नई दिल्ली: भारत के चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम की बुधवार शाम 6.04 बजे चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग हुई। चंद्रयान-3 का लैंडर विक्रम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अध्यक्ष एस. सोमनाथ (S. Somnath) ने इसकी पुष्टि की। इस अवसर पर पीएम मोदी ने भारतीय वैज्ञानिकों के सामर्थ्य पर खुशी जताते हुए इसे भारत के लिए ऐतिहासिक और समृद्ध कदम बताया।
इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग पर पीएम मोदी ने कहा कि,'भारत का सफल चंद्रमा मिशन अकेले भारत का नहीं है...यह सफलता पूरी मानवता की है| उन्होंने कहा कि,''कभी कहा जाता था चंदा मामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे चंदा मामा बस एक टूर के है???|
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इसरो को उसके तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग के लिए बधाई दी। चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने पर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जश्न मनाया गया।
चंद्रयान-3 मिशन के परियोजना निदेशक पी. वीरमुथुवेल ने कहा कि,''हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास जाने वाले पहले देश बन गए हैं|
चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग पर कांग्रेस ने कहा कि,'चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने पर ISRO सहित सभी देशवासियों को बधाई। भविष्य में अंतरिक्ष अनुसंधान की आवश्यकता को देखते हुए ही पंडित नेहरू ने ISRO की नींव रखी थी। यह उनकी दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि आज भारत पूरे विश्व में अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने ट्वीट किया कि,'चन्द्रयान-3 के चाँद पर सफल लैण्डिग कराकर भारत का नाम दुनिया भर में रौशन करने के लिए भारतीय अन्तरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों को हार्दिक बधाई। विज्ञान की प्रगति मानव कल्याण के लिए हो यह बहुत जरूरी। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह अभियान अपने मानवीय उद्देश्य में सफल होगा।