पटना: 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना के गांधी मैदान से बड़ी घोषणा की है| मुख्यमंत्री ने राज्य में 10 लाख और लोगों को नौकरी देने का ऐलान किया है| मुख्यमंत्री ने कहा है कि अब 20 लाख लोगों को रोजगार देंगे| इस घोषणा के साथ मुख्यमंत्री ने विपक्ष को करारा जवाब दिया है, जो कि पिछले सप्ताह उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर 10 लाख सरकारी नौकरी देने के वादे से मुकरने का आरोप लगा रहे थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 10 लाख सरकारी नौकरी के एलान पर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने खुशी जताई है। तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री के ऐलान को ऐतिहासिक बताया है| उन्होंने कहा,''इस ऐतिहासिक दिन के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने एक ऐतिहासिक घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि 10 लाख नौकरियां दी जाएगी और इसको आगे बढ़ाकर 20 लाख भी किया जाएगा। बिहार के हर एक युवा के दिल में जो ख्वाहिश थी, हम मिलकर उसे पूरा कर रहे हैं|
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा,'आज ऐतिहासिक दिन पर राज्य के मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हम 10 लाख नौकरियां देंगे जिसको बढ़ाकर 20 लाख किया जाएगा। हम इसके अलावा नए रोज़गार बनाने का भी काम करेंगे। हम लोग अपने वादे को पूरा कर रहे हैं। यह अच्छी बात है कि रोज़गार पर चर्चा हो रही है|
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा,सब चीज़ पर काम शुरू हो चुका है। आज सबने देखा कि गांधी मैदान से आज़ादी के दिन घोषणा नहीं हुई बल्कि मुहर लगी है। भाजपा के लोगों ने दो साल बर्बाद कर दिए वरना नौजवानों के हाथों में नौकरियां होती|
तेजस्वी यादव ने कहा,''गांधी मैदान से बेरोजगारों एवं युवाओं की अपेक्षाओं और सपनों के अनुरूप बिहार में 10 लाख नौकरियाँ एवं अन्य 10 लाख नौकरियों की व्यवस्था करने की ऐतिहासिक घोषणा पर आदरणीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी का कोटि-कोटि धन्यवाद। हम और आप ले चलेंगे बिहार को विकास और प्रगति के पथ है शपथ!