नई दिल्ली: केंद्र सरकार द्वारा पारित नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन जारी है।कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ किसान दिल्ली और हरियाणा के सिंघु बॉर्डर पर अभी भी डटे हुए हैं|सिंघु बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने गुस्से में बॉर्डर पर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों को दिल्ली पहुंचने से रोके जाने के प्रयास को लेकर शनिवार को मोदी सरकार पर हमला बोला और उन्होंने कहा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अहंकार' ने जवान को किसान के खिलाफ खड़ा कर दिया है|
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक सुरक्षाकर्मी द्वारा किसान पर लाठी भांजने संबंधी एक तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, बड़ी ही दुखद फ़ोटो है। हमारा नारा तो ‘जय जवान जय किसान’ का था लेकिन आज PM मोदी के अहंकार ने जवान को किसान के ख़िलाफ़ खड़ा कर दिया। यह बहुत ख़तरनाक है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी मोदी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि,'' दिल्ली आने वाले पूंजीपतियों के लिए लाल कालीन बिछाई जाती है, जबकि किसानों के आने पर रास्ते खोदे जा रहे हैं.
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, भाजपा सरकार में देश की व्यवस्था को देखिए जब भाजपा के खरबपति मित्र दिल्ली आते हैं तो उनके लिए लाल कालीन डाली जाती है। मगर किसानों के लिए दिल्ली आने के रास्ते खोदे जा रहे हैं। दिल्ली किसानों के खिलाफ कानून बनाए वह ठीक, मगर सरकार को अपनी बात सुनाने किसान दिल्ली आए तो वह गलत?