लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की मुखिया और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और पार्टी महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। सतीश चंद्र मिश्रा ने इस बारे में जानकारी दी है। हालांकि, बसपा राज्य की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी ने किसी के साथ गठबंधन नहीं किया है।
बहुजन समाज पार्टी के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने बताया,''मैं राज्यसभा का सदस्य हूं, कई प्रदेशों में चुनाव हो रहे हैं और बहन मायावती जी को चुनाव लड़वाना है। हम लोग चुनाव नहीं लड़ रहे हैं| उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी 403 सीट पर लड़ेगें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी के पास 400 प्रत्याशी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी के पास उम्मीदवार नहीं होंगे, तो वह 400 सीटें कैसे जीतेंगे।
सतीश चन्द्र मिश्रा का दावा है कि प्रदेश में ना तो सपा सत्ता में आएगी और न ही भाजपा। उत्तर प्रदेश में तो बसपा ही सरकार बनाने जा रही है। जो पार्टी अकेले सभी सीट पर अपने प्रत्याशी उतार रही है, उसकी जीत तो तय है। उसके नेता तथा कार्यकर्ता बेहद सक्रिय होकर मैदान में डटेंगे।