





महोबा में भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत: 
महोबा में भाजपा समर्थित जय प्रकाश अनुरागी ने जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीत लिया है। अपर जिलाधिकारी रामसुरेश वर्मा ने बताया कि कुल 14 सदस्यों में से 10 वोट जय प्रकाश को मिले और चार वोट सपा समर्थित प्रत्याशी मृत्युंजय प्रताप कोमिले हैं।



सोनभद्र में अपना दल-एस की राधिका पटेल की जीत: सोनभद्र में अपना दल-एस की राधिका पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं। सपा के जयप्रकाश पांडेय को सात वोटों के अंतर से हराया। राधिका को 19 और जयप्रकाश को 12 वोट मिले।





मिर्जापुर में भाजपा प्रत्याशी की जीत: मिर्जापुर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी राजू कन्नौजिया ने जीत दर्ज की है। 40 मत भाजपा प्रत्याशी को मिले तो वहीं सपा प्रत्याशी आशा देवी को महज चार वोट से ही संतोष करना पड़ा।




कानपुर नगर में भाजपा की स्वप्निल जीतीं, देहात में निर्दलीय का कब्जा: कानपुर नगर में भाजपा की स्वप्निल वरुण नई जिला पंचायत अध्यक्ष बन गई हैं। कानपुर देहात में नीरज रानी ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव जीत लिया है। 31 मत पड़े। निर्दलीय नीरज रानी को 26 मत मिले। प्रतिद्वंद्वी सपा के राम सिंह को पांच वोट मिले हैं।



जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी घोषित: कासगंज जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान के बाद मतगणना में भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी घोषित हुई है। रत्नेश कश्यप जिला पंचायत अध्यक्ष बनी हैं। जिलाधिकारी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को प्रमाण पत्र दे दिया है। पंचायत अध्यक्ष पद के नतीजे आने के बाद भाजपाइयों और नए अध्यक्ष के समर्थकों में खुशी की लहर है।




हाथरस में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव सीमा उपाध्याय जीती: हाथरस में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव सीमा उपाध्याय ने जीत लिया है। कांटे की टक्कर में सीमा उपाध्याय को 13 वोट और शशि चौधरी को 11 वोट मिले। चुनाव हारने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर जाते हुए गुड्डू चौधरी और शशि चौधरी।





आप हमसे यहां भी जुड़ सकते हैं
TVL News

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें : https://www.facebook.com/TVLNews
चैनल सब्सक्राइब करें : https://www.youtube.com/TheViralLines
हमें ट्विटर पर फॉलो करें: https://twitter.com/theViralLines
ईमेल : thevirallines@gmail.com

You may like

स्टे कनेक्टेड

विज्ञापन