Ram Bahal Chaudhary,Basti
Share

Mulayam Singh Yadav Death: मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को सैफई लाया गया, कल होगा अंतिम संस्कार; देशभर के नेताओं नेताओं ने जताया शोक

  • by: news desk
  • 10 October, 2022
Mulayam Singh Yadav Death: मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को सैफई लाया गया, कल होगा अंतिम संस्कार; देशभर के नेताओं नेताओं ने जताया शोक

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। उन्होंने आज सुबह 8.16 पर अंतिम सांस ली। वह 82 साल के थे। मुलायम सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में वह वेंटिलेटर पर थे। पिछले रविवार,  2 अक्टूबर से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी।  समाजवादी पार्टी के संरक्षक नेताजी मुलायम सिंह यादव की मौत की खबर के बाद हर तरफ शोक की लहर है। मेदांता गुरुग्राम से उनके शव को लेकर वाहन निकला है जो डीएनडी से होते हुए यमुना एक्सप्रेस वे के जरिए सैफई तक जाएगा।



समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव के निधन की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे। 



उत्तर प्रदेश सरकार ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर बिहार सरकार ने 10 अक्टूबर को एक दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है।



समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू,  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह , कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, बहुजन सामाज पार्टी की मुखिया मायावती,  राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ,जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्रीऔर PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, सहित देशभर के तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए अपनी संवेदना जातायी है।



मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को सैफई लाया गया

इटावा(उत्तर प्रदेश): पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को उनके आवास सैफई लाया गया।



मुलायम जी बहुत ही जनप्रिय नेता थे: नड्डा

मुलायम सिंह यादव के निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा- मुलायम जी बहुत ही जनप्रिय नेता थे। सारी जिंदगी उन्होंने जनता की आवाज़ उठाई और उन्होंने सामाजिक दृष्टी से सामाजिक न्याय के लिए कार्य किया। मैं अपनी ओर से मुलायम सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें|



आज राजनीति के एक युग का अंत हो गया:  झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

 झारखंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताया। हेमंत सोरेन ने कहा- समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय मुलायम सिंह यादव जी के निधन की खबर से आहत हूँ। आज राजनीति के एक युग का अंत हो गया। सामाजिक न्याय और वंचितों के उत्थान के लिए हमेशा जीने वाले आदरणीय नेताजी सभी को सेवा और समर्पण की ज्योत देकर चले गए। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार तथा सपा कार्यकर्ताओं और प्रशंसकों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।



मुलायम सिंह यादव ने गरीबों से जुड़कर अपनी ज़िंदगी गुजारी: अधीर रंजन चौधरी

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताया। अधीर रंजन चौधरी ने कहा- मुलायम सिंह यादव एक ऐसे नेता थे जिन्होंने गरीबों से जुड़कर अपनी ज़िंदगी गुजारी। अभी तक के जो भी नेता रहें उनमें से मुलायम जी एक बड़ा नाम थे। दिलचस्प बात यह है कि इतनी उम्र के बावजूद वे सदन में आते और हर वक्तव्य को सुनते समझते थे।


मुलायम सिंह यादव सही मायनों में थे लोकतंत्र की आवाज - यशपाल आर्य

उत्तराखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता यशपाल आर्य ने मुलायम सिंह यादव को लोकतंत्र की आवाज बताया। यशपाल आर्य ने कहा- मुलायम सिंह यादव जी का उत्तर प्रदेश के विकास में बड़ा योगदान रहा। वह सही मायनों में लोकतंत्र की आवाज थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मेरी और कांग्रेस की तरफ से उनको श्रद्धांजलि। उनका जाना राजनीति में खाई है जिसका भरना मुश्किल है।



नेता जी का संघर्ष, विचार हमेशा हमारे बीच रहेगा...:  राजेंद्र चौधरी

मुलायम सिंह यादव पर सपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी ने कहा,''नेता जी भले हमारे बीच नहीं है लेकिन उनका संघर्ष, विचार हमेशा हमारे बीच रहेगा... समाजवादी पार्टी के लखनऊ के मुख्यालय में पार्टी के झंडे को झुकाया है और एक शोक सभा भी की है। हमने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी|



