नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के दिल्ली स्थित आवास पर आज सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की है।आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी की जा रही है| दिल्ली एक्साइज पॉलिसी में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच ईडी के साथ सीबीआई भी कर रही है| आज सुबह संजय सिंह के आवास पर ईडी के अधिकारियों सहित कुल 20 लोगों की टीम पहुंची है। आबकारी नीति मामले में दो आरोपी गवाह बन गए हैं, जिसके बाद यह छापेमारी हो रही है।
उधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने AAP कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली एक्साइज पॉलिसी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी आप सांसद संजय सिंह के आवास पर छापेमारी कर रही है।
AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर उनके पिता ने कहा, "विभाग अपना काम कर रहा है, हम उनका सहयोग करेंगे...मैं उस समय का इंतजार करूंगा जब उन्हें मंजूरी मिलेगी..."
यह सिर्फ PM मोदी का डर है: AAP
AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर AAP की राष्ट्रीय प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा,"यह सिर्फ PM मोदी का डर है क्योंकि संजय सिंह लगातार उनके और अडानी के मुद्दे पर सवाल उठाते रहे हैं... मैं PM मोदी से कहना चाहती हूं कि हम सब अरविंद केजरीवाल के मजबूत सिपाही हैं हम डरने वाले नहीं हैं, चाहे वे ED-CBI या किसी को भी भेजें" -
संजय सिंह के यहां भी कुछ नहीं मिलेगा: केजरीवाल
AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पिछले एक साल से देख रहे हैं कि तथाकथित शराब घोटाले का शोर किया हुआ है लेकिन इनको एक भी पैसा नहीं मिला। करीब 1,000 से अधिक छापे मारे गए और कहीं से भी कोई रिकवरी नहीं हुई। कभी बोलते हैं कि क्लासरूम घोटाला हुआ, बसों की खरीद में घोटाला हुआ इन्होंने हर चीज़ में जांच करा ली। संजय सिंह के यहां भी कुछ नहीं मिलेगा। अगले साल चुनाव आ रहे हैं और इनको (भाजपा) लग रहा है कि यह हारने वाले हैं तो यह हारते हुए आदमी की हताश कोशिशें नज़र आ रही हैं।"
ये राजनीति से प्रेरित है:राघव चड्ढा
AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर AAP नेता राघव चड्ढा ने कहा, "पिछले करीब 15 महीनों से भाजपा एक तथाकथित शराब घोटाले की आड़ में हम पर आरोप लगा रही है। पिछले 15 महीनों में 1 हजार जगहों पर ईडी द्वारा छापेमारी कराई गई है। कई अफसर इसमें लगे हुए हैं। 15 महीने बीतने के बाद, लोगों को गिरफ्तार करने के बाद जांच में आज तक किसी एजेंसी को फूटी कौड़ी तक नहीं मिली। अगर कोई घोटाला होता तो न जाने कितनी संपत्ति बरामद होती। ये दिखाता है कि ये राजनीति से प्रेरित है।"
Sanjay Singh के घर ED की Raid को लेकर AAP नेता Atishi ने कहा - BJP को AAP से लगता है डर
AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा, "पिछले 15 महीने से इस तथाकथित शराब घोटाले में CBI-ED जांच कर रही है... लेकिन अभी तक 1 रुपए का भ्रष्टाचार केंद्र सरकार और उनकी सारी एजेंसियां न साबित कर पाई हैं और न ही कोई सबूत दे पाई हैं। यह दिखाता है कि भाजपा को AAP से डर लगता है और PM मोदी को पता है कि वे लोकसभा चुनाव हार रहे हैं..."
