Ram Bahal Chaudhary,Basti
Share

Punjab Chunav 2022 Result: पंजाब में आप की रिकॉर्डतोड़ जीत, 56 साल में सबसे बड़ी जीत, 117 में से 92 सीटों पर कब्जा; कांग्रेस 18 सीटों पर सिमटी

  • by: news desk
  • 10 March, 2022
Punjab Chunav 2022 Result:  पंजाब में आप की रिकॉर्डतोड़ जीत, 56 साल में सबसे बड़ी जीत, 117 में से 92 सीटों पर कब्जा; कांग्रेस 18 सीटों पर सिमटी

Punjab Chunav 2022 Result: पंजाब में गुरुवार को इतिहास लिखा गया। विधानसभा चुनाव के नतीजों ने एक साथ कई रिकॉर्ड बना दिए। आम आदमी पार्टी ने पंजाब की 117 में से 92 सीटों पर जीत हासिल करके किसी भी दूसरी पार्टी को मुकम्मल विपक्ष बनने तक का मौका नहीं दिया। यह 56 साल में किसी एक पार्टी की सबसे बड़ी जीत है, जबकि आजादी के बाद आप ने सूबे में तीसरी सबसे बड़ी जीत हासिल की है।



पंजाब में सियासी फेरबदल के कयास तो पहले से थे, लेकिन आज के नतीजों ने बदलाव की नई परिभाषा तय कर दी है। यहां आप ने न सिर्फ बहुमत के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया, बल्कि विनिंग सीट्स का ऐसा पहाड़ खड़ा कर दिया कि कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा समेत उसके सहयोगी मिलकर भी आप के लगभग चौथाई हिस्से तक ही पहुंच पा रहे हैं। 




56 साल में किसी एक पार्टी की सबसे बड़ी जीत

1966 में हरियाणा के अलग होने के बाद पिछले 56 साल में यह पंजाब में किसी एक राजनीतिक पार्टी की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले, 1992 में पंजाब में आतंकवाद के दौरान कांग्रेस ने 87 सीटें जीती थीं| इसके बाद 1997 के चुनाव में अकाली दल और BJP ने मिलकर 93 सीटें जीती थीं। उस समय अकाली दल को 75 और BJP को 18 सीटों पर जीत मिली थी।



आजादी के बाद सिंगल पार्टी की तीसरी बड़ी जीत

1947 में देश के आजाद होने के बाद पंजाब में यह किसी अकेली पार्टी की अपने दम पर तीसरी सबसे बड़ी जीत है। 1952 में पंजाब में हुए पहले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 96 सीटें जीती थीं। तब पंजाब में कुल 126 विधानसभा सीटें थीं।



आजादी के बाद 3 चुनाव में कांग्रेस का दबदबा रहा
1957 में शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब विधानसभा चुनाव का बहिष्कार कर दिया था। इसके बाद चुनाव में कांग्रेस इकलौती बड़ी पार्टी बची थी और उसने प्रदेश की 154 विधानसभा सीटों में से 120 पर जीत दर्ज की थी। इसके 5 साल बाद 1962 के चुनाव में शिरोमणि अकाली दल शामिल तो हुआ, मगर तब भी कांग्रेस प्रदेश की 154 सीटों में से 90 सीटें जीतने में कामयाब रही।



वोट प्रतिशत से समझिए पंजाब का सूरते हाल

पंजाब में बंपर जीत हासिल करने वाली आप वोट प्रतिशत के मामले में भी सबसे आगे है। उसे कुल पड़े वोट में से 44% हिस्सा मिला। वहीं, कांग्रेस को 23% वोट मिले। इधर, अकाली दल ने 18.4% वोट तो हासिल किए, लेकिन पार्टी कुल 5 सीटें भी नहीं जीत पाई।



पंजाब के नए प्रधान होंगे भगवंत मान
ये तो हुए चुनाव से जुड़े आंकड़े, अब पंजाब के होने वाले मुख्यमंत्री को जान लीजिए। पेशे कॉमेडियन रहे भगवंत मान को आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल CM कैंडिडेट प्रोजेक्ट किया था। वे जट्ट सिख कम्युनिटी से आते हैं, जो पंजाब की राजधानी में बेहद असरदार मानी जाती है।


केजरीवाल का यह दांव काम कर गया और पार्टी ने सूबे की 78% सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज कर ली। भगवंत मान भी रिकॉर्ड 45 हजार वोट से जीते। उन्होंने धूरी सीट से कांग्रेस के दलबीर गोल्डी को शिकस्त दी।



