नई दिल्ली : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दशहरे की पूर्व संध्या पर गुरुवार को नारायण उर्फ भुलई भाई से दिल्ली में यूपी भवन में भेंट की| 107 वर्ष के नारायण उर्फ भुलई भाई जनसंघ-भाजपा के देश में सबसे पुराने कार्यकर्ता हैं| वे 1951 में विजयादशमी के दिन जनसंघ की स्थापना से ही जुड़े हुए हैं| 107 वर्षीय भुलई भाई जनसंघ के समय के भाजपा कार्यकर्ता हैं, वे विधायक भी रह चुके हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा,''भुलई भाई से मिलने मैं आया था। शायद देश में जनसंघ के समय के भाजपा के जितने भी कार्यकर्ता हैं, उनमें सबसे ज्यादा उम्र के भुलई भाई ही हैं। उनकी आयु 107 वर्ष है। 1977 में जब मैं विधायक था, तब वे भी विधायक थे। यूपी भवन में उनसे बहुत अच्छी मुलाकात रही|
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात के बाद भुलई भाई ने कहा,'जैसे कृष्ण जी सुदामा से मिले थे, वही भाव रहा। राजनाथ जी का प्यार, आशीर्वाद मिल गया। उनका मिलने का भाव बहुत उत्तम था। मैंने उन्हें अपने घर आमंत्रित किया, उन्होंने कहा ज़रूर आएंगे|