नई दिल्ली/भोपाल: दिल्ली क्राइम ब्रांच टीम ने भोपाल से बालाघाट के लौंजी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक किशोर समरीते को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि, पूर्व विधायक किशोर समरीते को विस्फोटकों से संसद को उड़ाने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी विधानभा क्षेत्र के पूर्व विधायक व संयुक्त क्रांति पार्टी के अध्यक्ष किशोर समरीते को दिल्ली क्राइम ब्रांच पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें भोपाल की कोलार स्थित पैलेस आर्चेड कालोनी के उनके निवास से हिरासत में लिया गया।
भोपाल पुलिस उपायुक्त विजय खत्री के मुताबिक दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने उनसे समरीते को गिरफ्तार करने को लेकर मदद मांगी थी। गिरफ्तारी के बाद समरीते को जिला कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर टीम उन्हें दिल्ली ले गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार,'' किशोर समरीते ने क्षेत्र की समस्याएं हल नहीं होने को लेकर केंद्र सरकार को पत्र लिखा था। उस पत्र में दिल्ली स्थित नए संसद भवन सेंट्रल विस्टा को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। वर्ष 2008 में विधायक चुने गए समरीते वर्तमान में संयुक्त क्रांति पार्टी के अध्यक्ष हैं।