नई दिल्ली: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने रविवार को दिल्ली के 3 त्यागराज मार्ग पहुंचकर बहुजन समाज पार्टी कीं राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती से मिलकर उनकी मां के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
प्रियंका गांधी ने लिखा,''बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री मायावती जी की माता श्रीमती रामरती जी को श्रद्धांजलि अर्पित की एवं अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की।
बता दें कि शनिवार को मायावती की मां रामरती का हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। वह 92 वर्ष की थीं और पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं।शनिवार को मायावती अपनी मां के निधन की खबर मिलते ही नई दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने रामरती के निधन की खबर ट्विटर पर साझा करते हुए गहरा दु:ख जताया। उन्होंने बताया है कि अंतिम संस्कार परिवार के अन्य सदस्यों के एकत्र होने के बाद रविवार को किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए 3, त्यागराज मार्ग नई दिल्ली में रखा गया है।