धनबाद : झारखंड के धनबाद में जोराफाटक रोड स्थित आशीर्वाद टावर अपार्टमेंट में शादी समारोह के दौरान आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई। झारखंड हाईकोर्ट ने धनबाद अग्निकांड का संज्ञान लिया है। मामले की सुनवाई 2 फरवरी को होगी। वहीँ झारखंड सरकार ने धनबाद अग्निकांड की जांच के लिए उपायुक्त धनबाद की अध्यक्षता में कमेटी बनाई है| झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज बुधवार को धनबाद के आशीर्वाद अपार्टमेंट कांड और अन्य घटनाओं में मारे गए लोगों के परिवार के सदस्यों के लिए 4 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की।
धनबाद के आशीर्वाद अपार्टमेंट में मंगलवार को सुबोध श्रीवास्तव की बेटी की शादी थी| लेकिन एक चिंगारी से लगी आग ने दुल्हन स्वाति की मां, बहन, दादा और चाची समेत 14 लोगों की जिंदगी छीन ली| इस भयानक हादसे से महज 500 मीटर दूर मैरिज हॉल में सन्नाटे के बीच शादी की रस्में हुईं।
लेकिन दुल्हन स्वाति इस बात से बिल्कुल अंजान थी कि उसके घर में इतनी बड़ी त्रासदी हो गई है| उसे बताया ही नहीं गया कि उसके परिजनों की मौत हो गई है| दुल्हन को सिर्फ इतना बताया गया था कि घर में आग लगी है और उसकी मां घायल है| विवाह स्थल सिद्धि विनायक में न द्वारचार हुआ न जयमाला| सीधे शादी की रस्में शुरू हो गईं|
आशीर्वाद टावर अपार्टमेंट में लगी भीषण आग
जोराफाटक रोड स्थित आशीर्वाद टावर अपार्टमेंट में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई। इसमें इस अग्निकांड में 10 महिलाओं, 3 बच्चों और एक व्यक्ति सहित 14 लोगों की मौत हो गई| 35 से अधिक हॉस्पिटल में भर्ती है। बताया जा रहा है आग दीया गिरने से लगी।
PM मोदी ने दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के धनबाद में आग लगने से लोगों की मौत पर दुख जताया। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "प्रत्येक मृतक के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।"
जांच के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने का निर्देश
झारखंड के मंत्री बन्ना गुप्ता ने आज बुधवार को कहा ,''यह बहुत ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उपायुक्त को इस मामले को देखने का निर्देश दिया है कि कहां चूक हुई है, वर्ष 2019 में हमने अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की खरीद के लिए 25 करोड़ 36 लाख 24 हजार रुपए आवंटित किए गए लेकिन केवल एक करोड़ 86 लाख रुपए ही खर्च हो पाए| जांच के लिए उपायुक्त धनबाद की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करने का निर्देश दिया गया है|