नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दी धमकी से संबंधित मामले में पंजाब पुलिस ने भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को गिरफ़्तार किया है। तजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की एक अदालत ने भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा का लोकेशन पता लगाने के लिए एसएचओ जनकपुरी को सर्च वारंट जारी किया। एसएचओ ने कोर्ट को बताया कि बग्गा का लोकेशन हरियाणा के कुरुक्षेत्र के थानेसर में ट्रेस की गई।
तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस ने आज दिल्ली से गिरफ़्तार किया था। फिलहाल, तजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस के कब्जे से दिल्ली पुलिस ने अपने पास ले लिया है। दिल्ली पुलिस बग्गा को लेकर कुरुक्षेत्र से दिल्ली राजधानी के लिए रवाना हो गई है।
इसके पहले बग्गा को दिल्ली से मोहाली लेकर जा रही पंजाब पुलिस को हरियाणा पुलिस ने कुरक्षेत्र में रोक लिया था। पंजाब पुलिस का कहना है कि उनकी टीम को अवैध तरीके से रोका गया है। इसके बाद पंजाब पुलिस के साथ-साथ तजिंदर पाल सिंह बग्गा को कुरुक्षेत्र के थानेसर सदर थाना ले जाया गया। इसके साथ ही पंजाब पुलिस के खिलाफ दिल्ली में अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है।
बता दें कि, तजिंदर पाल सिंह बग्गा पर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों को इस्तेमाल करने, समाज को धर्म और जाति के आधार पर बांटने की कोशिश करने का आरोप है। बग्गा के खिलाफ पंजाब पुलिस ने धारा 153-A (धर्म जाति स्थान आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने) धारा 505 (बयान, अफवाह या रिपोर्ठ प्रकाशित या प्रसारित करना) और धारा 506 (आपराधिक धमकी) जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।