हिमाचल प्रदेश चुनाव 2022: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 से पहले कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को 10 गारंटियां देकर चुनावी समर में उतरने का ऐलान कर दिया है। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा होने से पहले ही कांग्रेस ने जनता के लिए दस गारंटी जारी कर दी हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा,''राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हमने जनता से जो वादे किए थे उन्हें पूरा किया। आने वाले समय में जिस-जिस राज्य में हमारी सरकार बनेगी हम अपने वादे पूरे करेंगे
कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी नें कहा, हिमाचल प्रदेश के लोगों की समस्याओं का समाधान अब कांग्रेस पार्टी की ‘गारंटी’ है। कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की भलाई और उनके विकास के मुद्दों पर बात करती है और इस गारंटी कार्ड में भी हमने हिमाचल की जनता के मुद्दों को गांव-गांव जा कर टटोला, स्थानीय लोगों से बात कर उनकी समस्याएं सुनी और फ़िर उनका हल निकालते हुए ये ‘गारंटी कार्ड’ तैयार किया है।
इस गारंटी कार्ड को ध्यान से पढ़ें, अपने भविष्य के बारे में सोचें और सोच-समझ कर फैसला करें। हिमाचल की जनता और कांग्रेस पार्टी मिलकर हिमाचल प्रदेश को फ़िर से आगे बढ़ाएंगे।
कांग्रेस पार्टी की मुख्य रूप से 10 गारंटी में- पुरानी पेंशन स्कीम, महिलाओं के लिए 1500 रु, 300 यूनिट बिजली मुफ्त, 5 लाख रोजगार, फसलों और फलों के सही दाम, 680 करोड़ रु का स्टार्ट-अप फंड, मोबाइल क्लीनिक, अंग्रेजी मीडियम स्कूल, कांग्रेस की सरकार हर रोज गाय-भैंस पालकों से 10 लीटर दूध खरीदेगी और 2 रु किलो में गोबर शामिल है।।
हिमाचल का संकल्प ..कांग्रेस ही विकल्प | 10 गारंटी (वादा निभाया है, वादा निभाएंगे)
1- पुरानी पेंशन स्कीम होगी बहाल
2- महिलाओं को मिलेंगे हर महीने ₹1500
3- महंगाई की मार होगी कम 300 यूनिट बिजली फ्री देंगे हम
4-युवाओं को 5 लाख रोज़गार
5-बागवान तय करेंगे फलों की कीमत
6- युवाओं के लिए ₹680 करोड़ का स्टार्ट-अप फंड
7- मोबाइल क्लीनिक से होगा हर गाँव में मुफ्त इलाज
8 -हर विधानसभा में खुलेंगे 4 अंग्रेजी माध्यम स्कूल
9- गाय-भैंस पालकों से हर दिन दस लीटर दूध खरीदेंगे
10-02 रूपए किलो में गोबर खरीदेंगे
बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के मुख्य पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राज्य में कांग्रेस सरकार बनने के दस दिन में पुरानी पेंशन बहाल करने और दिसंबर 2022 से ही घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट निशुल्क बिजली देने की घोषणा की।
छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल ने कहा कि,''अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो हिमाचल कांग्रेस कमेटी गारंटी देती है कि 300 यूनिट तक बिजली हम मुफ्त देंगे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगातार नज़र बनाए रखते हैं। उनका कहना है कि BJP जिस प्रकार वादा करके भूल जाती है उस प्रकार काम नहीं करना|
‘हिमाचल का संकल्प कांग्रेस ही विकल्प’ नाम से गारंटी कार्ड जारी करते हुए बघेल ने बताया कि प्रदेश के पांच लाख युवाओं को रोजगार और बुजुर्गों को पेंशन की गारंटी दी जाएगी। गाय-भैंस पालकों से रोजाना दस लीटर दूध खरीदा जाएगा। जैविक खेती बढ़ाने के लिए दो रुपये किलो गोबर खरीदेंगे। 18 से 60 वर्ष की आयु की महिलाओं को हर माह 1500 रुपये की सुनिश्चित आय दी जाएगी। फलों की कीमत बागवान स्वयं तय करेंगे। बाजार की परेशानी दूर की जाएगी।
प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में दस-दस करोड़ रुपये का ऋण युवा स्टार्ट अप के लिए दिया जाएगा। बिना किसी गारंटी और बिना ब्याज के यह ऋण दिया जाएगा। 68 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 680 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया जाएगा। हर बच्चे को उत्कृष्ट शिक्षा देने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में चार अंग्रेजी माध्यम वाले स्कूल खोले जाएंगे। मरीजों की जांच, दवा और इलाज निशुल्क होगा। हर गांव में अस्पताल की गाड़ी भेजी जाएगी।