उन्नाव: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उन्नाव में रोड शो किया। उन्नाव में चौथे चरण में विधानसभा का चुनाव होना है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तीन बार चुनावी जनसभा कर चुके हैं। वहीं बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा भी दो जन सभाएं कर चुके हैं। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के प्रत्याशियों को जिताने के लिए जनसभा की। वहीं देर शाम प्रियंका गांधी कांग्रेस प्रत्याशी आशा सिंह के समर्थन में उन्नाव पहुंची हैं। जहां वो रोड शो कर रही हैं। इस दौरान कांग्रेसी प्रत्याशियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मां आशा सिंह उन्नाव सदर से कांग्रेस प्रत्याशी हैं। लगातार वो डोर टू डोर कैंपेनिंग कर रही थी। लोगों से सहयोग मांग रही थीं। वहीं उनके समर्थन में कांग्रेस पार्टी की ओर से दिग्गज नेता भी प्रचार प्रसार कर रहे थे।
उन्नाव में 16 फरवरी को प्रियंका गांधी को आना था, लेकिन कुछ कारणों के चलते कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया था। रविवार को देर शाम रायबरेली के रास्ते से होते हुए प्रियंका गांधी उन्नाव के डीएसएन कॉलेज रोड पहुंची हैं। जहां पर पहले से ही मौजूद कांग्रेसी प्रत्याशियों ने उनका जोरदार स्वागत किया है।
इसके बाद उनकी कार से सदर प्रत्याशी आशा सिंह, उनकी बेटी और प्रियंका गांधी ने ऊपर बैठकर रोड शो शुरू किया है। इस दौरान कांग्रेस के सैकड़ों की संख्या में समर्थक रोड शो में शामिल हुए हैं। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने डोर टू डोर जाकर लोगों से सहयोग मांगा है। उन्होंने सदर प्रत्याशी आशा सिंह को जिताने की बात कही है। प्रियंका गांधी के आने के बाद उन्नाव जिले में पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। भारी मात्रा में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
कांग्रेस महासचिव ने कांग्रेस उम्मीदवार आशा सिंह के लिए मतदान की अपील की। कांग्रेस ने ट्वीट किया-''उन्नाव से कांग्रेस प्रत्याशी आशा सिंह के समर्थन में प्रियंका गांधी के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब अन्यायकारी सत्ता को ललकार रहा है- सत्ता का दुरुपयोग कर गरीब की बेटियों के साथ दरिंदगी करने वाले बलशालियों को अंजाम भी भुगतना होगा, अब महिलाएं डरेंगी नहीं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया,'' मेरी बहनों सत्ता में हिस्सेदारी आपका हक है। एकजुट होकर इस हक को हासिल करो। अन्याय, अत्याचार के खिलाफ लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा बुलंद करो।
उन्नाव में कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती आशा सिंह के लिए जनसंपर्क किया।