लखनऊ: योगी आदित्यनाथ सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री दारा सिंह चौहान ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है| इस्तीफा देने के बाद दारा सिंह चौहान ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर समाजवादी पार्टी जॉइन कर ली है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने दारा सिंह चौहान का पार्टी में स्वागत किया।
सपा ने सोशल मीडिया पर दारा सिंह चौहान के साथ अखिलेश की तस्वीर साझा करते हुये बताया कि,'' सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दारा सिंह चौहान सपा में शामिल हुए।
समाजवादी पार्टी ने लिखा, माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी से मिलकर सपा में शामिल हुए यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री दारा सिंह चौहान। आपका हार्दिक स्वागत एवं धन्यवाद! यूपी का ये जनादेश, आ रहे हैं श्री अखिलेश !
अखिलेश ने ट्वीट किया, “‘सामाजिक न्याय’ के संघर्ष के अनवरत सेनानी श्री दारा सिंह चौहान जी का सपा में ससम्मान हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन! सपा व उसके सहयोगी दल एकजुट होकर समता-समानता के आंदोलन को चरम पर ले जाएँगे… भेदभाव मिटाएँगे! ये हमारा समेकित संकल्प है! सबको सम्मान ~ सबको स्थान!”
क्यों दिया इस्तीफा
दारा सिंह मऊ जिले की मधुबन विधानसभा सीट से विधायक हैं| दारा सिंह चौहान ने राज्यपाल को भेजे अपने इस्तीफे में दलितों और पिछड़ों की उपेक्षा का आरोप बीजेपी पर लगाया है| उन्होंने लिखा, “मैंने मंत्रि-मंडल में वन, पर्यावरण और जंतु उद्यान मंत्री के रूप में पूरे मनोयोग से काम किया. लेकिन सरकार पिछड़ों, वंचितों, दलितों, किसानों और बेरोजगार नौजवानों की घोर उपेक्षात्मक रवैये के साथ-साथ पिछड़ों और दलितों के आरक्षण के साथ जो खिलवाड़ हो रहा है, मैं उससे आहत होकर मंत्रिमंडल से इस्तीफा देता हूं|