चंडीगढ़: महिला (जूनियर एथलेटिक्स) कोच की शिकायत के आधार पर हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया गया है| यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज होने के बाद भाजपा विधायक और खेल मंत्री संदीप सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया|
अपने ऊपर यौन उत्पीड़न का आरोप लगने पर हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह ने कहा, "मेरी छवि को खराब करन के लिए एक माहौल बनाया गया है। खेल विभाग की एक जूनियर कोच ने जो झूठे आरोप लगाए हैं, मैं चाहूंगा कि उसकी अच्छे से जांच हो। जांच रिपोर्ट आने तक मैं अपना खेल विभाग मुख्यमंत्री को सौंपता हूं|
भाजपा विधायक और खेल मंत्री संदीप सिंह पर आरोप लगाते हुए महिला जूनियर एथलेटिक्स कोच ने कहा था कि संदीप सिंह ने पहले उसे एक जिम में देखा और फिर इंस्टाग्राम पर उससे संपर्क किया| बाद में मंत्री उससे मिलने के लिए जोर देने लगे| महिला कोच ने कहा, "संदीप सिंह ने मुझे इंस्टाग्राम पर मैसेज किया और कहा कि मेरा राष्ट्रीय खेल प्रमाणपत्र लंबित है और इस संबंध में वह मिलना चाहते हैं|" महिला ने कहा कि इस पर वह उनके आवास में अपने दस्तावेजों के साथ मिलने के लिए गईं| आरोप है कि जब वह वहां गईं तो मंत्री ने यौन दुराचार किया|
चंडीगढ़ के DSP राम गोपाल ने कहा,''हरियाणा की एक महिला कोच ने 30 दिसंबर को चंड़ीगढ़ पुलिस से हरियाणा के खेल मंत्री(संदीप सिंह) के खिलाफ शिकायत की थी। मामले में IPC की धारा 354, 354???, 354बी, 342 और 506 के तहत मामला दर्ज़ किया गया है। जांच की जा रही है|
हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा संदीप सिंह ने आज इस्तीफा दे दिया है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए|