नई दिल्ली: दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने दक्षिणी दिल्ली के महरौली इलाके में 26 वर्षीय युवती श्रद्धा मदन की हत्या के सिलसिले में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) को नोटिस जारी कर एफआईआर की कॉपी और विवरण मांगा है। गिरफ्तार आरोपी आफताब अमीन पूनावाला ने श्रद्धा मदन के शरीर को 35 टुकड़ों में काट दिया था
दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) लिखा है, "डीसीडब्ल्यू ने दिल्ली के महरौली में एक लड़की की भीषण हत्या का स्वत: संज्ञान लिया है। यह बताया गया है कि लड़की अपने पुरुष साथी के साथ एक फ्लैट में रह रही थी।"
श्रद्धा मर्डर केस पर दिल्ली महिला आयोग प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा कि,'' महरौली के ख़ौफ़नाक मर्डर में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। कैसे इतनी बड़ी वारदात 6 महीने पहले हुई और किसी को पता नहीं चला? क्या लड़की ने कोई घरेलू हिंसा या यौन शोषण की कम्प्लेंट दर्ज करायी थी? क्या इस आदमी को किसी और का सपोर्ट था? हत्यारे आफ़ताब को सख़्त सज़ा होनी चाहिए!
स्वाति मालीवाल ने कहा कि,'ये चौंकाने और दिल दहलाने वाला मामला है। दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज़ कर ली है। आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया है। मैंने दिल्ली पुलिस को नोटिस भेजा है कि 6 महीने पहले इतनी बड़ी घटना को कोई अंजाम देता है और उसका पता भी नहीं चलता|
स्वाति मालीवाल ने कहा कि,'मैं चाहती हूं कि दिल्ली पुलिस बताए कि क्या ये आदमी अकेले ऑपरेट कर रहा था, क्या इसके साथ कोई गैंग भी थी? मामले में सख्त कार्रवाई हो और आरोपी को कड़ी सज़ा दी जाए|
बता दें कि आरोपी आफताब ने बेरहमी से श्रद्धा की हत्या कर दी| इसके बाद चापड़/आरी से शव को 35 टुकड़ों में काटा और दिल्ली के अलग अलग इलाकों में फेंक दिया| दोनों मुंबई के रहने वाले थे | मुंबई में काम करने के दौरान दोनों (श्रद्धा-आफताब) में प्यार हो गया और परिवारों के विरोध के बाद दोनों भागकर दिल्ली आ गए थे। दिल्ली के महरौली के एक फ्लैट में लिव इन में रहने लगे।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी आफताब ने बताया कि श्रद्धा उस पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जिसको लेकर उनके बीच में अक्सर झगड़ा होना शुरू हो गया। उसने 18 मई को श्रद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी| इसके बाद उसने उसकी बॉडी के 35 टुकड़े किए और उन्हें फ्रिज में रख दिया।
आफताब ने यह भी कबूल किया है कि वह रोज रात 2 बजे फ्लैट से निकलता था और 18 दिन तक शव के टुकड़ों को अलग-अलग जगहों पर जाकर फेंकता रहा| उसने शव को रखने के लिए एक 300 लीटर का बड़ा फ्रिज खरीद कर लाया था| घर में शव की बदबू न फैले इसलिए अगरबत्ती जलाता था| आफताब सेफ की ट्रेनिंग ले चुका है, इसलिए उसे इस बात की जानकारी है कि कैसे टुकड़े किए जाते हैं|