चंडीगढ़: कांग्रेस नेता और पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि ,''सिद्धू मूसेवाला जो प्रसिद्ध गायक थे और उन्होंने पंजाब की शान बनाई। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की घटिया राजनीति के कारण आज वो शिकार हुए और 20 गोलियों से उन पर हमला हुआ जिसमें उनकी जान चली गई|
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि,''एक राजनीतिक पार्टी ने घटिया काम किया, लोगों की पहले सुरक्षा हटाओ और फिर उनका नाम अखबारों में छपवाओं। लोगों को पता था कि कल ही उसकी सुरक्षा हटा ली गई है और आज उस पर हमला किया गया। आज उसकी मौत के जिम्मेदार सिर्फ अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान हैं|
भाजपा नेता फतेह जंग सिंह बाजवा ने कहा कि ,''पंजाब सरकार के तरफ से यह बहुत बड़ी चूक है। पांच साल पंजाब के लोग इस पर पछतावा करेंगे। इसका जवाब भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को देना पड़ेगा। हमें डर है कि कहीं 80-90 का दशक न वापस आ जाए। भगवंत मान गृह मंत्री भी हैं उनको इस्तीफा देना चाहिए|
पंजाब के मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला की सरेआम दिनदहाड़े गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। कल ही उनकी सुरक्षा घटाई गई थी। मुख्यमंत्री और डीजीपी उनकी हत्या के लिए जिम्मेदार हैं। वे पंजाबियों को सुरक्षा ही नहीं दे पाए, ऐसे कातिलों को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं। - अश्वनी शर्मा, अध्यक्ष, पंजाब भाजपा
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि,'' पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। अपराधियों को कानून का डर नहीं रहा। पंजाब सरकार बुरी तरह से विफल रही है। पंजाब में अब कोई सुरक्षित नहीं है।
प्रतिभाशाली गायक, युवा आइकॉन, और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला जी की हत्या की खबर बहुत ही पीड़ादाई है। इस घटना ने हम सबको हैरान कर दिया। उनके परिजनों और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी