Time:
Login Register

जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 4 अक्टूबर को आएंगे नतीजे

By tvlnews August 16, 2024
जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान,  4 अक्टूबर को आएंगे नतीजे

नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने शुक्रवार (16 अगस्त) को जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होंगे और हरियाणा में 1 अक्टूबर को मतदान होगा | 



जम्मू-कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों पर 3 फेज में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे।हरियाणा की सभी 90 सीटों पर सिंगल फेज में 1 अक्टूबर को वोटिंग होगी। दोनों राज्यों के नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे। जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव होंगे। अनुच्छेद 370 हटने के बाद ये पहला विधानसभा चुनाव होगा।



मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "मैं जम्मू कश्मीर के युवाओं के लिए एक लाइन कहना चाहता हूं...लम्बी कतारों में छुपी है, बदलते सूरत-ए-हाल, यानी जम्हूरियत की कहानी। रोशन उम्मीदें, अब ख़ुद करेंगी गोया, अपनी तकदीरें  बयानी | जम्हूरियत के जश्न में, आपकी शिरकत, दुनिया  देखेगी नापाक इरादों के शिकस्त  की  कहानी।"



हरियाणा में मतदाताओं की संख्या 2.01 करोड़

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "हरियाणा में कुल 90 निर्वाचन क्षेत्र हैं जिसमें से 73 जनरल, ST-0 और SC- 17 हैं... कुल मतदाताओं की संख्या 2.01 करोड़ हैं, जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1.06 करोड़, महिला मतदाताओं की संख्या 0.95 करोड़ है..."


जम्मू-कश्मीर में मतदाताओं की संख्या 87.09 लाख

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "जम्मू-कश्मीर में कुल 90 निर्वाचन क्षेत्र हैं जिसमें से 74 जनरल, 9 ST और 7 SC हैं... मतदाताओं की संख्या कुल 87.09 लाख हैं जिसमें 44.46 लाख पुरुष और 42.62 लाख महिला मतदाता होंगे। जम्मू-कश्मीर में युवा मतदाताओं की संख्या 20 लाख है..."


 महाराष्ट्र में त्योहार की वजह से चुनाव बाद में होंगे

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के बारे में पूछे जाने पर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "पिछली बार महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव एक साथ हुए थे। उस समय जम्मू-कश्मीर कोई फैक्टर नहीं था, लेकिन इस बार इस साल 4 चुनाव हैं और इसके तुरंत बाद 5वां चुनाव है, जिसमें जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड और दिल्ली शामिल हैं। सुरक्षा बलों की आवश्यकता के आधार पर हमने 2 चुनाव एक साथ कराने का फैसला किया है...दूसरा फैक्टर यह है कि महाराष्ट्र में भारी बारिश हुई और कई त्यौहार भी आने वाले हैं..."| त्योहार की वजह से चुनाव बाद में होंगे



जम्मू-कश्मीर में सभी उम्मीदवारों को सुरक्षा

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "जम्मू-कश्मीर में पार्टियों ने एक और अनुरोध किया था कि उनके जो उम्मीदवार हैं, और पार्टी के पदाधिकारी हैं उन सभी को बराबर सुरक्षा मिले ऐसा ना हो किसी को कम सुरक्षा मिले। हमने इसे लेकर दिशा निर्देश दे दिए हैं कि सभी उम्मीदवारों को सुरक्षा मिले।"


मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित 30 सितंबर की समय सीमा से आगे क्यों बढ़ाया जा रहा है।



प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर कुमार ने कहा, "अमरनाथ यात्रा 19 अगस्त को समाप्त होगी। लोकसभा चुनाव 4,6 जून को समाप्त हुए थे। मौसम खराब था और फिर अमरनाथ यात्रा हुई। कोई भी व्यक्ति 19 अगस्त को यात्रा पर नहीं जा सकता था। हम आधा दिन भी नहीं दे रहे हैं, जब यात्रा शुरू की जा सके। और यह समय सीमा के भीतर शुरू हो गई है और समय पर समाप्त भी हो जाएगी।"



