करनाल:हरियाणा में भाजपा नेताओं को मीटिंग में जाने से रोकने की कोशिश कर रहे किसानों पर लाठीचार्ज किया गया है। करनाल में घरौंडा के पास बसताड़ा टोल प्लाजा पर पुलिस ने किसानों पर लाठियां भांजी। लाठीचार्ज में कई किसानों के सिर फूटे और खून बहा। वहीं पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए किसान खेतों में भाग गए।
उधर लाठीचार्ज के विरोध में किसानों ने हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, रोहतक, अंबाला, करनाल, पानीपत, सोनीपत समेत प्रदेश के अन्य कई जिलों में हाईवे और टोल जाम कर दिए हैं। बीकेयू नेता राकेश टिकैत ने कहा कि ''हरियाणा के करनाल में लाठीचार्ज के विरोध में शाम पांच बजे तक राज्य में सभी रास्ते बंद रहेंगे.''
राकेश टिकैत ने कहा कि,''आज हरियाणा के करनाल में हुए लाठीचार्ज के विरोध में हरियाणा के साथियों से निवेदन है शाम 5:00 बजे तक सभी रास्ते जाम रहेंगे । सरकार का टारगेट 5 सितंबर मुजफ्फरनगर में आयोजित किसान महापंचायत है यह चाहते हैं हरियाणा के लोग महापंचायत में ना जा पाए इन विषयों पर आप सभी ध्यान दें।
पंचकूला कमिश्नरेट ने ट्वीट किया,''सूरजपुर टोल प्लाजा (कालका-जीरकपुर हाईवे) को किसानों का विरोध करते हुए ब्लॉक कर दिया गया है,
बताते चलें कि,'' शनिवार को करनाल शहर में भाजपा की संगठनात्मक बैठक थी। इस कारण करनाल पुलिस और प्रशासन ने शहर में एंट्री के सभी प्वॉइंट बंद कर रखे हैं। इसलिए किसान मीटिंग और भाजपा नेताओं का विरोध करने के लिए शहर के अंदर नहीं घुस पाए। किसानों ने शहर में कूच करना चाहा, लेकिन पुलिस ने उन्हें घुसने ही नहीं दिया। इसके बाद किसानों ने नेताओं को वहीं टोल पर रोकने की तैयारी कर ली। इस दौरान किसानों को रोकते हुए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
किसानों पर लाठीचार्ज से गुस्साए भाकियू प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि पुलिस ने करनाल में किसानों का प्रवेश बंद कर दिया। बसताड़ा टोल पर किसानों पर लाठीचार्ज करके उन्हें घायल कर दिया है, जो सरासर गलत है। मेरी किसानों से अपील है कि लाठीचार्ज के विरोध में वे जहां-जहां भी संभव हो सके सड़कों पर जाम लगा दो। आगे के आदेश तक जाम लगाकर रखो। टोल पर भी जाम लगाया जाना चाहिए।
वहीं चढ़ूनी के आह्वान पर हिसार-दिल्ली हाईवे पर किसानों ने रामायण टोल जाम कर दिया। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। पुलिस ने वाहनों को खरड़ व रामायण की तरफ डाइवर्ट करना शुरू किया है। सिरसा में किसानों ने बरनाला रोड पर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और रणजीत चौटाला के घर के पास स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया है।
अंबाला में किसानों ने अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आनन-फानन में पुलिस ने रूट डायवर्ट किया। करनाल में जींद चौक, बसताड़ा टोल, निसिंग और जलमाना गांव में जाम लगा दिया है। रोहतक में मकड़ौली टोल पर किसानों ने जाम लगाया। नरवाना में बद्दोवाल टोल प्लाजा भी किसानों ने जाम कर दिया है। जिले कैथल के NH-152 पर तितरम मोड़, कैथल से चीका मार्ग पर भागल गांव, पटियाला मार्ग पर हांसी-बुटाना नहर पर चीका में किसानों ने जाम लगाया।
फतेहाबाद के ढाणी गोपाल चौक पर किसानों ने रोड जाम किया। जींद-करनाल हाईवे भी जाम किया गया। अलेवा में किसानों ने जाम लगाया। भिवानी में कितलाना टोल पर किसानों ने जाम लगाया। सिरसा में किसानों ने रोड जाम करने शुरू किए। फतेहाबाद में नेशनल हाईवे-9 बायपास पर किसानों ने लगाया जाम। रतिया में बुढलाडा रोड को किसानों ने जाम किया।