शोपियां: जम्मू और कश्मीर के शोपियां के छोटेपोरा इलाके में एक सेब के बाग में आतंकियों ने लोगों पर गोलीबारी की जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हुई। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस के अनुसार मृतक और घायल दोनों ही अल्पसंख्यक समुदाय के हैं।
छोटेपोरा इलाके में एक सेब के बाग में आतंकवादियों ने एक स्थानीय कश्मीरी पंडित की हत्या कर दी और उसके भाई को भी घायल कर दिया| इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हत्यारों को पकड़ने के लिए गांव में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है, जबकि उसके भाई की पहचान पिंटू कुमार के रूप में हुई है। हमलावरों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
हत्या पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, जम्मू और कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सज्जाद लोन ने कहा, "शोपियां में कायर आतंकवादियों द्वारा एक और नृशंस हमला। हम हिंसा के इस जघन्य कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं। परिवार के प्रति मेरी संवेदना।"
जम्मू-कश्मीर BJP अध्यक्ष रविंदर रैना ने बताया,''कायर पाकिस्तानी आतंकवादियों ने अल्पसंख्यक हिंदुओं को निशाना बनाया और दो कश्मीरी हिंदू भाइयों- सुनील कुमार और पिंटू की हत्या की। पाकिस्तान कश्मीर में खूनखराबा चाहता है। पाकिस्तानी आतंकी कश्मीर के लोगों के दुश्मन हैं|
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कश्मीरी पंडित सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा, "पीएम मोदी द्वारा भाजपा के नियुक्त उपराज्यपाल और प्रशासन असफल हैं। कश्मीरी पंडित असुरक्षित हैं, अनुच्छेद 370 को यह कहकर हटा दिया गया था कि वे सुरक्षित रहेंगे। इसका जवाब प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और भाजपा को देना चाहिए। सभी कश्मीरी पंडित डर के साए में जी रहे हैं।"