गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र में पच्चीस वर्षीय सुनील कुमार नाम के युवक की लाश मिलने की घटना का पुलिस ने आज यानी सोमवार को खुलासा कर दिया है| 7 नवंबर को सुनील कुमार की प्रेम प्रसंग में हत्या की गई थी| 10 नवंबर को गांव के बाहर झाड़ियों सुनील कश्यप का शव मिला था। धानेपुर क्षेत्र के मेहनौन गांव निवासी सुनील कुमार का एक शादीशुदा महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था| सुनील कुमार से महिला पीछा छुड़ाना चाह रही थी, जिसके चलते उसने दो लोगों के साथ मिलकर सुनील कुमार की हत्या कर दी| और शव को गांव के बाहर झाड़ियों में फेंक दिया| पुलिस ने सुनील कुमार की हत्या का खुलासा करते हुए सोमवार 14 नवंबर को महिला पूनम (प्रेमिका) और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है| महिला पूनम पत्नी सन्तोष कश्यप मोतीगंज थाना क्षेत्र के सहजौरा गांव की रहने वाली है|
बता दें कि,'' मेहनौन गांव का रहने वाला सुनील कश्यप पंजाब के लुधियाना शहर में रहता था। 7 नवंबर को वह लुधियाना से अपने गांव आया था। 7 नवंबर की शाम वह घर से बाहर निकला और फिर लौट कर नहीं आया। दूसरे दिन मंगलवार, आठ नवंबर को परिजनों ने सुनील की गुमशुदी की सूचना पुलिस को दी गई थी। पुलिस मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर युवक की तलाश में जुटी थी कि गुरुवार की सुबह गांव के बाहर झाड़ियों में सुनील कश्यप की लाश मिली थी।
10 नवंबर को थाना धानेपुर क्षेत्र के अन्तर्गत रामसमुझ के बाग में एक युवक का शव पड़ा मिला था। मृतक सुनील कुमार की मां कुसमा देवी की तहरीर पर थाना धानेपुर में सम्बन्धित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस अधीक्षक गोण्डा आकाश तोमर द्वारा घटना के जल्द से जल्द अनावरण हेतु अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण में टीमे गठित कर प्रभारी निरीक्षक थाना धानेपुर को निर्देशित किया गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया,''पुलिस टीम द्वारा विवेचना के दौरान पतारसी-सुरागरसी व इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार पर घटना कारित करने वाले 2 आरोपी अभियुक्तों- आशीष और पूनम को आनन्द चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। फरार अभियुक्त विकास उर्फ आकाश की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमें लगी हुई है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध थाना धानेपुर पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पूछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि मृतक सुनील कुमार व पूनम के बीच काफी दिनों से प्रेमप्रसंग चल रहा था। समाज में बदनामी के चलते पूनम मृतक सुनील कुमार से पीछा छुड़ाना चाह रही थी लेकिन मृतक द्वारा लगातार पूनम को परेशान किया जा रहा था। इसलिए योजनाबद्ध तरीके से पूनम और आशीष दोनो अभियुक्तों द्वारा दिनांक 7 नवंबर 2022 को अपने साथी अभियुक्त विकास उर्फ आकाश के साथ मृतक सुनील कुमार को हुनमानगढ़ी मंदिर मेहनौन निकट नहर पुलिया पर बुलाकर सूनसान जगह बंजारनडीह के पास गलादबा कर हत्या कर दी गयी थी और शव को वही गन्ने के खेत में फेंक दिया गया था।
दो दिन बाद 9 नवंबर की रात्रि आरोपी अभियुक्तों द्वारा बोलेरो से मृतक के शव को गन्ने के खेत से उठाकर कालीमाता के स्थान से कुछ दूर बगीचे में लाकर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटकाने का प्रयास किया गया था| परन्तु समय अधिक हो जाने के कारण शव को वही बगीचे में छोड कर फरार हो गए थे।
गिरफ्तार अभियुक्तगण
01. आशीष पुत्र रामसुन्दर निवासी ग्राम सहजौरा थाना मोतीगंज जनपद गोण्डा।
02. पूनम पत्नी सन्तोष कश्यप निवासिनी ग्राम सहजौरा थाना मोतीगंज जनपद गोण्डा।