दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में आज बुधवार को नक्सलियों द्वारा किए गए IED हमले में 10 DRG जवानों और एक चालक की जान चली गई। दंतेवाड़ा ज़िले के अरनपुर के पास डीआरजी (ज़िला रिजर्व गार्ड) के जवानों को ले जा रहे वाहन पर IED हमला हुआ है। IED को नक्सलियों ने प्लांट किया था। ऑपरेशन से लौटते समय नक्सलियों ने इस हमले को अंजाम दिया| यह IED धमाका इतना जबरदस्त था कि सड़क पर कई फुट गहरा गड्ढा हो गया है| वाहन के परखच्चे उड़ गए हैं|
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ CM से बात करके दंतेवाड़ा ज़िले के अरनपुर के पास नक्सली हमले में वीर गति को प्राप्त 10 डीआरजी (ज़िला रिजर्व गार्ड) जवानों की जानकारी ली। उन्होंने छत्तीसगढ़ CM को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि,“हमने एक सूचना पर अभियान चलाया था। अभियान पूरा करने के बाद टीम जब वापस लौट रही थी कि तभी वाहन IED की चपेट में आ गया। वाहन में 10 DRG (जिला रिजर्व गार्ड) जवान थे और एक वाहन चालक था। शहीद जवानों के शवों को वापस लाया जा रहा है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है|”
भूपेश बघेल ने घटना की कड़ी निंदा की
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में 10 डीआरजी जवानों एवं एक वाहन चालक की शहादत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। श्री बघेल ने माओवादियों की इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हमारे जवानों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में हम सब शहीदों के परिवारों के साथ हैं।
भूपेश बघेल ने ट्वीट किया कि,“दंतेवाड़ा के थाना अरनपुर क्षेत्र अंतर्गत माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर नक्सल विरोधी अभियान के लिए पहुंचे डीआरजी बल पर आईईडी विस्फोट से हमारे 10 डीआरजी जवान एवं एक चालक के शहीद होने का समाचार बेहद दुखद है। हम सब प्रदेशवासी उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके परिवारों के साथ दुःख में हम सब साझेदार हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें|”
नक्सलियों को किसी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा: बघेल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि,“इस प्रकार की जानकारी है और यह दुखद है। जो जवान शहीद हुए हैं उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। यह लड़ाई अंतिम दौर में चल रही है और नक्सलियों को किसी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। हम योजनाबद्ध तरीके से नक्सलवाद को खत्म करेंगे|”
नक्सलवाद को जड़ से खत्म करेंगे:बघेल
भूपेश बघेल ने कहा कि,“दंतेवाड़ा की घटना बहुत हृदय विदारक है। DRG के जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। नक्सलियों पर लगातार दबाव हम डाल रहे हैं जिससे बौखला कर ये कायरतापूर्ण हरकत की है। नक्सलवाद को हम जड़ से खत्म करेंगे। मेरी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी बात हुई है|”
छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि,“नक्सलियों के छुपे होने की जानकारी आई थी जिसके बाद DRG के जवान वहां पहुंचे थे। वह ऑपरेशन कर लौट रहे थे कि तभी IED की चपेट में उनका वाहन आया। घटना में 10 जवान और एक चालक शहीद हुए हैं। हमने और बल को भेज दिया है। पिछले 4 वर्षों में नक्सलियों का 60% मूवमेंट कम हुआ है|”
राहुल गांधी ने जताया गहरा दुख
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि,“छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए कायरतापूर्ण नक्सली हमले में 10 डीआरजी जवानों और एक वाहन चालक की शहादत का समाचार दुखद है। इस कठिन वक्त में उनके शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी वीर शहीदों को मेरा नमन और श्रद्धांजलि।”
बेहद दुखद..: पवन खेड़ा
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने एक बयान में कहा कि,“नक्सली हमले में छत्तीसगढ़ पुलिस के जिला रिजर्व गार्ड के 10 जवानों एवं उनके एक ड्राइवर का शहीद होना बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है।”
पवन खेड़ा ने आगे कहा कि,“छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने बताया कि दंतेवाड़ा जिले में यह हमला उस समय हुआ जब इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर जवान ऑपरेशन के लिए पहुंचे थे। हमें भरोसा है कि छत्तीसगढ़ सरकार अन्य सभी संबंधित अथॉरिटीज़ के सहयोग से नक्सलवाद के ख़तरे के ख़िलाफ़ लड़ाई सफलतापूर्वक जारी रखेगी।”
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि,“भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सर्वोच्च बलिदान देने वाले 11 जवानों की बहादुरी को सलाम करती है और दुख की इस घड़ी में उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है ।