पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं| मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं| सीएम ऑफिस ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी| सीएम ऑफिस ने बताया है कि चिकित्सकों की सलाह पर उन्होंने खुद को होम आइसोलेशन कर लिया है|
सीएम ऑफिस ने बताया कि,'' माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार कोरोना जाँच में पॉज़िटिव पाये गए हैं। चिकित्सकों की सलाह पर वह होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने सभी से कोविड अनुकूल सावधानियां बरतने की अपील की है।
बता दें कि 05 जनवरी, 2022 को बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। 5 जनवरी ही दोनों डिप्टी सीएम के अलावा, 3 मंत्रियों सुनील कुमार, विजय चौधरी और अशोक चौधरी को भी कोविड हुआ था| कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच 5 जनवरी को सचिवालय के मंत्रिमंडल सभागार में कैबिनेट की बैठक से पहले दोनों डिप्टी CM समेत पांच मंत्रियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
बिहार की उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने बुधवार को ट्वीट में कहा था, "सर्दी बुखार के प्रारंभिक लक्षणों के बाद परीक्षण कराने पर मेरा रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आया है। विगत कुछ दिनों से मेरे संपर्क में आये सभी लोग अपना कोविड टेस्ट जरूर करा लें। कोविड के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सभी लोग सोशल डिस्टेंसिंग पालन के साथ मास्क का प्रयोग और टीकाकरण जरूर करायें।
डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा था, "मेरी कोविड जांच रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है| फ़िलहाल अपने पटना निवास पर क्वारंटीन में हूं| कृपया इस दौरान मेरे संपर्क में आए सभी लोग खुद को आइसोलेशन में रखकर अपनी सेहत से संबंधित सभी सतर्कता बरतें| आप सब भी अपना ध्यान रखें|