नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को तलब किया है। इस मामले को 2015 में जांच एजेंसी ने बंद कर दिया था| आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है|
ED ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से 8 जून को पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा है। इस मामले में ED ने कांग्रेस के 2 बड़े नेता पवन बंसल व मल्लिकार्जुन खड़गे को बीते 12 अप्रैल को जांच में शामिल किया था।
कांग्रेस ने नोटिस जारी होने पर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने कहा,''जब कांग्रेस अंग्रेज हुकूमत के अत्याचारों से नहीं डरी, तो ED का नोटिस सोनिया गांधी जी, राहुल गांधी जी और कांग्रेस पार्टी की हिम्मत को क्या ख़ाक तोड़ पाएगा। हम लड़ेंगे...हम जीतेंगे...हम झुकेंगे नहीं...हम डरेंगे नहीं।
बता दे, 2014 में सुब्रमण्यम स्वामी ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। इसमें स्वामी ने गांधी परिवार पर 55 करोड़ की गड़बड़ी का आरोप लगाया था।