नई दिल्ली: Shiv Sena's 'Bow & Arrow' symbol claim: ठाकरे और शिंदे गुट के बीच जारी खींचतान के बीच चुनाव आयोग ने शिवसेना के चुनाव चिन्ह को फ्रीज कर दिया है| भारत निर्वाचन आयोग ने शनिवार को एक अंतरिम आदेश पारित किया जिसमें निर्देश दिया गया कि उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे दोनों गुट अंधेरी पूर्व उपचुनाव में "शिवसेना" या चुनाव चिन्ह "धनुष-बाण" का उपयोग तब तक नहीं करेंगे जब तक कि इस मामले का अंतिम रूप से फैसला नहीं हो जाता। निर्वाचन आयोग ने कहा गया है कि अंधेरी पूर्व उपचुनाव में दोनों गुटों ( (ठाकरे और शिंदे गुट) में से किसी को भी "शिवसेना" का नाम और चुनाव चिन्ह "धनुष-बाण" का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
चुनाव आयोग ने कहा कि दोनों धड़ों को भी अलग-अलग चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे क्योंकि वे मौजूदा उपचुनावों के लिए पैनल द्वारा अधिसूचित चुनाव चिन्हों की सूची में से चुन सकते हैं। आदेश में कहा गया है, "तदनुसार, दोनों गुटों को 10 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे तक प्रस्तुत करने का निर्देश दिया जाता है।"
पार्टी के दोनों गुटों द्वारा नाम और चुनाव चिह्न पर दावा किए जाने की पृष्ठभूमि में एक अंतरिम आदेश जारी करके निर्वाचन आयोग ने दोनों से कहा है कि वे सोमवार तक अपनी-अपनी पार्टी के लिए तीन-तीन नये नाम और चुनाव चिन्ह सुझाएं ।आयोग दोनों गुटों द्वारा सुझाए गए नामों और चुनाव चिह्नों में से उन्हें किसी एक का उपयोग करने की अनुमति देगा।
चुनाव चिह्न (आरक्षण और आवंटन) आदेश, 1968 के तहत शिंदे द्वारा अपने गुट को आधिकारिक शिवसेना के रूप में आधिकारिक मान्यता के लिए दायर एक याचिका पर विचार करते हुए यह आदेश पारित किया गया है। 27 सितंबर को, सुप्रीम कोर्ट की एक संविधान पीठ ने ठाकरे गुट द्वारा शिंदे द्वारा शुरू किए गए चुनाव पैनल के समक्ष कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया था।
चुनाव आयोग ने शुक्रवार को ठाकरे गुट को राज्य में आगामी विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर पार्टी के ''धनुष - तीर'' चुनाव चिन्ह पर प्रतिद्वंद्वी शिंदे गुट के दावे पर शनिवार तक जवाब देने को कहा था। आयोग का यह निर्देश शिंदे गुट द्वारा एक ज्ञापन सौंपे जाने के बाद आया है, जिसमें अंधेरी पूर्व विधानसभा उपचुनाव नजदीक आने पर उसे चुनाव चिह्न आवंटित करने की मांग की गई है।