नई दिल्ली: Gujarat Chunav 2022: भाजपा ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए 160 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। भाजपा ने आज यानी गुरुवार को गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए अपने 182 विधानसभा सीटों में से 160 सीटों के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल घाटलोडिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रीवा सोलंकी (रिवाबा जडेजा ) को जामनगर उत्तर से भाजपा उम्मीदवार बनाया गया है। हार्दिक पटेल को विधानसभा विरामगाम से भाजपा का उम्मीदवार बनाया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की जगह डॉ. दर्शिता शाह को राजकोट पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार बनाया गया है। मेहसाणा सीट से नितिन पटेल की जगह मुकेश पटेल को उतारा गया है। पूर्व शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चुडासमा की जगह किरीट सिंह डाभी 'धोलका' सीट से उम्मीदवार होंगे। बोटाद सीट से पूर्व मंत्री सौरभ पटेल की जगह घनश्यामभाई विराणी को टिकट मिला है। जामनगर दक्षिण से विधायक और पूर्व अध्यक्ष आरसी फलदू की जगह दिव्येश अकबरी उम्मीदवार होंगे।
अहमदाबाद की नारणपुरा से जितेंद्रभाई पटेल भाजपा उम्मीदवार होंगे। उन्हें कौशिक पटेल की जगह टिकट मिला है। अहमदाबाद की ही ठक्करबापा नगर सीट से कंचनबेन रादड़िया को टिकट मिला है।
Gujarat Chunav 2022: गुजरात में 2 चरणों में वोटिंग, 8 दिसंबर को नतीजे
गुजरात में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे| पहला चरण 1 दिसंबर और दूसरा चरण 5 दिसंबर को होगा| हिमाचल प्रदेश के साथ ही 8 दिसंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे|
पहले चरण में 19 जिलों की 89 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में- कच्छ, सुरेंद्रनगर, मोरबी, राजकोट, जामनगर, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर, बोटाद, नर्मदा, भरूच, सूरत, तापी, डांग्स, नवसारी, और वलसाड जिले शामिल हैं।
दूसरे चरण में 14 जिलों की 93 सीटों पर चुनाव होगा। इन जिलों में बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, साबरकांठा, अरावली, गांधीनगर, अहमदाबाद, आणंद, खेड़ा, महिसागर, पंच महल, दाहोद, वडोदरा और छोटा उदयपुर शामिल हैं।