नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में भारी मात्रा में नकदी के साथ पकड़े गए झारखंड के 3 विधायकों को कांग्रेस ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है| कांग्रेस ने झारखंड के अपने तीन विधायकों, इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल को निष्कासित कर दिया| इन तीनों विधायकों को कल पश्चिम बंगाल में उनके वाहन में भारी मात्रा में नकदी मिलने के बाद हिरासत में लिया गया था|
कांग्रेस के महासचिव एवं झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा,'तीनों विधायक जिन्हें कल नकदी के साथ पकड़ा गया था, उन्हें पार्टी से तुरंत प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है| आने वाले दिनों में कोई भी जनप्रतिनिधि, पार्टी का जिम्मेदार पदाधिकारी या कोई भी कार्यकर्ता हो, हर किसी की जानकारी हमारे पास है। जो कोई भी इससे जुड़ा हुआ या लिप्त पाया जाता है, पार्टी उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी|
अविनाश पांडे ने कहा,'मोदी जी के पिछले 8 साल के कार्यकाल में देश ने कई मामलों में 'इतिहास' रचे हैं। बात बेरोजगारी की हो, महंगाई की हो, आर्थि?? बदहाली की हो या सीमा पर चीन के साथ चल रहे कार्यकलापों की हो.
पांडे ने कहा,'आज जिस तरह से लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रही है, वह इतिहास में काले अक्षरों से लिखा जाएगा। आज देश में लोकतांत्रिक माध्यम से चुनकर आई सरकारों को अस्थिर करने का खुला षड्यंत्र चल रहा है| जो अपने आप को देश के लिए प्रेरणा स्रोत बताते हैं, साफ-सुथरे कपड़े पहन कर अपने चरित्र का बखान करते हैं, एक स्वच्छ राजनीति का वक्तव्य देते हैं.. वे गैर-भाजपा शासित राज्यों में सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर, उन्हें अस्थिर करने से नहीं चूक रहे |
झारखंड में भाजपा का 'ऑपरेशन लोटस' हावड़ा में बेनकाब
इस घटना को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा था| जयराम रमेश ने कहा था,''झारखंड में भाजपा का 'ऑपरेशन लोटस' शनिवार की रात हावड़ा में बेनकाब हो गया। दिल्ली में 'हम दो' का गेम प्लान झारखंड में वही करने का है जो उन्होंने महाराष्ट्र में एकनाथ-देवेंद्र (E-D) की जोड़ी से करवाया।
बंगाल पुलिस ने 3 MLAs को भारी मात्रा में नकदी के साथ पकड़ा
बता दें, बंगाल के हावड़ा जिले के पंचला में शनिवार (30 जुलाई को) देर शाम विधायक के वाहन से भारी मात्रा में नकदी जब्त की गई थी। झारखंड के कांग्रेस के तीन विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल विधायक को पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी के साथ गिरफ्तार किया था।
शनिवार 30 जुलाई को विधायकों के कैश ले जाने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक स्वाति भंगलिया मौके पर पहुंच गई थीं| उन्होंने बताया, कि सूचना के आधार पर रानीहाटी मोड़ पर विशेष जांच अभियान चलाया गया था| इसी बीच झारखंड के जामताड़ा से आ रही एक कार को रोक लिया गया| कार के अंदर जामताड़ा के तीन कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप, नमन विक्सल और इरफान अंसारी मौजूद थे| गाड़ी के अंदर से भारी नकदी बरामद की गई| कार में मिला कैश कितना है, फिलहाल ये साफ नहीं हो सका है| मशीन से गिनती होने के बाद ही इस बारे में कुछ भी साफ हो सकेगा|