Ram Bahal Chaudhary,Basti
Share

“बीजेपी के लोगों को जो दिखाई देगा सब बिक जायेगा”: अखिलेश का वार, बोले- संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए 2022 में भाजपा का सफाया जरूरी

  • by: news desk
  • 26 November, 2021
 “बीजेपी के लोगों को जो दिखाई देगा सब बिक जायेगा”: अखिलेश का वार, बोले- संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए 2022 में भाजपा का सफाया जरूरी

लखनऊ: लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कहा कि बाबा साहेब डॉ0 भीम राव अम्बेडकर ने ऐसा संविधान बनाया है जो हम सबको बराबरी का हक और सम्मान देता है। संविधान से सामाजिक न्याय मिलता है। हमारा संविधान लोकतंत्र की आत्मा है। लेकिन आज संविधान और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ हो रहा है। भाजपा सरकार लोगों से संविधान में दिये गये हक और सम्मान को छीन रही है। संविधान और कानून को कुचला जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि,''भाजपा का दरवाजा यहीं से खुला था, इस बार उत्तर प्रदेश की जनता ने तय किया है कि यहीं से दरवाजा बंद होगा और सत्ता से बाहर होंगे। 2022 का चुनाव कोई मामूली चुनाव नहीं है| अंबेडकरवादी और समाजवादी मिलकर 2022 में भाजपा का सफाया कर देंगे।




अखिलेश यादव भारतीय संविधान दिवस एवं संविधान बचाओ विराट महा पंचायत के अवसर पर मान्यवर कांशीराम स्मृति उपवन लखनऊ में संविधान बचाओ रैली को सम्बोधित कर रहे थे। 



उन्होंने कहा,'' संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए 2022 में भाजपा का सफाया किया जाना चाहिए। जो कानून संसद से बनाये और खत्म किये जाते थे वे राष्ट्र के नाम एक संदेश से हो रहे हैं। एक बार राष्ट्र के नाम संदेश आया और भारत सरकार का दिया गया रुपया बंद हो गया। रुपया का पता ही नहीं चला कि कहां चला गया। एक बार और राष्ट्र के नाम संदेश आया तो तीन काले कृषि कानून वापस हो गये। जो कानून पार्लियामेंट से वापस होने थे वे टी.वी. पर एक संदेश से वापस हो गये। इसलिए मंच पर जो सभी लोग कह रहे हैं कि संविधान को खतरा है उसे समझिए। 




अखिलेश यादव ने कहा कि जो सरकार जनता को दुःख देती है। जनता समय आने पर उसका हिसाब-किताब करती है। भाजपा सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय और अत्याचार बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश की जनता इस बार भाजपा का दरवाजा बंद कर देगी। उन्होंने कहा कि जब किसान नहीं चाहते थे तब यह सरकार काला कानून क्यों लेकर आईं? किसानों को सर्दी, गर्मी, बरसात झेलना पड़ा। उन्हें रोकने के लिए कीले लगा दी गई। किसानों ने कुर्बानी दी। आंदोलन में 600 से ज्यादा किसान शहीद हो गये। तब जाकर काले कृषि कानून वापस हुए। किसानों के अपमान की जिम्मेदार भाजपा सरकार है। लखीमपुर खीरी में गृह राज्यमंत्री के बेटे ने किसानों को गाड़ी से कुचल कर हत्या कर दी। सिर्फ किसानों को ही नहीं कुचला देश के संविधान और कानून को कुचल दिया गया। 



यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार आने पर हम शहीद किसान परिवारों की 25-25 लाख रूपये से मदद करेंगे। इसी तरह उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव में भाजपा ने संविधान को कुचलते हुए जो जीते थे उन्हें हरा दिया। लोकतंत्र का चीरहरण हुआ। माताएं और बहनों के कपड़े तक छीन लिये गये। नौजवानों पर लाठियां बरसाई गई। 



यादव ने कहा कि भाजपा सरकार सब कुछ बेच रही है। बीजेपी के लोगों को जो दिखाई देगा सब बिक जायेगा। एयरपोर्ट बेच दिया। हवाई जहाज बेच दिया। ये आपके पैसे से बनाये गये एयरपोर्ट भी बेच देंगे। समाजवादी सरकार आने पर किसानों को सम्मान दिया जायेगा। नौजवानों को रोजगार दिया जाएगा। 




इससे पूर्व बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के पौत्र पूर्व सांसद प्रकाश अम्बेडकर ने कहा कि दिल्ली का रास्ता यूपी से होकर गुजरता है। यहां के लोगों की बड़ी जिम्मेदारी है। पूरी समझदारी से फैसला करें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव के पास समय है और उनसे उम्मीदे हैं। वक्त उनके साथ है। उन्होंने उन्हें देश का भावी नेतृत्व घोषित किया।



संविधान बचाओ रैली को पूर्व सांसद सावित्री बाई फुले, माननीय कांशीराम जी की बहन स्वर्ण कौर, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  नरेश उत्तम पटेल, पूर्व मंत्री लालजी वर्मा, अपना दल (क) की पल्लवी पटेल, सुबचन राम, अच्छे लाल कनौजिया, मिठाई लाल भारती, बी.डी. नकवी समेत अन्य वक्ताओं ने सम्बोधित किया।





आप हमसे यहां भी जुड़ सकते हैं
TVL News

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें : https://www.facebook.com/TVLNews
चैनल सब्सक्राइब करें : https://www.youtube.com/TheViralLines
हमें ट्विटर पर फॉलो करें: https://twitter.com/theViralLines
ईमेल : thevirallines@gmail.com

स्टे कनेक्टेड

विज्ञापन