चुनाव आयोग प्रमुख ने कहा, "यह यहां-वहां का दिन नहीं है जो महत्वपूर्ण है। महत्वपूर्ण यह है कि हम भावना के अनुसार चलें। आरक्षण प्रदान करने के संदर्भ में जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम में संशोधन दिसंबर 2023 में आया।"



उन्होंने कहा, "आयोग की समयावधि दिसंबर 2023 में ही शुरू होगी। उसके बाद संसदीय चुनाव आ गए, इसलिए हम बिल्कुल भी देरी नहीं कर रहे हैं।"




पिछले दिसंबर में सुप्रीम कोर्ट ने अनुच्छेद 370 को हटाने को संवैधानिक रूप से वैध ठहराया था और चुनाव आयोग को 30 सितंबर तक विधानसभा चुनाव कराने का निर्देश दिया था। भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा था कि संविधान का अनुच्छेद 370 एक अस्थायी प्रावधान था और राष्ट्रपति के पास इसे रद्द करने का अधिकार है।



5 अगस्त, 2019 को नरेंद्र मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करके जम्मू-कश्मीर को दिया गया विशेष दर्जा खत्म कर दिया था। पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया गया था।


अब.जम्मू-कश्मीर में 90 विधानसभा क्षेत्रों के लिए चुनाव 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को तीन चरणों में होंगे। मतों की गिनती 1 अक्टूबर को होगी। मतों की गिनती 4 अक्टूबर को होगी।



हम हरियाणा में बड़े जनादेश के साथ सरकार बनाएंगे: सैनी 


हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कहा, "चुनाव आयोग ने आज तारीखों का ऐलान किया है, 1 अक्टूबर को हरियाणा में चुनाव होंगे। हम इसका स्वागत करते हैं। हमारी पूरी तैयारी है, मिशन मोड में हमारी सरकार 10 वर्षों से काम रही है। हम हरियाणा में बड़े जनादेश के साथ सरकार बनाएंगे..."



हमारी पार्टी पूरी तरह से तैयार:विज

हरियाणा विधानसभा आम चुनाव की तिथि घोषित होने पर हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री अनिल विज ने कहा, "बहुत अच्छी बात है, 1 अक्टूबर को हरियाणा के चुनाव होंगे, उस समय बहुत अच्छा मौसम रहेगा, लोग बड़ी संख्या में निकल कर आएंगे। जहां तक हमारी पार्टी की बात है हमारी पार्टी पूरी तरह से तैयार है। हमने पहले से तैयारी शुरू कर दी थी।"



हरियाणा में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनेगी:खट्टर

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कहा, "...हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में निश्चित समय में चुनाव हो रहे हैं। मैं इस घोषणा का स्वागत करता हूं। निश्चित रूप से हमारे कार्यकर्ता बहुत पहले से चुनाव की तैयारी कर रहे हैं, हरियाणा में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनेगी। कांग्रेस के झूठे नारों से जनता का विश्वास उठ चुका है... हमारे कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार हैं।"



J&K में भाजपा की जीत होगी:रैना

जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान पर कहा, "भाजपा चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत करती है। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के इस निर्णय का भाजपा लंबे समय से इंतजार कर रही थी... पिछले 10 सालों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में अमन, शांति, भाईचारा मजबूत हुआ है, जम्मू-कश्मीर में विकास हुआ है। लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान हुआ, हमें पूरा विश्वास है कि विधानसभा चुनाव भी रिकॉर्ड मतदान होगा और जिस तरह प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में शानदार काम किया है, निश्चित ही जम्मू-कश्मीर में भाजपा की जीत होगी।"




लंबे समय से जम्मू-कश्मीर में चुनाव की प्रतीक्षा कर रहे थे:त्यागी

JDU नेता के.सी. त्यागी ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान पर कहा, "हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा का हम स्वागत करते हैं। हम लंबे समय से जम्मू-कश्मीर में चुनाव की प्रतीक्षा कर रहे थे।"




J&K में  भाजपा की सरकार बनेगी: शाहनवाज

हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान पर भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, "जम्मू-कश्मीर व हरियाणा में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी, हमने हरियाणा का विकास किया है, हम हरियाणा में भारी बहुमत से जीतेंगे। अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में पहली बार चुनाव होने जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के चुनाव में भाजपा की सरकार बनेगी, क्योंकि हमने लोगों का दिल जीता है और विकास किया है..."



जम्मू-कश्मीर विकास की राह पर चल पड़ा है : तरुण चुघ

जम्मू-कश्मीर भाजपा प्रभारी तरुण चुघ ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कहा, "यह स्वागत योग्य कदम है...भाजपा चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत करती है। प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दूरदर्शी सोच के कारण जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 से मुक्ति मिली है। जम्मू-कश्मीर विकास की राह पर चल पड़ा है..."



देर आए दुरुस्त आए... इसका बहुत इंतजार था: J&K चुनाव की तारीखों की घोषणा पर गुलाम अहमद मीर

कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कहा, "मैं इसका स्वागत करता हूं। देर आए दुरुस्त आए... इसका बहुत इंतजार था। आज तीन चरणों के चुनाव की घोषणा, मुझे लगता है कि लोकतंत्र के तौर पर जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए यह बहुत खुशी का दिन है... लोगों को अब एक अच्छी पार्टी, अच्छे लोगों को चुनने का मौका मिलेगा, जो सदन में राज्य की बहाली के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।"



हरियाणा में कांग्रेस तैयार है, लोग भी तैयार: भूपेंद्र सिंह हुड्डा

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "हरियाणा में कांग्रेस तैयार है और लोग भी तैयार हैं। लोगों ने कांग्रेस को सत्ता में लाने का फैसला कर लिया है।"




 आखिरकार वो दिन आ ही गया जिसका हर हरियाणावासी बेसब्री से इंतजार कर रहा था: दीपेंद्र हुड्डा

हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, "आखिरकार वो दिन आ ही गया जिसका हर हरियाणावासी बेसब्री से इंतजार कर रहा था। जैसे किसान बारिश का इंतजार करता है। हरियाणा की जनता चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस का इंतजार कर रही थी कि कब उन्हें इस भाजपा सरकार से छुटकारा पाने का मौका मिलेगा। इस मौके पर मैं हरियाणा की जनता को बधाई देना चाहता हूं।"


देश में सबसे कम बजट केंद्र सरकार से हरियाणा को क्यों मिला?: दीपेंद्र हुड्डा

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "देश में सबसे कम बजट केंद्र सरकार से हरियाणा को क्यों मिला? केंद्र सरकार आज हरियाणा से 7 रुपए लेकर केवल 1 रुपए वापस दे रही है। ये देश में सबसे कम है। हरियाणा में सबसे कम खेल बजट क्यों मिला? गुजरात में सबसे ज्यादा खेल बजट और हरियाणा में सबसे कम खेल बजट, ऐसा हरियाणा ने क्या बिगाड़ा है? हम ये सवाल पूछ रहे हैं और भाजपा की ओर से कोई जवाब नहीं आया है।"



जनता इस इंतजार में है कि कांग्रेस की सरकार बने: हरियाणा विधानसभा चुनाव पर कुमारी शैलजा

हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, "हम चुनाव के लिए तैयार हैं, जनता भी तैयार है... जिस तरह से हरियाणा सरकार आनन फानन में फैसले ले रही है उससे साफ नजर आ रहा है कि इन्होंने हार मानी हुई है। लोग हमारे साथ हैं, इनका 10 साल का जिस प्रकार का शासन रहा, उसने हरियाणा को सबसे पीछे कर दिया है। आज के दिन किसान, मजदूर, युवा सभी परेशान है। जनता इस इंतजार में है कि कांग्रेस की सरकार बने।" 