.... हार की बौखलाहट है: AAP
AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा, "पिछले 15 महिनों से ED, CBI की जांच, छापेमारी चल रही है। मेरे ख्याल से पूरे देश भर में 1,000 से अधिक छापेमारी हो चुकी है। कई लोगों को गिरफ्तार किया गया लेकिन आज तक एक चवन्नी नहीं मिली। यह इस बात का संकेत दे रहा है कि भाजपा और प्रधानमंत्री अगला चुनाव हार रहे हैं। सारी रिपोर्ट इसका संकेत दे रही हैं। हार की बौखलाहट है जिसमें आज संजय सिंह के यहां छापेमारी हो रही है। कल जिस तरह से पत्रकारों पर हुआ वह भी इसका संकेत दे रहा है कि किसी तरह से जो भी सत्ता के खिलाफ आवाज है उसको डरा-धमका कर छापे मारकर चुप करा दिया जाए। मुझे लगता है कि यह राजनीति लोकतंत्र के खिलाफ है। भाजपा को जनता पर भरोसा होना चाहिए। एजेंसियों का दुरुपयोग कर, लोगों की आवाज बंदकर आप चुनाव जीतेंगे ऐसा इतिहास कभी नहीं बताता।"
ये घपला....:केंद्रीय मंत्री वी. के. सिंह
AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी को लेकर केंद्रीय मंत्री वी. के. सिंह ने कहा, "सरकार को पहले जो राजस्व मिलता था उसे अगर कम करके फायदा प्राइवेट ऑपरेटर को दिया गया तो क्या ये घपला नहीं है? जब तक शराब नीति बदली नहीं गई थी तब तक सरकार का राजस्व ज्यादा था। आखिर ये फायदा किसे गया? इसलिए सभी चीजें खोजी जा रही हैं और छापेमारी की जा रही है। मेरा मत है कि यदि चीजें गलत हैं तो उसपर सफाई नहीं देनी चाहिए। ये मामला ED का है उसपर कुछ और करने की जरूरत नहीं है।"
भ्रष्टाचार में लिप्त हैकेजरीवाल की सरकार और आम आदमी पार्टी: भाजपा
सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता और दिल्ली भाजपा सचिव बांसुरी स्वराज ने कहा, " दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार और आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त है... शराब घोटाले में उन्होंने (AAP) अपने चुनिंदा शराब कारोबारियों की जेबें भरी हैं... उन्होंने तय कर लिया था कि दिल्ली को शराब का शहर बनना है... संजय सिंह और अन्य बड़े नेता इसमें लिप्त हैं इसलिए छापेमारी हो रही है... YSR नेता राघव मंगूटा और कारोबारी का दिनेश अरोड़ा का अनुमोदक बने है और वे जानते हैं कि इस घोटाले में क्या-क्या हुआ है। इस वजह से नए तथ्य सामने आए हैं जिसकी वजह से यह छापेमारी हुए हैं... अजीब बात है कि यह वही पार्टी है जो भ्रष्टाचार विरोधी नारे पर चुनी गई थी और आज यह INDIA गुट का अभिन्न अंग है।"
केजरीवाल और उनके कट्टर ईमानदार नेताओं के चेहरे बेकनाब होंगे: भाजपा
AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "दिल्ली के शराब घोटाले में AAP सांसद संजय सिंह के यहां आज जांच एजेंसी ने छापेमारी की है। इस मामले में दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल और उनके कट्टर ईमानदार नेताओं के चेहरे बेकनाब होंगे। इन्होंने दिल्ली की जनता को लूटा है... चार्जशीट में पहले से संजय सिंह का नाम था..."
यह 10 सर वाला भ्रष्टाचारी रावण कौन है: गौरव भाटिया
भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा, "मैं चुनौती देता हूं कि अरविंद केजरीवाल आप तुरंत प्रेस वर्ता करें और आरोपी दिनेश आरोड़ा के दावों का खंडन करें जिसमें वह कह रहा है कि आपको 32 लाख रुपए दिए हैं... ऐसा क्यों हैं कि जिस मनीष सिसोदिया को आप कट्टर ईमानदार कहते हैं उन्हें 7.5 महीने से ज़मानत नहीं मिली और जेल में हैं... यह 10 सर वाला भ्रष्टाचारी रावण कौन है? इसलिए हम हमेशा कहते हैं कि 'जैसे जैसे जुड़ रही है कड़ी, अरविंद केजरीवाल के पास आ रही है हथकड़ी'।"
भाटिया बताएं कि क्या भाजपा ने देश की रक्षा का सौदा किया था?: सौरभ भारद्वाज
गौरव भाटिया के इस बयान पर अरविंद केजरीवाल सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, "गौरव भाटिया उस पार्टी में आज हैं जिसके राष्ट्रीय अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण देश की रक्षा का सौदा करते हुए कैमरे पर पकड़े गए। तब वे (गौरव भाटिया) समाजवादी पार्टी में थे। वे (गौरव भाटिया) प्रेस वार्ता कर बताएं कि क्या भाजपा ने देश की रक्षा का सौदा किया था?:
काल्पनिक घोटाला है: सौरभ भारद्वाज
AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, "यह ऐसा काल्पनिक घोटाला है जिसमें पिछले 15 महीने से छान-बीन चल रही है... कम से कम 1 हज़ार जगहों पर ED और CBI छापेमारी कर चुकी है लेकिन कहीं से भी 1 रुपया बरामद नहीं हुआ... भाजपा चुनाव हार रही है, यह सच्चाई है..."