आप की आंधी में उड़े कांग्रेस-अकाली

पंजाब में आम आदमी पार्टी का जादू ऐसा चला कि मौजूदा CM चरणजीत चन्नी दोनों सीटों पर आप कैंडिडेट से हार गए। वहीं, नवजोत सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी आप के हाथों हार का मुंह देखना पड़ा। 30 साल में पहली बार बादल परिवार का कोई सदस्य विधानसभा चुनाव नहीं जीता। प्रकाश सिंह बादल और उनके बेटे सुखबीर सिंह बादल आप कैंडिडेट्स से ही चुनाव हारे।



Punjab Chunav 2022 Result Live:


आधिकारिक चुनाव आयोग के रुझान के अनुसार AAP ने 91 सीटें जीतीं और 1 सीटों पर आगे चल रही है, कांग्रेस ने 18 सीटें जीतीं| शिरोमणि अकाली दल 3 जीतीं है, बीजेपी ने 2 सीटें जीतीं और BSP और निर्दलीय ने 1 सीट जीती है।




जालंधर में 67 उम्मीदवारों की जमानत जब्त

जालंधर की 9 विधानसभाओं में 94 उम्मीदवारों ने किस्मत आजमाई थी, जिसमें से 67 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है। सबसे खस्ता हालत तो भाजपा और अकाली दल के उम्मीदवारों की हुई है, जिसमें गठबंधन टूटने के बाद अकेले दम पर चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवारों को जमानत बचाना मुश्किल हो गया।


धूरी से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार भगवंत मान को संगरूर ज़िले में जीत का प्रमाण पत्र मिला। मान ने 58,206 मतों के अंतर से चुनाव जीता है।



-आधिकारिक चुनाव आयोग के रुझान के अनुसार AAP ने 79 सीटें जीतीं और 13 सीटों पर आगे चल रही है, कांग्रेस ने 13 सीटें जीतीं और 5 सीटों पर आगे चल रही है, शिरोमणि अकाली दल 3 सीटों पर आगे चल रही है, बीजेपी ने 2 सीटें जीतीं और BSP और निर्दलीय पार्टी ने 1-1 सीट जीती है।



-ये जनता की जीत है, जनता ने बदलाव को वोट दिया। मैं दिल से हल्का पुरबी के लोगों का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने हमें इस बार काम करने का मौका दिया। मैं अक्सर कहती थी कि दिग्गज अपने काम से बनते हैं और इन बड़े-बड़े दिग्गजों ने लोगों के छोट-छोटे काम भी नहीं किए: जीवनजोत कौर, AAP, अमृतसर



-पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भदौर (37,558 वोटों से) और चमकौर साहिब (7942 वोटों से) चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझानों के अनुसार हार गए हैं।




-पंजाब के लोगों की जो जरूरतें हैं उन्हीं पर काम होगा। जो केजरीवाल जी की गांरटी है उन पर काम किया जाएगा। पंजाब में सरकार बनी है और गोवा में पहली बार में ही AAP को एंट्री मिली है। अब धीरे धीरे सब होगा: पंजाब के विधानसभा चुनाव परिणाम पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया




-अमृतसर पूर्व से शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया 14,408 मतों के अंतर से हार गए। 


-धुरी से AAP के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान 58,206 मतों के अंतर से जीते।


-पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर पूर्व से 6,750 मतों के अंतर से हार गए हैं।  


-मैं मुख्यमंत्री पद की शपथ भगत सिंह के गांव खटकरकलां में लूंगा: संगरूर में AAP के CM उम्मीदवार भगवंत मान




-जिन राज्य में जिन पार्टी की जीत हुई है मैं उनका पार्टी की ओर से अभिनंदन करता हूं,कांग्रेस की बुरी तरह से हार हुई है, गोवा-उत्तराखंड में उनकी जीत की उम्मीद थी लेकिन वो हार गई। अखिलेश और उनकी गठबंधन पार्टी से भी उम्मीद थी लेकिन उनका प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा| जहां-जहां लोगों को विकल्प मिला है वहां लोगों ने विकल्प को चुना है जैसे पंजाब, दिल्ली से AAP पंजाब में गई और उनको वहां फायदा हुआ। कांग्रेस का चुनाव प्रबंधन पंजाब में ठीक नहीं रहा और बीजेपी की जो जीत है वो उनकी चुनाव प्रबंधन की भी जीत है: संजय राउत, शिवसेना



-पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के संस्थापक कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला से 19,873 वोटों के अंतर से हार गए।



