नासिक: महाराष्ट्र के नासिक में नासिक-शिरडी राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नासिक-सिन्नार रोड पर एक प्राइवेट लग्जरी बस की ट्रक से भीषण टक्कर हो गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 30-35 अन्य लोग घायल हो गए|
बस में सवार सभी यात्री साईं बाबा के दर्शन करने शिरडी जा रहे थे| मृतकों में 7 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं| घायलों को सिन्नार के ग्रामीण अस्पताल और यशवंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है|
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया| यह दुर्घटना नासिक की सिन्नार तहसील में पठारे शिवर के पास सुबह करीब सात बजे हुई| बस में करीब 50 यात्री सवार थे
बस में सवार यात्री ठाणे जिले के अंबरनाथ के रहने वाले थे| टक्कर इतनी तेज थी कि बस और ट्रक दोनों ही बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए| फिलहाल,हादसे के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है, जांच चल रही है| इस हादसे में मौतों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है|
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नासिक-शिर्डी हाईवे पर हुए बस हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है, मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को घटना की जांच के आदेश दिए हैं।