लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि राज्य विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी गठबंधन 300 से ज्यादा सीटों पर जीत के बाद जनादेश से सरकार बनाने जा रहा है। मतदाताओं ने छः चरणों के मतदान के बाद आज सातवें चरण में भी समाजवादी पार्टी और गठबंधन की झोली भरने में कोई कसर नहीं रखी। जनता का यह विश्वास समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के नेतृत्व के प्रति भरोसे का परिचायक है।
उत्तर प्रदेश में भाजपा के प्रति जनता में हर ओर विरोध की लहर है। भाजपा के झूठे वादों और विपक्ष के प्रति अपमानजनक रवैये से लोग त्रस्त हैं। महंगाई और बेरोजगारी से लोग परेशान है। किसान, नौजवान, व्यापारी सभी भाजपा राज में परेशान कर रहे हैं। भाजपा को अतः सभी ने करारा सबक सिखाने का मन बना लिया।
विधानसभा चुनावों के विभिन्न चरणों में जनरोष को देखते हुए भाजपा ने डूबती नैया देखकर धांधली करने और निष्पक्ष तथा स्वतंत्र चुनाव को कलंकित करने का प्रयास किया पर जब जनता स्वयं उसका विकल्प तलाशने लगी तो उसकी बाजी पलट गई। चुनाव आयोग को भी शिकायतें मिली कि कई जनपदों में बूथों पर ई.वी.एम. खराब रही। घंटों मतदाता परेशान रहे। कई जगह अवांछित तत्वों की मतदान केन्द्रों में आवाजाही देखी गई और कहीं-कहीं अधिकारी भी भाजपा कार्यकर्ता बने दिखाई दिए।
खेद का विषय है कि पहले चरण से ही ई.वी.एम. में खराबी से मतदाताओं को होने वाली परेशानी की तमाम शिकायतों के बावजूद अंतिम चरण में भी तमाम मतदान केन्द्रों पर शिकायतें बनी रही। बड़ी संख्या में मतदाता घंटों अपनी बारी के इंतजार के बाद वापस लौट गए। जनपद मऊ के मधुबन के बूथ संख्या 154 पर बटन दबाने पर न तो ई.वी.एम. में लाइट जलती है न वीप की आवाज आती है। इसके बावजूद मतदान कर्मी कहते हैं आपका वोट पड़ गया। आजमगढ़ में अतरौलिया के बूथ संख्या 214, 215 पर मतदान अधिकारी केवल बीएलओ की पर्ची से ही वोट डालने दे रहे हैं। गाजीपुर के विधानसभा जखनिया के बूथ संख्या 69 की ई.वी.एम. में वोट डालने के बाद वीप की आवाज नहीं आ रही है। मतदान कर्मी दुर्व्यवहार कर रहे हैं।
चंदौली जनपद के मुगलसराय के बूथ संख्या 137 पर ई.वी.एम. की साइकिल निशान वाले बटन पर फेवीकोल डाल दिया गया है। जनपद गाजीपुर के मोहम्मदबाद के बूथ संख्या 4, 5, 6 के बाहर भाजपा के दबंगों द्वारा पर्ची फाड़कर फेंक दे रहे हैं। वाराणसी के दक्षिणी विधानसभा के बूथ संख्या 216 पर ई.वी.एम. के वी.वी.पैट में चार-पांच वोट पड़ने के बाद पर्ची ब्लैंक हो जाती है और चुनाव निशान दिखाई नहीं पड़ता है।
वाराणसी में रोहनिया विधानसभा में बूथ संख्या 188 पर मतदान कर्मी स्वयं भाजपा के लिए वोट डलवा रहे है। वाराणसी उत्तरी विधानसभा के बूथ संख्या 420 पर भाजपा प्रत्याशी की फोटो छपी पर्ची देकर लोगों को अंदर भेज रहे हैं। चंदौली में भी भाजपा के पक्ष में वोट डालने का दबाव डाला जा रहा है। मुगलसराय विधानसभा के बूथ संख्या 134,135,136,137 पर ग्राम प्रधान बूथ पर भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। यही सैय्यदराजा विधानसभा की बूथ संख्या 168 पर तथा आजमगढ़ जनपद में गोपालपुर की विधानसभा के बूथ संख्या 340 पर भाजपा के ग्राम प्रधान वोट डलवा रहे है। आजमगढ़ के दीदारगंज विधानसभा के बूथ संख्या 53,54, पर एसओ मदन गुप्ता सपा समर्थकों पर लाठियां भांज कर भगा रहा है। यहां बुजुर्ग महिलाओं, अशक्त मतदाताओं के वोट पीठासीन अधिकारी स्वयं डाल रहे हैं। जौनपुर में भी यही कहानी दोहराई जा रही है।
जनपद जौनपुर की विधानसभा मल्हनी के बूथ संख्या 394 पर धनंजय सिंह के लोग सपा के वोटरों को वोट नहीं डालने दे रहे हैं। बदलापुर विधान सभा के बूथ संख्या 116 पर पीठासीन अधिकारी भाजपा कार्यकर्ता बनकर काम कर रहा है। मऊ की मुहम्मदाबाद गोहना के बूथ संख्या 391,392, पर भाजपा के दबंग लोग अनुसूचित जाति के लोगों को वोट नहीं डालने दे रहे हैं। जौनपुर के बूथ संख्या 224, 225, पर भाजपा प्रत्याशी गिरीश यादव फर्जी वोटिंग करा रहे हैं। राबर्ट्सगंज के बूथ संख्या 154 पर तैनात एसओ द्वारा सपा के बूथ एजेन्ट की पर्ची फाड़कर वहां से भगा दिया गया है। चुनाव आयोग को ये शिकायते भेज दी गई है पर कार्यवाही में विलम्ब हो रहा है। यह स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव में बाधक है।
ईवीएम व वीवीपैट मशीन का रिकॉर्ड सभी राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराने की मांग