हमें किसी की जरूरत नहीं: AAP से गठबंधन पर कुमारी शैलजा

AAP से गठबंधन पर उन्होंने कहा, "AAP के साथ पहले ही बात आ गई है कि लोकसभा के बाद साथ में चुनाव नहीं लड़ना है, मुझे लगता है कि हमें किसी की जरूरत नहीं है और कांग्रेस अपने आप में सक्षम है। अपने आप लड़कर भी हम प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएंगे।"



हमें उम्मीद है कि चुनाव निष्पक्ष और स्वतंत्र होंगे: गुलाम नबी आज़ाद

डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आज़ाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आज़ाद ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की घोषणा पर कहा, "जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद चुनाव हो रहे हैं... जम्मू-कश्मीर के मतदाता 10 साल से इसका इंतज़ार कर रहे थे। हम इसका स्वागत करते हैं, हम चुनाव आयोग और सरकार का शुक्रिया अदा करते हैं। हमें उम्मीद है कि चुनाव निष्पक्ष और स्वतंत्र होंगे, और हम यह भी उम्मीद करते हैं कि मतदाताओं, उम्मीदवारों और नेताओं की सुरक्षा का ध्यान रखा जाएगा..."



मैं चुनाव आयोग से ये उम्मीद करूंगा कि सभी को लेवल प्लेइंग फील्ड दें: फारूक अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की घोषणा पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "आज ECI ने घोषणा कर दी है कि जम्मू-कश्मीर में चुनाव 3 चरणों में होगा। 2 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। मैं ECI से ये उम्मीद करूंगा कि सभी को लेवल प्लेइंग फील्ड दें। इन लोगों ने जो अधिकारियों को रातों-रात बदला है इसका मतलब इन्हें मालूम था कि घोषणा होगी। मैं चाहता हूं कि ECI इसे भी देखें कि इन अफसरों को किस आधार पर बदला गया है।"


मैं चुनाव लड़ूंगा:फारूक अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की घोषणा पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "मैं ये चुनाव लड़ूंगा, उमर अब्दुल्ला चुनाव नहीं लड़ेंगे। जब राज्य का दर्जा मिल जाएगा तब मैं उतर जाऊंगा और उमर अब्दुल्ला उस सीट से लड़ेंगे।"



हम पहले से इसकी तैयारी में थे:उमर अब्दुल्ला

 JKNC नेता उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कहा, "...देर आए-दुरुस्त आए, चुनाव आयोग की ओर से तीन चरणों में मतदान का ऐलान हो चुका है... मैं नेशनल कॉन्फ्रेंस की ओर से कहना चाहूंगा कि हम पहले से इसकी तैयारी में थे। चुनाव आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान पर जोर दिया है..."



भाजपा सरकार ने, शकुनी के चौसर की तरह फांस कर हरियाणा को चौतरफ़ा चौपट करने का पाप किया: रणदीप सिंह सुरजेवाला

हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, ''विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही हरियाणा का इंतजार पूरा होने जा रहा है ! पहली अक्टूबर को, पहले पहर में ही भाजपा की विदाई पर जनता की मुहर लग जाएगी ! जनता के जनमत से विश्वासघात करके बनी भाजपा सरकार ने, शकुनी के चौसर की तरह फांस कर हरियाणा को चौतरफ़ा चौपट करने का पाप किया है ! 



सुरजेवाला ने कहा, ''भाजपा के डबल इंजन ने एक तरफ हरियाणा के किसानों को अपने खेत खलिहान छोड़कर बार-बार न्याय की गुहार लिए, दिल्ली के दरवाजे पर दस्तक देने को मजबूर किया... तो दूसरी तरफ लाठी-डंडे, कील-कांटे से लैस अपने सारे क्रूर तंत्र को झोंककर, हर दिन धरती पुत्रों की आवाज़ दबाने, आंदोलन का दमन करने और साजिशें रचने पूरी ताकत लगा दी ! मगर जिनका DNA ही किसान विरोधी है, उन्होंने किसानों की शहादत के बाद भी MSP पर धोखा ही दिया ! 