पिछड़े हुए लोगों के लिए वे एक मसीहा - मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- मुलायम सिंह यादव एक वरिष्ठ नेता थे जिनको हमने खोया है। वे हमेशा गरीबों के साथ थे, पिछड़े हुए लोगों के लिए वे एक मसीहा थे। वे अच्छे व्यक्तित्व वाले इंसान थे।



यह देश के लिए अपूरणीय क्षति है: नरेश उत्तम पटेल 

उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि,''हम लोग मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर पाकर काफी दुखी हैं और समाजवादी पार्टी उनके निधन पर शोक व्यक्त करती है। समाजवादी पार्टी उनकी आत्मा की शांति की कामना करती है। यह देश के लिए अपूरणीय क्षति है|



हम सबको उनके जाने का बहुत दुख: देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुलायम सिंह यादव देश के वरिष्ठ राजनीतिज्ञ थे। उत्तर प्रदेश के विकास और देश की राजनीति में उनकी भूमिक रही है। पुराने समाजवादियों में उनका बड़ा नाम था। हम सबको उनके जाने का बहुत दुख है। भगवान उनके परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे।



 देश के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए जब भी जरूरत पड़ी, उनका साथ हमेशा कांग्रेस को मिला: सोनिया गांधी

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, समाजवादी विचारों की एक मुखर आवाज आज मौन हो गई और देश के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए जब भी जरूरत पड़ी, उनका साथ हमेशा कांग्रेस को मिला है। उन्होंने कहा, "देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में मुलायम सिंह का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।"



नेता जी का अंतिम संस्कार सैफ़ई में किया जाएगा: ज़िलाधिकारी

UP के इटावा ज़िलाधिकारी अवनीश राय ने कहा,''हमें सूचना मिली है कि नेता जी का अंतिम संस्कार यहां किया जाएगा। प्राथमिक व्यवस्था कि लिए पुलिस और प्रशासन की टीम यहां मौजूद हैं। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक हमें अंतिम संस्कार का समय कल दोपहर का दिया गया है|



'मुलायम सिंह यादव ने लोगों के जीवन से जुड़कर राजनीति की और कड़े फैसले लेते हुए कभी पीछे नहीं हटे: बघेल

छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल ने कहा,''मुलायम सिंह यादव 'एक ऐसे नेता थे जिन्होंने लोगों के जीवन से जुड़कर राजनीति की और कड़े फैसले लेते हुए कभी पीछे नहीं हटे। यह भारतीय राजनीति के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनकी आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार को शक्ति मिले| बघेल ने कहा,''उत्तर प्रदेश के धरती पुत्र स्व. मुलायम सिंह यादव जी को छत्तीसगढ़ प्रदेश की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि.



मुलायम सिंह यादव जी एक जुझारू और संघर्षी नेता थे:  योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,'मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, उनके परिवार, समर्थकों के प्रति भी संवेदना व्यक्त करात हूं। मुलायम सिंह यादव जी एक जुझारू और संघर्षी नेता थे। समाजवादी पार्टी से जुड़े एक महत्वपूर्ण स्तंभ थे| प्रदेश की राजनीति के वे 5 दशक तक केंद्र बिंदू रहें। उन्होंने एक अहम भूमिका का निर्वहन देश और राज्य की राजनीति में किया। मैं दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता हूं|



देश की राजनीति में बड़ी क्षति हुई:  हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री

मुलायम सिंह यादव के निधन पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा,''भारतीय राजनीति में उनका बड़ा नाम था। उनका देश की राजनीति में अलग नाम रहा क्योंकि वह केंद्रीय मंत्री भी रहे थे। देश की राजनीति में बड़ी क्षति हुई है। भगवान उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति दे|