वही आज, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली को पत्र लिख कर उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य चुनाव-2022 में जनपद फतेहपुर में समस्त 6 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सम्पन्न हो जाने के बाद शेष रिजर्व/अतिरिक्त ई. वी.एम. व वी.वी. पैट मशीन का रिकॉर्ड सभी राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराने की मांग की है।
उत्तर प्रदेश विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 में जनपद फतेहपुर में समस्त 6 विधानसभा क्षेत्र में मतदान सम्पन्न हो जाने के बाद शेष रिजर्व/अतिरिक्त ई.वी.एम. व वी0वी0 पैट मशीनें रख दी गई है। उनका रिकॉर्ड राजनैतिक दलों/सभी प्रत्याशियों को जिला निर्वाचन अधिकारी फतेहपुर द्वारा उपलब्ध नहीं कराया गया। शेष बची ई.वी.एम./ वी.वी. पैट मशीनें किसी स्ट्रांग रुम में राजनैतिक दलों/प्रत्याशियों के सामने सील भी नहीं की गई, जिससे दुरुपयोग की आशंका व्यक्त की जा रही है।
समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि जनपद फतेहपुर में समस्त 6 विधानसभा क्षेत्र में मतदान सम्पन्न हो जाने के बाद शेष रिजर्व/अतिरिक्त ई.वी.एम. व वी.वी. पैट मशीन का रिकॉर्ड सभी राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराया जाय, जिससे कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक चुनाव सम्पन्न हो सके।
बस्ती में स्ट्रांग रूम के आगे व पीछे सीसीटीवी कैमरा तत्काल प्रभाव से लगाया जाय
श्री पटेल ने एक अन्य पत्र में लिखा है कि उत्तर प्रदेश विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 में जनपद बस्ती में मतदान में प्रयुक्त की गई ई.वी.एम. मशीनें स्ट्रांग रूम में रखी गई है, स्ट्रांग रूम के आगे व पीछे सी.सी. टी.वी. कैमरा तत्काल लगानी चाहिए।
उत्तर प्रदेश विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 में जनपद बस्ती में स्ट्रांग रूम के पास प्रत्याशियों के नाम की पर्चियां फेंके जाने एवं जलाये जाने तथा फार्म-17 ग की प्रतियां फेंके जाने एवं जलाये जाने तथा ई.वी.एम. के सील टैग बड़ी संख्या में फेंके जाने व जलाये जाने की शिकायतें प्राप्त हुई है। स्ट्रांग रुम के आगे व पीछे बड़ी संख्या में झाड़ एवं जंगल है जहाँ से गड़बडी की आशंका है। समाजवादी पार्टी की मांग है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक चुनाव सम्पन्न कराने के लिए जनपद बस्ती के स्ट्रांग रूम के आगे व पीछे सी.सी. टी.वी. कैमरा तत्काल प्रभाव से लगाया जाय जिससे कि स्ट्रांग रुम की सुरक्षा और पुख्ता की जा सके।
निष्पक्ष जाँच करके दुरूपयोग किये गये पोस्टल मतों को अवैध घोषित कर मतगणना में शामिल नहीं किये जाने की मांग
श्री पटेल ने एक अन्य पत्र में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों से मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड तथा हस्ताक्षर युक्त फोटो जमा कराये जाने तथा उसके आधार पर उनके पोस्टल मतों का दुरूपयोग होने के विरूद्ध शिकायत की निष्पक्ष जाँच करके दुरूपयोग किये गये पोस्टल मतों को अवैध घोषित करके मतगणना में शामिल नहीं किये जाने की मांग की है।
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जनपद सीतापुर व मुजफ्फरनगर सहित प्रदेश को समस्त जनपद में कार्यरत पुलिस कर्मियों से मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड तथा हस्ताक्षर युक्त फोटो जमा कराये जाने तथा उसके आधार पर उनके पोस्टल मतों का दुरूपयोग किये जाने की आशंका व शिकायतें बड़ी संख्या में लगातार प्राप्त हो रही है। इसके बारे में दिनांक 26.02.2022 को तथा कई अन्य शिकायतें भेजी जा चुकी है। यह चिन्ताजनक एवं गम्भीर मामला ह,ै तथा स्वतन्त्र, निष्पक्ष एंव निर्भीक चुनाव सम्पन्न होने पर प्रश्न चिन्ह लगा रहा है।
समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जनपद सीतापुर व मुजफ्फरनगर सहित प्रदेश के समस्त जनपद में कार्यरत पुलिस कर्मियों से मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड तथा हस्ताक्षर युक्त फोटो जमा कराये जाने तथा उसके आधार पर उनके पोस्टल मतों का दुरुपयोग किये जाने व टेªनिंग स्थल से अलग हट कर किसी अन्य जगह पोस्टल मत का मतदान कराने की तत्काल जाँच कराई जाये।
श्री पटेल ने मांग की है कि जिन पुलिस कर्मियों को इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट जारी किया गया है सिर्फ उनको पोस्टल मत से मतदान की सुविधा दी जाय और उसकी विधान सभावार सूची समाजवादी पार्टी को उपलब्ध करायी जाये। मुख्य निर्वाचन आयोग सख्त निर्देश जारी करें कि निर्वाचन ड्यूटी सर्टिफिकेट प्राप्त करने वाले कर्मियों से ही पोस्टल मत का मतदान कराया जाये व उसी मतों को मतगणना में शामिल किया जाये।