मुंबई: टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा ने टीवी सीरियल के सेट पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मुंबई से सटे नायगांव में 20 वर्षीय टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा ने सीरियल के सेट पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली| फिलहाल, आत्महत्या करने की वजह सामने नहीं आई है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सेट पर मौजूद सभी लोगों से पूछताछ कर रही है|
पुलिस के मुताबिक,''आज शनिवार को करीब साढ़े तीन बजे एक्ट्रेस तुनिषा का शव मेकअप रूम के बाथरूम में लटका मिला| सेट पर मौजूद लोग उसे समीप के जुचन्द्र के एक अस्पताल ले गए| वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया|
वालीव पुलिस ने बताया,''टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा मौत मामले में पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से इसकी जांच करेगी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस उस दौरान सेट पर मौजूद सभी लोगों से पूछताछ कर रही है|
तुनिषा शर्मा ने सोनी टीवी के धारावाहिक, महाराणा प्रताप के साथ चंद कंवर के रूप में अपना करियर शुरू किया। उसके बाद वह कलर्स टीवी के चक्रवर्तीं अशोक सम्राट में राजकुमारी अहिंकारा की भूमिका में नज़र आयी। 2016 में, उन्होंने फिल्म फितूर में कटरीना कैफ के बचपन की भूमिका का अभिनय किया| उसी वर्ष, उन्होंने बार बार देखो में नन्ही दीया, और कहानी 2: दुर्गा रानी सिंह में मिनी के रूप में भी अभिनय किया। इसके बाद वह शेर-ए-पंजाब: महाराजा रणजीत सिंह में मेहताब कौर की भूमिका में दिखाई दी।अभी वह कलर्स टीवी के 'इंटरनेट वाला लव' में अध्या वर्मा की भूमिका निभा रही थी।
इसके अलावा, तुनिशा इस वक्त सोनी सब टीवी के सीरियल 'अली बाबा: दास्तान ए काबुल' में अहम किरदार निभा रही थीं। वह इस सीरियल में शहजादी मरियम बनी थीं।