मुलायम सिंह यादव सपा की आवाज़ रहे:  लोकसभा अध्यक्ष

मुलायम सिंह यादव के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा,''वे सपा की आवाज़ रहे,उनकी 16-17वीं लोकसभा में मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला।उनकी बढ़ती उम्र व स्वास्थ्य ठीक न होने के बावजूद उनका लोकसभा में आना और अपने विचार व्यक्त करना उनका लोकतंत्र के प्रति विश्वास को दर्शाता था। मेरी संवेदना उनके परिवार के साथ है|



मुलायम सिंह यादव जी का निधन अपूरणीय क्षति: J&K LG 

जम्मू-कश्मीर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा,''मुलायम सिंह यादव जी का निधन अपूरणीय क्षति है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे। उनके समर्थकों से उम्मीद है कि वह मुलायम सिंह जी के द्वारा दिखाए जनसेवा के रास्ते पर चलेंगे|



मुलायम सिंह यादव का जनसेवा का इतिहास रहा:  सिंधिया

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा,'मुलायम सिंह यादव आज हमारे बीच में नहीं रहे। उनका जनसेवा का इतिहास रहा है और हमेशा जनता के बीच में रहे हैं। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिजनों का धैर्य बनाए रखे। यह देश के लिए एक क्षति है|



सिंधिया ने ट्वीट किया,''देश के पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा समाजवादी पार्टी के सरंक्षक, श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन से मन व्यथित है। उन्हें भगवान अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों, अनुयायियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को इस अपूरणीय क्षति से उबरने की शक्ति दें।



उनकी सादगी को हमेशा याद किया जाएगा:  मुलायम सिंह यादव के निधन पर गुलाम नबी आज़ाद

मुलायम सिंह यादव के निधन पर गुलाम नबी आज़ाद ने कहा,''यह दुख की बात है कि वे आज हमारे बीच में नहीं हैं। उनकी सादगी को हमेशा याद किया जाएगा। जब तक वे राजनीति में रहे वे हमेशा गरीबों, किसानों और मजदूरों के बीच में रहे। हमारी बहुत सारी यादे उनके साथ हैं|



मुलायम सिंह यादव के निधन पर मायावती ने जताया दुख 

बहुजन सामाज पार्टी की मुखिया मायावती ने  ट्वीट कर कहा कि, ''समाजवादी पार्टी के व्योवृद्ध नेता व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री  श्री मुलायम सिंह यादव जी के आज निधन हो जाने की ख़बर अति-दुःखद। उनके परिवार व सभी शुभचिन्तकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे।



देश की राजनीति में एवं वंचितों को अग्रिम पंक्ति में लाने में उनका अतुलनीय योगदान रहा:  लालू यादव

RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा,'मुलायम सिंह यादव हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने देश में समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाया था। हमारे और उनके संबंध पारिवारिक हैं। उपमुख्यमंत्री उनके अंतिम संस्कार में जाएंगे। भगवान उनके परिवार को शक्ति दे|



लालू प्रसाद यादव ने कहा,'समाजवादी वटवृक्ष सपा संरक्षक आदरणीय मुलायम सिंह जी के निधन की खबर से मर्माहत हूँ। देश की राजनीति में एवं वंचितों को अग्रिम पंक्ति में लाने में उनका अतुलनीय योगदान रहा। उनकी यादें जुड़ी रहेगी।ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।विनम्र श्रद्धांजलि।



मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर सैफई के लिए रवाना

हरियाणा: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से सैफई के लिए ले जाया जा रहा।



ज़मीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे: राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा,''मुलायम सिंह यादव जी ज़मीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे।  राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि ,  श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन एक बेहद दुःखद समाचार है। वो ज़मीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे।  मैं श्री अखिलेश यादव समेत सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।




नेता जी के जाने से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में क्षति हुई:  तेजस्वी

