कुशीनगर : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाला हादसा हुआ| कुशीनगर में बुधवार देर रात शादी समारोह के दौरान दुर्घटनावश कुएं में गिरने से 13 महिलाओं की मौत हो गई| यहा दिल दहलाने वाला हादसा कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया गांव में हुआ है यहां हल्दी रस्म के दौरान कुएं का स्लैब टूट गया। इसमें पूजा कर रहीं महिलाएं कुएं में गिर गईं। हादसे में 13 की मौत हो गई। मृतकों में 9 बच्चियां और चार महिलाएं हैं। हादसे के बाद शादी समारोह की खुशियों में मातम पसर गया। हर तरफ चीख-पुकार मची गई। अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, मृतकों में महिलाएं और बच्चियां शामिल हैं। कई लोग घायल भी हुए हैं।
घटना के करीब एक घंटे बाद पहुंचे प्रशासन ने देर रात तक रेस्क्यू किया। । कई महिलाएं घायल हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में कुल 13 लोगों की मौत हुई है। इनमें पूजा (19), शशि कला (15), शकुंतला (35), ममता देवी (35), मीरा (25), पूजा (20), परी (एक), ज्योति (15), राधिका (16), सुंदरी (15), आरती (10), पप्पी (20) और मनु (18) शामिल हैं| जिलाधिकारी ने बताया कि इस हादसे में करीब 10 अन्य लोग जख्मी भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए की सहायता दी जाएगी|
जानकारी के मुताबिक, नौरंगिया स्कूल टोला के रहने वाले परमेश्वर कुशवाहा के बेटे की हल्दी रस्म का कार्यक्रम था। रात 09.30 बजे के आसपास 50-60 महिलाएं और लड़कियां गांव के बीच में बने पुराने कुएं के पास शादी की रस्म के लिए पहुंची थीं। कुएं पर स्लैब बना था। इस दौरान एक कुएं पर महिलाए और बच्चियां कुएं पर खड़ी हो गईं, अचानक कुएं का स्लैब टूट गया और 25 से अधिक महिलाएं, युवतियां व बच्चे भरभराकर कुएं में गिर गए। घटना के बाद गांव में मातम छा गया। शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस आई और आसपास के लोगों के साथ मिलकर सबको कुएं से निकाला। गांव से जिला अस्पताल तक हाहाकार मचा रहा।
एंबुलेंस भी एक घंटे बाद पहुंची
हादसे के बाद एंबुलेंस भी सूचना के करीब एक घंटे बाद पहुंची। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने बताया कि एक तो एंबुलेंस नहीं आई। फिर जब अस्पताल गए तो वहां डॉक्टर ही मौजूद नहीं थे। काफी देर बाद डॉक्टर आए। ऐसे में ट्रीटमेंट न मिलने के कारण भी कई लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि जिन डॉक्टरों ने लापरवाही की है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कुशीनगरके DM एस. राजलिंगम ने कहा,''नौरंगिया टोला गांव में एक पुराना कुआं था जो स्लैप से ढका था। पूजा-पाठ के दौरान बच्चे और महिलाएं उसके ऊपर बैठे हुए थे, इस दौरान स्लैप नीचे चला गया और मलबा उनके ऊपर गिर गया|। हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है| प्रत्येक मृतक के परिजन को 4 लाख रुपए आर्थिक सहायता दी जाएगी|
ADG गोरखपुर ज़ोन अखिल कुमार ने कहा,''इस घटना में 13 लोगों की मृत्यु हुई है और मृतक में सभी महिलाएं हैं। अन्य सहायक कार्रवाई की जा रही है। STRF की टीम बुलाई गई है जो फिर से सर्च करेंगे|
PM, CM और राहुल गांधी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ,कांग्रेस नेता राहुल गांधी , बसपा प्रमुख मायावती, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी ने कुशीनगर हादसे पर दुख जताया है। मोदी ने ट्वीट किया, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, जनपद कुशीनगर के ग्राम नौरंगिया स्कूल टोला की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई ग्रामवासियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।
,कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा,''कुशीनगर दुर्घटना बेहद दुखद है। मृतकों के परिवारजनों को मेरी ओर से शोक संवेदनाएँ। घायलों के शीघ्र और पूरी तरह से स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया,नौरंगिया, कुशीनगर में हुई दुर्घटना की खबर सुनकर मन को भारी दुख पहुंचा।मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं।ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि दुर्घटना में घायल लोगों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले।
बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट किया, ''यूपी के कुशीनगर जिले में शादी समारोह के दौरान कल रात कुंए में गिर जाने से 13 महिलाओं की हुई मौत की खबर अति-दुःखद। पीड़ित परिवार वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुछ अन्य दुर्घटनाओं में भी कई लोगों की मौत हुई है। सरकार यथासंभव पीड़ित परिवारों की मदद जरूर करे।
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया,''कुशीनगर में कुएँ में गिरने से 13 महिलाओं की मौत! बेहद दुःखद व हृदयविदारक घटना! शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना!मृतकों के परिजनों की आर्थिक सहायता व घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करे सरकार।
महराजगंज जिले में जानी थी बारात
बता दें, गांव निवासी परमेश्वर कुशवाहा के बेटे अमित की बारात आज महराजगंज जिले में जानी थी। अमित ने शादी तय होने के बाद डीजे, बैंड बाजा और 14 बोलेरो की बुकिंग कर ली थी। बीते 14 फरवरी को अमित की ससुराल वाले तिलक चढ़ाने आए थे। सभी खुशी-खुशी तिलक चढ़ाकर वापस चले गए थे। तिलक के दूसरे दिन से ही बारात जाने की तैयारी शुरू हो गई थी। परमेश्वर के घर की महिलाएं सभी रस्म अदायगी करने में लगी थीं। शादी का घर होने के कारण प्रतिदिन रात में घर में नाचा-गाना का कार्यक्रम होता था। बुधवार रात को भी महिलाएं रस्म अदायगी कर रही थीं|
बुधवार की देर रात हल्दी की रस्म अदा की जा रही थी। घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित कुएं के सामने मटकोड़ (विवाह के पहले की रस्म) का कार्यक्रम चल रहा था। जिस कुएं के पास कार्यक्रम चल रहा था, उसे आरसीसी स्लैब डालकर बंद किया गया था। रस्म अदायगी के दौरान बड़ी संख्या में महिला, युवती व बच्चियां कुएं पर बने स्लैब पर जाकर खड़े हो गए। अचानक स्लैब टूट गया और उस पर खड़े सभी लोग कुएं में समा गए। कुआं काफी गहरा है। पानी भी भरा था। इस घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने राहत-बचाव शुरू किया, लेकिन अंधेरा होने की वजह से कोई खास सफलता नहीं मिल सकी। इस बीच किसी व्यक्ति ने घटना की सूचना पुलिस को दी। दल-बल के साथ आए पुलिस कर्मियों ने राहत-बचाव कार्य तेज किया। जिन लोगों को कुएं से बाहर निकाला गया, उन सबको जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने परीक्षण किया और 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। सबके शव जिला अस्तपाल की मोर्चरी के पास रखा गया है। यह देखकर हर कोई रोने लगा। एक साथ 13 शव देखकर सबकी रूह कांप गई।
इस, हादसे में पूजा (19) पुत्री बलवंत यादव, पूजा (20) पुत्री राम बहाली चौरसिया, शशिकला (15) पुत्री मदन चौरसिया, शकुंतला देवी (35)पत्नी भोला चौरसिया, ममता देवी (35) पत्नी रमेश चौरसिया, मीरा (25) पुत्री सुभग विश्वकर्मा, परी (14) पुत्री राजेश चौरसिया, ज्योति (15) पुत्री रामबली चौरसिया, राधिका (16) पुत्री महेश कुशवाहा, सुंदरी (8) पुत्री प्रमोद कुशवाहा, आरती (15) पुत्री इंद्रजीत चौरसिया, 20 साल की पप्पी और 18 साल की मनु की मौत हुई है|