शोपियां : दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के हरमन इलाके में आतंकवादियों द्वारा किए गए ग्रेनेड हमले में दो गैर-स्थानीय मजदूरों की मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर के शोपियां में आतंकवादियों द्वारा एक कश्मीरी पंडित की गोली मारकर हत्या करने के 3 दिन बाद, उत्तर प्रदेश के कन्नौज के रहने वाले दो मजदूरों की जिले के हरमन इलाके में एक आतंकी हमले में मौत हो गई। जम्मू और कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मंगलवार को आतंकवादियों ने शोपियां जिले के हरमन इलाके में ग्रेनेड फेंका जिसमें यूपी के कन्नौज निवासी दो मजदूर ,मनीष कुमार और राम सागर, घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
कश्मीर जोन पुलिस ने कहा, ''शोपियां के हरमेन में सुरक्षाबलों द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, जहां आतंकवादियों ने ग्रेनेड फेंका, जिसमें 2 गैर-स्थानीय मजदूर मनीष कुमार और राम सागर मारे गए।....... इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
अभी तक 2 लोग गिरफ़्तार
जम्मू-कश्मीर IGP विजय कुमार ने कहा,'ग्रेनेड हमले से उत्तर प्रदेश के 2 मज़दूर मारे गए हैं। जिसने ग्रेनेड फेंका था उसने स्वीकार किया है और उसे गिरफ़्तार कर लिया है। इसमें हमने अभी तक 2 लोगों को गिरफ़्तार किया है। हम उसकी बताई जगहों पर छापे मार रहे हैं और जल्द मुख्य आरोपियों को पकड़ लेंगे|
जम्मू में विरोध प्रदर्शन
शोपियां में आतंकवादियों द्वारा 2 गैर-स्थानीय मजदूरों की हत्या करने के खिलाफ लोगों ने जम्मू में विरोध प्रदर्शन किया।
बहुत दु:खद : कविंदर गुप्ता
जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता ने कहा,''गैर-स्थानीय मजदूर मोनीष कुमार और राम सागर की हत्या बहुत दु:खद है। मुझे लगता है कि ये कश्मीर में बैठे नेताओं द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर किया जाता है। उन्हें इस तरह के बयान देना और पाकिस्तान की वकालत करना बंद कर देना चाहिए|
गुप्ता ने कहा,'सुरक्षाबलों ने आज कड़ी मेहनत से एक बार फिर कश्मीर में शांति बहाल की। लेकिन ऐसी घटनाओं से प्रयास बाधित होंगे। इन मुद्दों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए ताकि कोई भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम न दे। सर्च ऑपरेशन कर ऐसे लोगों को ढूंढ़ना चाहिए|
2 महीने से वहां रह रहे थे...: मज़दूर की पत्नी
कन्नौज (UP: शोपियां में आतंकी हमले में कन्नौज के दो मजदूरों की मृत्यु हुई। मारे गए एक मज़दूर की पत्नी ने बताया, "मेरे पति वहां 2 महीने से रह रहे थे। मेरी उनसे आखिरी बार बात रात 11 बजे हुई थी।"
पीड़ित परिवारों को 5-5 लाख रुपए की साहयता राशि दी जाएगी
कन्नौज SDM उमाकांत तिवारी ने कहा,''अभी वहां पोस्टमॉर्टम चल रहा है। उनका शव लखनऊ हवाई अड्डे आएगा जिसके बाद परिवारों को सौंप दिया जाएगा। वहां मौजूद अन्य मजदूरों से बात हुई है जिन्हें आर्मी लेकर गई है। किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत पीड़ित परिवारों को 5-5 लाख रुपए की साहयता राशि दी जाएगी|
शोपियां में आतंकियों ने कश्मीरी पंडित की गोली मारकर की हत्या
सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है: ब्रजेश पाठक
शोपियां में ग्रेनेड हमले में मारे गए उत्तर प्रदेश के 2 गैर-स्थानीय मजदूरों पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा,''यह बहुत दुखद है। हमारी सरकार लगातार आतंकवादियों की सफाई के लिए काम कर रही है। हर स्थिति में हम उनको मुहतोड़ जवाब देंगे। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है|
...घटना निंदनीय है: प्रियंका गांधी
कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा,'' कश्मीर में आतंकियों द्वारा उप्र के मजदूरों व एक और कश्मीरी पंडित भाई की हत्या की घटना निंदनीय है। आतंकी लगातार हत्या की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लेकिन, सरकार के पास एक्शन के नाम पर केवल खोखले बयान हैं। आम जनता व प्रवासी मजदूरों की रक्षा को लेकर ठोस कदम कब उठाए जाएँगे?