कानपुर: गुड्स एंड सर्विस टैक्स (DGGI) की अहमदाबाद टीम ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बड़े कारोबारी और गुटखा किंग तथा उसके सप्लायरों के ठिकानों पर छापेमारी की| छापेमारी के दौरान कारोबारी से जुड़े एक सप्लायर के घर से करीब 150 करोड़ रुपये बरामद हुए हैं| यह छापा इत्र बनाने वाले कारोबारी के ठिकानों पर हुई है| ठिकानों पर अभी भी GST विभाग की छापेमारी जारी है। नोटों की गिनती के लिए स्टेट बैंक के अधिकारियों को बुलाया गया अब भी नोटो की गिनती जारी है|
केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड(CBIC) के अध्यक्ष विवेक जौहरी के मुताबिक छापेमारी में लगभग 150 करोड़ रुपये की नकदी ज़ब्त की गई है। अभी भी नोटों की गिनती की जा रही है।
कर चोरी की आशंका में जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय (डीजीजीआई) की टीम ने गुरुवार सुबह इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर, फैक्ट्री, ऑफिस, कोल्ड स्टोरेज और पेट्रोल पंप पर छापा मारा। यह कार्रवाई कानपुर, कन्नौज, गुजरात, मुंबई स्थित प्रतिष्ठानों पर एक साथ की गई। अधिकारियों ने मौके से दस्तावेज और नकदी जब्त की है। इत्र कारोबारी पीयूष जैन मूलरूप से कन्नौज के छिपत्ती के रहने वाले हैं। वर्तमान में जूही थानाक्षेत्र के आनंदपुरी में रहते हैं।
कन्नौज में पीयूष जैन की इत्र की फैक्ट्री, कोल्डस्टोरेज और पेट्रोल पंप है। इत्र कंपनी का हेड ऑफिस मुंबई में है और वहां एक घर भी है। गुरुवार सुबह मुंबई की एक टीम कानपुर के अधिकारियों के साथ आनंदपुरी स्थित घर पहुंची। अधिकारियों के मुताबिक, पीयूष जैन की करीब 40 कंपनियां हैं। इनमें कई शैल कंपनियां भी शामिल हैं। इन कंपनियों के जरिए टैक्स चोरी की गई है।
छापेमारी की तस्वीरों में अलमारी में कार्टन में भरकर नोट रखे गए थे। 500 रुपए के नोटों की गडि्डयों के बंडल बनाकर पूरा कैश रखा गया था। इन बंडलों को ऐसे पैक कर रखा गया था कि इन्हें आराम से कहीं भी कोरियर किया जा सके| विभाग ने लगभग 150 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की है| टीम अपने साथ नोट गिनने वाली चार मशीनें लाई थी। रकम इतनी ज्यादा थी कि देर रात तक 4 मशीनों से 40 करोड़ रुपए गिन पाए। बाकी नोटों की गिनती आज होगी। नोट गिनने के लिए SBI के अधिकारियों को भी बुलाया गया है। उनकी मदद से कैश की गिनती की जा रही है।
अभी तक कोई गिरफ़्तारी नहीं हुई, कानपुर और उन्नाव में सर्च जारी
कानपुर में हुए छापे पर केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड(CBIC) के अध्यक्ष विवेक जौहरी ने बताया,''फर्ज़ी बिल और क्रेडिट का मामला है। हमने पाया कि 2-3 पार्टी बिना बिल के माल निकाल रही थी। फर्ज़ी बिलों के माध्यम से सामान को उसकी असल किमत से कम बताया गया है। मामले में कार्रवाई जारी है| जौहरी ने बताया,''हमें जानकारी मिली है कि पान मसाला और जी कंपनी त्रिमूर्ति फ्रेग्रेंस बिना इनवाइस और बिना टैक्स चुकाए मटेरियल का परिवहन कर रही है। हमने लगभग 150 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की है, अभी गिनती जारी है|
विवेक जौहरी ने कहा कि ,'उन्होंने मान लिया है कि उन्होंने बिना टैक्स चुकाए और बिना इनवाइस काटे माल निकाला था और लगभग 3 करोड़ टैक्स चुका दिया है। लगभग 150 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की गई है, गिनती जारी है। अभी तक कोई गिरफ़्तारी नहीं हुई है। कानपुर और उन्नाव में सर्च चल रहा है|
शिखर पान मसाला के यहां छापे से मिला कनेक्शन
बुधवार को शिखर पान मसाला के यहां GST और इनकम टैक्स की छापेमारी हुई थी। सूत्रों ने बताया कि इसी दौरान IT टीम को पीयूष जैन और सुपारी कारोबारी केके अग्रवाल के द्वारा टैक्स चोरी की टिप मिली थी। इसके बाद गुरुवार को पीयूष जैन और केके अग्रवाल के यहां IT टीम ने छापेमारी की। अग्रवाल के घर से क्या बरामद हुआ इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
ट्रकों में फेक इनवाइस भी पकड़ी गई
GST विभाग के मुताबिक, शिखर पान मसाला फैक्ट्री में की गई छापेमारी के दौरान ये पाया गया कि ई वे बिल न बनाना पड़े, इसके लिए फर्जी फर्म के नाम से 50 हजार रुपए से कम के फर्जी इनवाइस बनाए जाते थे। ट्रांसपोर्टर के यहां खड़े 4 ट्रकों में 200 फर्जी इनवाइस भी बरामद हुई हैं। फैक्ट्री में स्टॉक चेक करने पर कच्चे माल और तैयार माल में काफी अंतर पाया गया।
तीनों का लिंक आ रहा सामने
GST विभाग के सूत्रों के मुताबिक, तीनों कारोबारी एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। शिखर पान मसाला में हुई छापेमारी के बाद से ही दोनों कारोबारी अलर्ट हो गए थे। हालांकि, दोनों कारोबारी पर एक साथ छापेमारी कर कैश को ठिकाने लगाने से पहले बरामद कर लिया।

कन्नौज में भी फैला है पीयूष जैन का बड़ा कारोबार
पीयूष जैन मूलरूप से कन्नौज के छिपत्ती के रहने वाले हैं। उनका वहां घर, कोल्ड स्टोर, पेट्रोल पंप और इत्र की फैक्ट्री भी है। इत्र की फैक्ट्री का हेड ऑफिस मुंबई में है। ऐसे में आयकर विभाग की मुंबई टीम ने एक साथ कानपुर, मुंबई और कन्नौज के सभी ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। पीयूष जैन की 2 कंपनियां मिडिल ईस्ट में भी हैं।
पीयूष जैन की करीब 40 कंपनियां हैं
अधिकारियों ने बताया कि कन्नौज स्थित फैक्ट्री से इत्र मुंबई जाता है। यहां से इत्र पूरे देश और विदेश में बेचा जाता है। पीयूष जैन की करीब 40 कंपनियां हैं, जिसमें दो सऊदी अरब, दो देश के पूर्वी राज्यों में हैं।
चोरी करने वाला देश के संसाधनों को लूटत
कानपुर में GST विभाग के छापे पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि ,ईमानदार से बैर नहीं, चोर की खैर नहीं। चोरी करने वाला देश के संसाधनों को लूटता है। अगर कुछ लोग आज भी कर चोरी करते हैं तो वह देश और गरीबों का हक छीनते हैं। अगर उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई हो रही है तो वह सही है|