चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ के नगर निगम की सत्ता से भाजपा बाहर हो गई। भाजपा को सिर्फ 12 सीटें मिली। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। 35 सीटों वाले निगम में इस बार आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। आप को 14 सीटें मिली हैं। वहीं भाजपा दूसरे स्थान पर रही है। कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही। लेकिन सबसे ज्यादा वोट हासिल करने वाली पार्टी कांग्रेस बनी है। फिलहाल बहुमत किसी को नहीं मिला है|
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी 14 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। वहीं भारतीय जनता पार्टी को 12 सीटें, कांग्रेस को आठ और अकाली दल को एक सीट मिली है। 35 वार्ड वाले नगर निगम में किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिला। जिससे निगम का पेंच फंस गया है, हालांकि मेयर पद की दौड़ में आम आदमी पार्टी अब सबसे आगे है।
इस चुनाव में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच ही मुख्य मुकाबला रहा। भाजपा को सबसे बड़ा झटका यह भी लगा कि वार्ड 17 से उसके मेयर रहे रविकांत शर्मा आम आदमी पार्टी के हाथों चुनाव हार गए। BJP के सीनियर डिप्टी मेयर महेशइंदर सिद्धू जीत तो गए मगर जीत का अंतर सिर्फ 11 वोट का रहा।
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में सबसे ज्यादा वोट हासिल करने वाली पार्टी कांग्रेस बनी है। निगम चुनाव में कांग्रेस को 29.79 फीसद वोट पड़े हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा को 29.30 फीसद और तीसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी को 27.08 फीसद वोट पड़े हैं। निर्दलीय उम्मीदवार को 7.10 फीसद और अन्य को 6.26 फीसद वोट पड़ी हैं। इस तरह, देखा जाए तो कांग्रेस को सबसे ज्यादा वोट पड़ी हैं लेकिन पार्टी इन्हें जीती हुई सीटों में बदलने को तैयार नहीं हो पाई है। कम वोट प्रतिशत के बाद भी आप ने बड़ी जीत हासिल की है।