यह तानाशाही की हद है:राउत
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, "संजय सिंह सांसद हैं और निर्भय पत्रकार रहे हैं... उनके घर में छापेमारी हो रही है... हमारे ऊपर छापेमारी होती है, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, झारखंड में होती है लेकिन गुजरात, मध्य प्रदेश, असम और अन्य जहां उनकी (भाजपा) सरकार है उधर छापेमारी क्यों नहीं होती? अगर जानकारी चाहिए तो हम जानकारी देंगे कि किधर घपले हो रहे हैं। संजय सिंह के घर जिस तरह से छापेमारी चल रही है उससे मुझे लगता है कि यह तानाशाही की हद है।"
ED, CBI और IT ही BJP के राजनीतिक हथियार हैं:JDU
AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर JDU नेता नीरज कुमार ने कहा, "भाजपा पूरे देश में अपने राजनीतिक विरोधियों पर अपनी नीति और उपलब्धियों के बल पर मुकाबला नहीं कर रही है। यह स्पष्ट हो चुका है कि ED, CBI और IT ही इनके राजनीतिक हथियार हैं... इनका परेशान करना स्वाभाविक है, लेकिन परेशान करने की भी एक सीमा होती है। 2024 में जनता इन्हें परेशान करेगी।"
अब यही सब लोकतंत्र में बचेगा?, इतना अहंकार अच्छी बात नहीं है...: शिवसेना
AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) नेता आनंद दुबे ने कहा, "कल पत्रकारों के यहां छापेमारी हुई, शाम को TMC के नेताओं को घसीटा गया और आज संजय सिंह के आवास पर छापेमारी चल रही है। देश में विपक्ष की अब कोई आवश्यकता नहीं बची है... अब यही सब लोकतंत्र में बचेगा? इसलिए हम सरकार चुनते हैं?... इतना अहंकार अच्छी बात नहीं है..."
अब ये सिलसिला चुनाव तक चलेगा:मनोज झा
AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर राजद सांसद मनोज झा ने कहा, "...अब ये सिलसिला चुनाव तक चलेगा। PM मोदी और अमित शाह की टीम ने ये बता दिया है कि 2024 के चुनाव की आधिकारिक घोषणा हो चुकी है। कल न्यूजक्लिक के ठिकानों व तमाम पत्रकारों पर और आज संजय सिंह के आवास पर छापेमारी हो रही है... हांडी भर चुकी है, फूटने वाली है..."
BJP सरकार तानाशाही रवैया अपनाकर....:प्रमोद तिवारी
संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा, "यह(BJP) सरकार तानाशाही रवैया अपनाकर जोर-जबरदस्ती, दमन, भय और आतंक का माहौल पत्रकारों के खिलाफ और उन नेताओं के खिलाफ कायम करना चाहती है जो विरोधी दल के है, विशेषकर जो INDIA गठबंधन से जुड़े हैं। जिस तरह संजय सिंह के यहां छापेमारी हो रही है वह निंदनीय है..."
जब-जब चुनाव आएंगे तब-तब ईडी की छापेमारी होगी: प्रताप सिंह खाचरियावास
AAP सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर राजस्थान मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा, "सब जगह ED की छापेमारी चल रही है। जब-जब चुनाव आएंगे तब-तब ईडी की छापेमारी होगी। यह एक राजनीतिक लड़ाई है जिसके लिए सबको तैयार रहना चाहिए।"