नई दिल्ली: दिल्ली की केजरीवाल सरकार के स्वास्थ्य और गृह मंत्री मंत्री सत्येंद्र जैन के ठिकानों से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी में करीब 3 करोड़ रुपए कैश, सोने के सिक्के- बिस्किट और भारी मात्रा में चांदी भी बरामद हुआ है। ED ने बताया,'' प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और उनके सहयोगी के परिसरों में 6 जून को की गई छापेमारी के दौरान गुप्त किए जाने वाले अस्पष्ट स्रोतों से PMLA के तहत 2.82 करोड़ रुपए नकद और 1.80 किलोग्राम वजन वाले 133 सोने के सिक्के जब्त किए गए। आगे की जांच जारी है|
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 6 जून से कोलकाता की एक कंपनी से संबंधित हवाला लेनदेन के सिलसिले में दिल्ली के स्वास्थ्य और गृह मंत्री सत्येंद्र जैन के आवास सहित दिल्ली में 6 और गुरुग्राम में 7 स्थानों पर छापेमारी शुरू की थी।
प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी मंगलवार तड़के दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन के आवास से रवाना हुए। सत्येंद्र जैन को ED ने 30 मई को कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। वे 9 जून तक एजेंसी की हिरासत में है।
सत्येंद्र जैन के आवास पर छापेमारी पर AAP के विधायक सौरभ भारद्वाज ने 6 जून को कहा था कि,'पिछले 5 दिन से ED ने सत्येंद्र जैन को हिरासत में लिया हुआ है। 2 दिन पहले ED ने कोर्ट में हलफनामा देकर कहा कि सत्येंद्र जैन का नाम न किसी FIR में है और न ही वो आरोपी हैं मगर इसके बावजूद उनको गिरफ़्तार किया हुआ है|
भारद्वाज ने कहा था कि,''इससे पहले उनके घर पर CBI और इनकम टैक्स छापे मार चुका है और उसमें कुछ बरामद नहीं हुआ। केंद्र सरकार के पास इनके ख़िलाफ़ कोई सबूत नहीं है। आज 7 बजे से उनके घर पर छापे मारे गए। ये सिर्फ राजनीतिक द्वेष के कारण एक परिवार को परेशान करने की बात है|