मुलायम सिंह के निधन पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि,''नेता जी की तबियत का ज़ायजा लेने कुछ दिन पहले लालू जी और मैं मेदांता अस्पताल गए थे। आज सुबह उनकी निधन की खबर मिली जिससे हम दुखी हैं। उनके जाने से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में क्षति हुई है। उनके जाने से हमें काफी दुख है|



तेजस्वी यादव ने कहा कि,''आदरणीय नेता जी सपा संरक्षक श्री मुलायम सिंह जी के निधन पर गहरा शोक और संवेदना व्यक्त करता हूँ। वो एक कुशल प्रशासक, प्रख्यात समाजवादी एवं लोकप्रिय राजनेता थे। उनके निधन से देश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।दिवंगत आत्मा की चिर शांति एवं परिजनों और प्रशंसकों को धैर्य, साहस और संबल प्रदान करने हेतु ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ। ओम् शांति




मुलायम सिंह यादव जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति:  कांग्रेस पार्टी

कांग्रेस पार्टी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट कर कहा कि  समाजवादी पार्टी के संरक्षक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार एवं समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।



उनका जाना देश की राजनीति के लिए अपूर्णीय क्षति:  उत्तर प्रदेश कांग्रेस

उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट किया कि,'' आजीवन समाजवाद का नारा बुलंद करने वाले देश के वरिष्ठ नेता श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन की सूचना बेहद दुःखद है। उनका जाना देश की राजनीति के लिए अपूर्णीय क्षति है। हम उनके आत्मा की शांति तथा परिजनों एवं समर्थकों के इस अपार शोक के लिये सहनशक्ति की कामना करते हैं।



हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को आगे बढ़ाया:  PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती

मुलायम सिंह यादव के निधन पर PDP प्रमुख महबूबा मुफ्त ने कहा,'वह बड़े नेता थे। वह धर्मनिरपेक्ष नेता थे जिन्होंने पिछड़ी जातियों के लिए काम कर उन्हें सशक्त किया। उन्होंने सांप्रदायिक ताकतों के ख़िलाफ़ डटकर मुकाबाला किया। उन्होंने जिस तरह से हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को आगे बढ़ाया हमें उनसे सीखना चाहिए|



पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अखिलेश यादव को लिखा पत्र

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को पत्र लिखा। उन्होंने लिखा, "वह उच्च सम्मान के नेता थे, जिनका हर कोई सम्मान करता था। भगवान आपको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।"



कल सैफई में होगा अंतिम संस्कार

सपा मुखिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव की मौत के बाद उनको भावभीनी श्रद्धांजलि देने के लिए काफी लोग मेदांता अस्पताल पहुंच रहे हैं। अभी तक के तय कार्यक्रम के मुताबिक नेताजी का पार्थिव शरीर सैफई ले जाया जाएगा।  कल दोपहर तीन बजे यहां पर अंतिम संस्कार होगा|



मुलायम सिंह यादव का जाना देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति:  प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,''मुलायम सिंह यादव का जाना देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। मुलायम जी के साथ मेरा नाता विशेष प्रकार का रहा है। जब हम CM के रूप में मिला करते थे तो हम दोनों एक दूसरे के प्रति एक अपनत्व का भाव प्रकट करते थे|



सैफई जाएंगे राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कल उत्तर प्रदेश के सैफई जाएंगे।



अमित शाह ने मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी:

 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। अमित शाह ने कहा,'' मुलायम सिंह यादव जी के निधन से उत्तर प्रदेश व राष्ट्रीय राजनीति में एक बड़ी रिक्तता आयी है। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके पुत्र अखिलेश यादव जी व परिजनों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की।



वह राजनीति दृष्टि से परिपक्व थे: मुलायम सिंह यादव के निधन पर राजस्थान के राज्यपाल 

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा,''मुलायम सिंह जी के निधन की खबर से दुखी हूं। वह संघर्ष के जरिए और सैद्धांतिक पक्ष को मजबूत रखते हुए आगे बढ़े थे। वह राजनीति दृष्टि से परिपक्व थे। हर दल के लोग उनसे संबंधित थे। हम दोनों का अच्छा संबंध था। भगवान उनके परिवार, समर्थकों को शक्ति दे|



