नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं| कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे ने 7897 वोटों से जीत हासिल की और शशि थरूर को 1072 वोट मिले हैं। देश की सबसे पुरानी पार्टी अखिल भारतीय कांग्रेस को 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर का नया अध्यक्ष मिल गया है। निवर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने पर मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई दी। उनकी पत्नी राधाबाई खड़गे से भी मुलाकात की।
कांग्रेस के निर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,''कांग्रेस ने लगातार लोकतंत्र को मजबूत किया, संविधान की रक्षा की। मैं सोनिया गांधी का आभार व्यक्त करता हूं, उन्होंने अपने खून पसीने से पार्टी को सींचा है। सरकार देश में नफरत फैला रही है। पूरा देश राहुल गांधी के संघर्ष से जुड़ रहा है|
खड़गे ने कहा,''आज़ादी के 75 साल के इतिहास में कांग्रेस ने देश के लोकतंत्र को मजबूत किया और संविधान की रक्षा की। आज जब लोकतंत्र खतरे में है व संविधान पर हमला बोला जा रहा है, ऐसे में कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के चुनाव के जरिए देश में लोकतंत्र को मजबूत करने का उदाहरण पेश किया है|
कांग्रेस के निर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा,'मेरे साथी श्री Shashi Tharoor को मेरी तरफ से शुभकामनाएं, हम चुनाव में एक प्रतिनिधि के रूप में खड़े थे। हम मिलकर कांग्रेस को आगे ले जाने का काम करेंगे|
कांग्रेस के निर्वाचित अध्यक्ष ने कहा,'मैं सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से श्रीमती सोनिया गांधी जी का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने निजी त्याग कर 23 वर्षों तक कांग्रेस को अपने खून-पसीने से सींचा है। उनके नेतृत्व में हमने केंद्र में 2 बार सरकार बनाई और अनेकों राज्यों में कांग्रेस को मजबूत किया|
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा,आज देश की सबसे बड़ी समस्याओं में कमरतोड़ महंगाई, बेरोजगारी, अमीर-गरीब के बीच बढ़ती खाई और समाज में फैल रही नफरत है। इन सभी के खिलाफ जनांदोलन लिए श्री Rahul Gandhi 3570 किमी की यात्रा पर निकले हैं। मैं आप सभी से अपील करता हूं कि देश हित में उनका साथ दें|
खड़गे ने कहा,''यहां न कोई बड़ा है न कोई छोटा, सब बराबर हैं। हमें देश के संविधान व लोकतंत्र पर हो रहे हमले के खिलाफ मिलकर लड़ना है। हम साथ मिलकर संगठन को मजबूत करेंगे और इन चुनौतियों से लड़ेंगे|