-4 राज्यों में बीजेपी के पक्ष में नतीजे आए हैं, केवल पंजाब में AAP रुझान लेते हुए नज़र आ रही है और इसका कारण ये है कि AAP ने दिल्ली के गली-गली में शराब बेचा है जिसे पंजाब के लोगों ने सराहा है क्योंकि पंजाब में नशे का कारोबार बहुत ज़्यादा है: अनिल विज, हरियाणा मंत्री


-दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी उनके साथ मौजूद रहे।



-बड़े बादल हार गए, सुखबीर बादल जलालाबाद से हार गए। कैप्टन साहब पटियाला से हार गए। सिद्धू और मजीठिया दोनों हार रहे हैं। चन्नी साहब दोनों सीटों पर हार गए: पंजाब में AAP के CM उम्मीदवार भगवंत मान



-हमें मिलकर पंजाब चलाना है, पहले पंजाब बड़े-बड़े दरवाजे वालों घरों से चलता था परन्तु आज के बाद पंजाब गांवों से चलेगा, वार्डों से चलेगा, शहरों से चलेगा| विरोधी पार्टियों के नेताओं ने अरविंद केजरीवाल और मुझपर निजी टिप्पणी की गई, ग़लत शब्दों का इस्तेमाल किया। उनकी शब्दावली उन्हें मुबारक हो। उन्हें माफ कर दीजिए लेकिन आगे से सबको पंजाब के पौने तीन करोड़ पंजाबियों की इज़्ज़त करनी पड़ेगी: पंजाब में AAP के CM उम्मीदवार भगवंत मान



-कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर लिखा, "मैं पूरी विनम्रता के साथ लोगों के फैसले को स्वीकार करता हूं। पंजाबियों ने सांप्रदाय और जातिगत रेखाओं से ऊपर उठकर मतदान करके पंजाबियत की सच्ची भावना दिखाई है।"



-चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझानों के अनुसार पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भदौड़ विधानसभा में 22,843 वोटों से और चमकौर साहिब विधानसभा में 2671 वोटों से पीछे चल रहे हैं।



-पांच राज्यों के नतीजे अभी स्पष्ट नहीं हुए हैं लेकिन अभी तक कांग्रेस के  नतीजे अच्छे नहीं आ रहे हैं। जब नतीजे इस तरह से आ रहे हैं तो मैं यही कहूंगा कि कांग्रेस गलती करे तो उसे चुनौती दो और बीजेपी गलती करे तो उसे चुनौती दो| बीजेपी को जितना वोट मिल रहा है वो ठीक नहीं है क्योंकि उन्होंने चुनाव में जो वादे किए थे उसके विपरीत काम किए। एक भी वादा उन्होंने पूरा नहीं किया। बीजेपी फिर महंगाई और बेरोज़गारी बढ़ाएगी : राजस्थान के मंत्री प्रताप सिंह खचरियावास




-पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट कर लिखा, "जनता की आवाज ईश्वर की आवाज है...पंजाब की जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करें...आम आदमी पार्टी को बधाई!!!"



-जलालाबाद सीट से शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल 10,526 मतों के अंतर से पीछे चल रहे हैं।



-पटियाला सीट से आम आदमी पार्टी के अजीत पाल सिंह कोहली आगे चल रहे हैं; पंजाब लोक कांग्रेस के कैप्टन अमरिंदर सिंह पीछे हैं।


-इस इंक़लाब के लिए पंजाब के लोगों को बहुत-बहुत बधाई: दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल




-रूझानों में आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बहुमत का आंकड़ा पार किया है। AAP के चंडीगढ़ कार्यालय से जश्न का माहौल है।  AAP नेता राघव चड्ढा ने कहा, "हमने तो पंजाबियों को कहा था कि झाड़ू चला दो, पंजाबियों ने तो वैक्यूम क्लीनर ही चला दिया।"



-पंजाब के लोगों ने केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस को एक मौका दिया है।आज पूरे देश में ये स्पष्ट हो गया है कि लोग सोचते हैं कि अगर केजरीवाल होंगे तो ईमानदारी से व्यापार, रोज़गार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा मिल सकती है| बाबा साहब, भगत सिंह का सपना आज पूरा हुआ है। ये रास्ता अब धीरे-धीरे अब पूरे देश में जाएगा। पंजाब में आम आदमी पार्टी की नहीं आम आदमी की जीत हुई है: आम आदमी पार्टी नेता व दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया



-चुनाव आयोग के अनुसार पंजाब में आम आदमी पार्टी-89 और शिरोमणि अकाली दल-7, कांग्रेस-13 और 8 सीट पर अन्य आगे चल रहे हैं। 



-शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बहुमत का आंकड़ा पार किया; मुख्यमंत्री चन्नी, कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिद्धू पीछे चल रहे हैं। 



पंजाब: चुनाव आयोग के अनुसार अमृतसर पूर्व विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से नवजोत सिंह सिद्धू दूसरे स्थान पर हैं, शिरोमणी आकाली दल के बिक्रम सिंह मजीठिया तीसरे स्थान पर हैं।



-पंजाब लोक कांग्रेस नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला विधानसभा क्षेत्र से पीछे चल रहे हैं।



-चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी-64 और शिरोमणि अकाली दल-5, कांग्रेस-8 और 4 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। 



-चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी-54 और शिरोमणि अकाली दल-5, कांग्रेस-8 और अन्य-3 सीट पर आगे चल रहे हैं। 



-चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी-39 और शिरोमणि अकाली दल-5, कांग्रेस-5 और 2 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। 



चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी-27 और शिरोमणि अकाली दल-4, कांग्रेस-3 और 2 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। 



-चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में पंजाब में भाजपा-1, आम आदमी पार्टी-14 और शिरोमणि अकाली दल-2, बहुजन समाज पार्टी-1 और 1 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहा है। 



-चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में पंजाब में भाजपा-2, आम आदमी पार्टी-6 और शिरोमणि अकाली दल-2 और 1 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहा है। 




कोई एग्ज़िट पोल नहीं जो वास्तविक पोल है वो आएगा: CM चन्नी

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने चमकौर साहिब गुरुद्वारे में पूजा की। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, "कोई एग्ज़िट पोल नहीं जो वास्तविक पोल है वो आएगा। जो भी जीत का दावा कर रहे हैं उन्हें करने दीजिए।"



8:02 AM · Mar 10, 2022

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हुई।



पंजाब के 1,304 उम्‍मीदवारों की किस्‍मत का फैसला

पंजाब में कुछ ही देर में वोटिंग शुरू हो जाएगी| यहां कुल 117 सीटों पर मतगणना शुरू होना है| आज राज्य के कुल 1,304 उम्‍मीदवारों की किस्‍मत का फैसला होना है| रिजल्ट के साथ ही आज इस बात का फैसला भी हो जाएगा कि मुख्‍यमंत्री चरणजीत चन्‍नी को पंजाब की जनता दूसरी बार मौका देती है या नहीं|आठ बजे से सभी मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी|




पंजाब के लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया है: भगवंत मान

आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने संगरूर में गुरुद्वारा गुर्सागर मस्तुअना साहिब में माथा टेका। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि पंजाब के लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया है।"



भगवंत मान के घर को फूलों से सजाया गया

आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान के घर को फूलों से सजाया गया है और जलेबियां बनाई जा रही हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा आज होगी



चन्नी ने गुरुद्वारा श्री कतलगढ़ साहिब में माथा टेका

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने रोपड़ के गुरुद्वारा श्री कतलगढ़ साहिब में माथा टेका। पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा आज होगी




Punjab Election Result 2022: पंजाब में महीनों से जारी चुनावी घमासान में आज रिजल्ट की बारी है| राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मतगणना के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं| चुनावी कैंपेन के दौरा पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस को अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (आप) से कड़ी चुनौती मिली| कांग्रेस की पंजाब इकाई के नेता पार्टी की जीत के दावे कर रहे हैं, वहीं आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने भी दावा किया है कि उनके नेतृत्व में सरकार बनेगी|


पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए 20 फरवरी को मतदान हुआ था| पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी एस करुणा राजू के मुताबिक, 66 स्थानों पर बने 117 केन्द्रों पर मतगणना होगी| इस बार, 93 महिलाओं और दो ट्रांसजेंडर सहित कुल 1,304 उम्मीदवार मैदान में हैं| उन्होंने बताया कि राज्य में 71.95 प्रतिशत मतदान हुआ था|पिछले तीन विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार सबसे कम मतदान हुआ था| 2017 पंजाब विधानसभा चुनाव में 77.40 प्रतिशत, 2012 में 78.20 प्रतिशत और 2007 में 75.45 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2002 में केवल 65.14 प्रतिशत मतदान हुआ था|






आप हमसे यहां भी जुड़ सकते हैं
TVL News

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें : https://www.facebook.com/TVLNews
चैनल सब्सक्राइब करें : https://www.youtube.com/TheViralLines
हमें ट्विटर पर फॉलो करें: https://twitter.com/theViralLines
ईमेल : thevirallines@gmail.com

You may like

स्टे कनेक्टेड

विज्ञापन