प्रयागराज: प्रयागराज में बुधवार की दोपहर दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात धूमनगंज थानाक्षेत्र के मीरापट्टी मोहल्ले में हुई। पुलिस ने गोली मारने के आरोपी दीपक विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया है और मामले की छानबीन हो रही है। आला अधिकारी, पुलिस-डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम मौके पर मौजूद है।
प्रयागराज के SSP अजय कुमार ने बताया,''हमें सूचना मिली कि एक घर में गोली चलने से 2 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा। घायलों का नाम याशिद अली और सुल्तान अहमद है। आरोपी दीपक विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई जारी है|
प्रयागराज के एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस को मौके से चार देसी तमंचे बरामद किए गए हैं। इसके अलावा कुछ खोखे भी बरामद किए गए हैं। फोरेंसिक टीमें इसकी जांच कर रही हैं। इसके अलावा पुलिस को एक सादा स्टैंप पेपर और स्टांप पैड भी मिला है। पुलिस इसकी फोरेंसिक जांच करा रही है। इसपर पड़े फिंगर प्रिंट्स के नमूने लिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक ,''दीपक विश्वकर्मा पिछले 9 सालों से प्रापर्टी डीलिंग का काम करता हैं। वह धूमनगंज थानाक्षेत्र के मीरापट्टी मोहल्ले में रहता हैं| गिरफ्तारी के बाद दीपक विश्वकर्मा ने बताया कि उनका 900 वर्गगज का धूमनगंज में प्लाट है। इमरान, यासिद अली, सुल्तान अहमद और रसूल अहमद भी प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं। प्लॉट मौके का है और उसी को लेकर चारो घर आए थे।
दीपक ने पुलिस को बताया कि चारो सादा स्टैंप पेपर लेकर आए थे और धमका रहे थे कि इस स्टांप पेपर पर साइन कर दो नहीं तो जान से मार देंगे। जब दीपक विश्वकर्मा ने साइन करने से मना कर दिया तो चारों ने उसपर हमला कर दिया। तभी दीपक विश्वकर्मा ने सुल्तान से असलहा छीनकर फायरिंग कर दी। गोली यासिद और सुल्तान अहमद के सिर मेँ लगी। दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। बाकी इमरान और रसूल अहमद वहां से जान बचाकर भाग निकले। दोनों घायलों को पुलिस ने स्वरूप रानी नेहरू मंडलीय चिकित्सालय भेजा पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।