मुलायम सिंह यादव ने UP की राजनीति की धारा बदल दी थी:  शिवराज 

मुलायम सिंह यादव के निधन पर मध्य प्रदेश CM शिवराज सिंह चौहान ने कहा,''वे वरिष्ठ नेता थे, उन्होंने UP की राजनीति की धारा बदल दी थी। समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने में उनका बेहद महत्वपूर्ण योगदान था... ज़मीन जुड़े रहकर उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता की सेवा की। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं:


शिवराज सिंह चौहान ने कहा,''मुलायम सिंह यादव जी जमीन से जुड़े हुए नेता थे। जब हमने अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्री के रूप में काम किया, तब मुलायम सिंह जी के साथ कई बार विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। उनके दुखद निधन पर शोकाकुल परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। ।। ॐ शांति ।।



मुलायम सिंह यादव जी हमारे बीच में नहीं रहे इससे हमें काफी दुख: खट्टर

 उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा,''वह हमारे बीच में नहीं रहे इससे हमें काफी दुख है। मैं अपनी और हरियाणा सरकार की तरफ से उनके लिए भगवान से शांति की प्रार्थना करता हूं|



मनोहर लाल खट्टर ने कहा,''समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन राजनीतिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शान्ति!!



पूरे देश के लिए क्षति: पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा,''समाजवादी पार्टी के संस्थापक और UP के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन के समाचार से मन दुःखी है। नेताजी ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में विभिन्न संवैधानिक पदों पर रहते हुए देश व समाज की सेवा की। ईश्वर पुण्यात्मा को शांति व शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें। ॐ शांति



केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा,''नेता जी सबके प्रिय थे, उन्होंने लंबा समय देश के लिए राजनीतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से अपना जीवन समर्पित किया। उत्तर प्रदेश और पूरे देश के लिए क्षति है। उनका आशीर्वाद हमेशा मुझे मिला।भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और पूरे परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे|



आज एक युग का अंत हुआ:  मनोज झा

मुलायम सिंह यादव के निधन पर RJD सांसद व नेता मनोज झा ने कहा,'आज एक युग का अंत हुआ है। एक ऐसा युग जिसने राजनीति को राजमहल से मुक्त कर सड़कों, गांवों तक ले गए। मैं समझता हूं कि इस क्षति की भरपाई कोई नहीं कर सकता... भगवान उनके परिवार, समर्थकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे|



मुलायम सिंह यादव  ज़मीन और लोगों से जुड़े नेता थे:  फ़ारुख़ अब्दुल्ला

सपा नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फ़ारुख़ अब्दुल्ला ने कहा,'वह बड़े नेता थे जिसे देश को जरूरत थी। वह ज़मीन और लोगों से जुड़े नेता थे। वह संसद में ऐसी बातें बोलते थे जो हुकूमत सुन सकती थी। उन्होंने गरीबों को उठाने और उनकी बदहाली दूर करने के लिए अपनी ज़िंदगी दी|



राजनीतिक दृष्टि से यह एक युग का अंत:  केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव जी के निधन पर उन्हें भावपूर्ण विनम्र श्रद्धांजलि दी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा,''मुलायम जी का निधन बेहद दुखद है। उनका इलाज चल रहा था सब इस आस में थे कि वे वापस इलाज करवाकर लौटेंगे लेकिन यह खबर आई। राजनीतिक दृष्टि से यह एक युग का अंत है|



केशव प्रसाद मौर्य ने कहा,''सपा पार्टी के संस्थापक व वरिष्ठ राजनेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उनका निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों तथा समर्थकों को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति दें।



यह देश की राजनीति में अपूरणीय क्षति है,इसकी भरपाई मुश्किल है:  केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा,यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी के दुखद निधन के समाचार से प्रदेश शोक में डूब गया है,यह देश की राजनीति में अपूरणीय क्षति है,इसकी भरपाई मुश्किल है,निधन पर गहरा शोक प्रकट करता हूँ,भगवान से प्रार्थना है कि परिजनों/समर्थकों को अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करें!



ओवैसी ने जताया दुख 

 AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया है|। ओवैसी ने ट्वीट किया,'उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन की ख़बर ने हम सबको ग़मगीन कर दिया है|  मुलायम जी के तमाम परिवार वालों और उनके चाहने वालों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।



नेता जी के निधन का समाचार भारतीय लोकतांत्रिक नींव के एक पत्थर के ढह जाने जैसा: बघेल

 उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की। भूपेश बघेल ने कहा,'' समाजवादी नेता और उत्तर प्रदेश के धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव ‘नेता जी’ के निधन का समाचार भारतीय लोकतांत्रिक नींव के एक पत्थर के ढह जाने जैसा है. यूपी के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने जनता की सेवा की. वे आजीवन सांप्रदायिकता के ख़िलाफ़ खड़े रहे। ॐ शांति:



प्रधानमंत्री ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा, "मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे।" जब हमने अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रूप में काम किया, तब मुलायम सिंह यादव जी के साथ मेरी कई बातचीत हुई। घनिष्ठता जारी रही और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक था। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति संवेदना... ओम शांति|



''भारतीय राजनीति में मुलायम सिंह यादव जी का अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा":  यंका गांधी

मुलायम सिंह यादव के निधन पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने दुख व्यक्त किया| प्रियंका गांधी ने कहा,''"मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में UP के पूर्व मुख्य मंत्री, भारत सरकार के रक्षामंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका योगदान याद रखा जाएगा।"


कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया,''श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के रक्षामंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। अखिलेश यादव व अन्य सभी प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं| ईश्वर श्री मुलायम सिंह यादव जी को श्रीचरणों में स्थान दें।



मुलायम सिंह यादव जी का निधन बेहद पीड़ादायक:  राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा,''श्री मुलायम सिंह यादव जी ज़मीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे जिन्होंने कई दशकों तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक पदों पर काम किया और देश, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनका निधन बेहद पीड़ादायक है।



राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा,'' राजनीति में विरोधी होने के बावजूद मुलायम सिंह जी के सबसे अच्छे संबंध थे। जब भी उनसे भेंट होती तो वे बड़े खुले मन से अनेक विषयों पर बात करते। अनेक अवसरों पर उनसे हुई बातचीत मेरी स्मृति में सदैव तरोताज़ा रहेगी। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएँ।



‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे: राष्ट्रपति

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, श्री मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं!



नेताजी सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएँगे: शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की| शाह ने कहा,''मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएँगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति



उत्तर प्रदेश में 3 दिन का राजकीय शोक 

उत्तर प्रदेश सरकार ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।


मुलायम सिंह यादव का निधन

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव का निधन हुआ। उनका इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश में उनके पैतृक गांव सैफई में होगा| मेदांता अस्पताल के मुताबिक,''मुलायम सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद आज सुबह 8:16 बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हुआ|



22 नवंबर, 1939 को जन्मे मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक थे, जिन्होंने तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में भी कार्य किया। वे 10 बार विधायक और 7 बार लोकसभा सांसद चुने गए थे।



उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दिग्गज राजनेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से देश में संघर्ष और समाजवाद के एक युग का अंत हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिन के राजकीय शोक की भी घोषणा की और कहा कि दिग्गज नेता का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।




आप हमसे यहां भी जुड़ सकते हैं
TVL News

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें : https://www.facebook.com/TVLNews
चैनल सब्सक्राइब करें : https://www.youtube.com/TheViralLines
हमें ट्विटर पर फॉलो करें: https://twitter.com/theViralLines
ईमेल : thevirallines@gmail.com

You may like

स्टे कनेक्टेड

विज्ञापन