नई दिल्ली: कांग्रेस नेता डॉ अजय कुमार ने तिरंगे के अपमान को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है| उन्होंने कहा कि ,'' भारत के स्वतंत्रता संग्राम के लिए भाजपा के मन में कोई सम्मान नहीं है| भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिस प्रकार से स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित प्रतीकों पर हमला किया जा रहा है, उसमें अब तिरंगा भी शामिल हो गया है
कांग्रेस नेता डॉ अजय कुमार ने कहा,“1942 में, पटना सेक्रेटेरिएट में तिरंगा फहराने की कोशिश में 6 लोगों को अंग्रेजों ने गोली मार दी थी। ये कांग्रेस का इतिहास है। वहीं भाजपा के एक पूर्व मंत्री ने कहा था कि 20 सालों में हम तिरंगे को बदल देंगे| इस देश में तिरंगा सिर्फ हुबली के खादी ग्राम उद्योग द्वारा बनाया जाता है। किसी भी सरकारी कार्य में सिर्फ यहीं से बनाए गए झंडों का उपयोग किया जाता है
डॉ अजय कुमार ने कहा,“हमारे कानून में यह स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि तिरंगा बनाने के लिए सिर्फ खादी का ही उपयोग किया जाना चाहिए। लेकिन, पीएम मोदी ने कहा है कि अब इसे बनाने के लिए पॉलिस्टर का उपयोग भी किया जा सकता है| हमें ऐसा लगता है कि सुबह जागने के बाद पीएम मोदी और अमित शाह इसी पर विचार करते हैं कि आज देश का क्या बेचना है? ऐसे में बेचते-बेचते जब पूरे देश की संपत्ति बिकने की कगार पर है तो इनकी नजर अब हमारे झंडे पर पड़ गई|
उन्होंने कहा,“अब हमारे तिरंगे को बनाने के लिए पॉलिस्टर को इम्पोर्ट किया जाएगा, जो सीधा चीन से आएगी। जैसे 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' पूरी तरह चीन से बनकर आई है, अब हमारे तिरंगे के लिए कपड़ा भी चीन से आएगा|
डॉ अजय कुमार ने कहा,“जब हमारे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 26 जनवरी 2001 को RSS मुख्यालय में तिरंगा फहराने की कोशिश की तो उनके ऊपर केस कर दिया गया। फिर से बता दूं- उन युवाओं की गलती सिर्फ इतनी थी कि उन्होंने RSS मुख्यालय पर तिरंगा फहराने की कोशिश की थी
कांग्रेस नेता ने कहा,“हमेशा तिरंगे को अपमानित करने वाले लोग, अब खादी उद्योग को भी खत्म करने की साजिश कर रहे हैं। हमारे देश में खादी उद्योग से संबंधित करीब 1.5 करोड़ लोग कार्य कर रहे हैं, जिन पर पीएम मोदी ने सीधा हमला किया है|
अजय कुमार ने कहा,''देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने घर-घर तिरंगे का एलान किया है, अब जिसका मतलब है घर-घर चीन। यानी अब खुद पीएम मोदी, चीन को घर-घर भेजने का काम कर रहे हैं|
डॉ कहा,“भाजपा ने तिरंगे के अपमान के साथ ही देश को भी अपमानित किया है, इनके अनुसार देश भाजपा से नीचे है | भाजपा कार्यालय में तिरंगे को भाजपा के झंडे से नीचे रखकर, इन्होंने अपना असली चेहरा दिखा दिया है। एक बात स्पष्ट कर दी जाए, यह कोई गलती नहीं है। यह उनकी मानसिकता है। उन्हें देश के तिरंगे या आजादी से कोई मतलब ही नहीं है |
उन्होंने कहा,“पूरे देश में कर्नाटक खादी ग्रामोद्योग संयुक्त संघ द्वारा आंदोलन शुरू किया जा रहा है। कांग्रेस इस आंदोलन का पूरी तरह से समर्थन करती है। आगामी 30 जुलाई को इस संगठन के द्वारा एक 'ध्वज सत्याग्रह' किया जा रहा है, जिसमें हम उनके साथ हैं | आज हमें यह स्पष्ट हो गया है कि देश का तिरंगा, मोदी जी के लिए सिर्फ एक 'गमछा' है। खादी मोदी जी के लिए कोई मायने नहीं रखता है