हरियाणा के नौजवानों से सेना में जाने का सपना छीन कर, उन्हें बेरोजगारी के "अग्निपथ" पर धकेल दिया: सुरजेवाला

वहीं, हरियाणा के नौजवानों से सेना में जाने का सपना छीन कर, उन्हें बेरोजगारी के "अग्निपथ" पर धकेल दिया और मोदी जी के चहेते, भाजपा के नेता बृजभूषण शरण सिंह के अन्याय के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाती हरियाणा की पहलवान बेटियों को दिल्ली पूलिस से सड़कों पर घसीटवाया और पिटवाया! नकल माफियाओं और पेपर लीक के सरगनाओं का आतंक ऐसा कि हरियाणा में एक भी भर्ती परीक्षा ठीक से होना मुश्किल रहा ! 



भाजपा-जजपा की "पर्ची और खर्ची" वाली सरकार ने भर्ती के नाम पर युवाओं को सिर्फ धोखा दिया और जमकर उगाही की:सुरजेवाला

भाजपा-जजपा की "पर्ची और खर्ची" वाली सरकार ने भर्ती के नाम पर युवाओं को सिर्फ धोखा दिया और जमकर उगाही की ! जो हरियाणा समृद्धि की पहचान रहा, उसे भाजपा-जजपा की सरकार ने अपराधियों का अड्डा बना दिया ! आए दिन अपराध की घटनाएं हरियाणा के हर इलाके से सुर्खियां बनती रहीं ! हरियाणा की जनता ने अब भाजपा के पर्दे के पीछे का "छुपा खेल" भी समझ लिया ! इस बार सारा हिसाब बराबर होगा ! 



अबकी बार हरियाणा में आ रही, फिर से कांग्रेस की सरकार:सुरजेवाला

सुरजेवाला ने कहा, ''हरियाणा की जनता अब भाजपा के हर धोखे, भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार का जवाब देने जा रही है। अब "कांग्रेस का हाथ" और "हरियाणा का साथ" मिलकर, प्रदेश को फिर से उन्नति और खुशहाली के पथ पर लेकर जाने को तैयार है ! 1 अक्टूबर को मतदान और 4 अक्टूबर के नतीजों का इंतज़ार है.. अबकी बार हरियाणा में आ रही, फिर से कांग्रेस की सरकार है ।



चाहे ये आज हारें या कल, इनकी हार निश्चित है: महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव न कराने पर पवन खेड़ा

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कहा, "कल ही प्रधानमंत्री ने 'एक राष्ट्र-एक चुनाव' की बात की, लेकिन वे केवल 2 राज्यों में एक साथ चुनाव करा पा रहे हैं, हमें समझ में नहीं आ रहा कि वे 4 राज्यों में एक साथ चुनाव क्यों नहीं करा पा रहे हैं। चाहे ये आज हारें या कल, इनकी हार निश्चित है... हम तैयार हैं, हम जीत के प्रति आश्वस्त हैं क्योंकि हमने लोगों के मुद्दे उठाए हैं..."




AAP पूरी ताकत के साथ हरियाणा का चुनाव लड़ेगी और जीतेगी: आतिशी

दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कहा, "आम आदमी पार्टी हरियाणा में चुनाव लड़ रही हैं,  हमारे नेताओं भगवंत मान, संजय सिंह, सुनीता केजरीवाल की जनसभाएं चल रही हैं। भारी संख्या में लोग आ रहे हैं, अरविंद केजरीवाल हरियाणा के बेटे हैं इसलिए लोगों का उनसे जुड़ाव भी है, AAP पूरी ताकत के साथ हरियाणा का चुनाव लड़ेगी और जीतेगी। गठबंधन होगा या नहीं इसका फैसला अरविंद केजरीवाल के बाहर आने के बाद ही होगा। हम सारी सीटों पर तैयारी कर रहे हैं... हमें खुशी है कि 10 साल बाद जम्मू-कश्मीर में चुनाव हो रहा है..."





You May Also Like