मुंबई: फिल्म ‘लगान’ और ‘हम दिल दे चुके सनम’ में कला निर्देशन करने वाले कला निर्देशक नितिन देसाई का शव महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के कर्जत के स्थित उनके एनडी स्टूडियो में लटका हुआ मिला| नितिन देसाई ने कथित तौर पर अपने स्टूडियो में बुधवार को आत्महत्या कर ली। यह स्टूडियो मुंबई से लगभग 50 किलोमीटर दूर रायगढ़ के कर्जत में स्थित है। 'लगान' के कला निर्देशक नितिन देसाई के निधन की पुष्टि करते हुए महाराष्ट्र के विधायक महेश बाल्दी ने कहा,''वह आर्थिक तनाव में थे और आत्महत्या का यही एकमात्र कारण हो सकता है|
रायगढ़ के SP सोमनाथ घरगे ने कहा, ‘‘हमें आज बुधवार को कला निर्देशक नितिन देसाई का शव कर्जत स्थित उनके एनडी स्टूडियो में रस्सी से लटका हुआ मिला। पुलिस को इसकी जानकारी सेट पर मौजूद एक वर्कर ने दी। हम इस मामले में सभी पहलुओं का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रहे हैं|
कला निर्देशक नितिन देसाई की मौत पर रायगढ़ के एसपी सोमनाथ घरगे ने कहा, ‘‘आज सुबह नितिन देसाई का शव एनडी स्टूडियो में मिला था। हम हर पहलू से जांच कर रहे हैं। उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल भेजा गया है। हमें घटना स्थल पर जो कुछ भी मिला उसे हमने जब्त कर लिया है...उनके केयरटेकर और ड्राइवर के बयान भी ले लिए गए हैं|
इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) के अध्यक्ष अशोक पंडित ने कला निर्देशक नितिन देसाई को याद किया। उन्होंने कहा, "हमारी पूरी फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री आज स्तब्ध है क्योंकि हमने एक प्रतिष्ठित कला निर्देशक को खो दिया है, जिनके बिना किसी भी बड़ी फिल्म का बनना मुश्किल था। जब भी कोई बड़ा फिल्म निर्देशक कुछ बड़ा बनाने की कोशिश करता था, तो सबसे पहले जिसका नाम आता था वे थे नितिन देसाई... इंडस्ट्री में उनका योगदान बहुत बड़ा है और इंडस्ट्री उन्हें हर पल याद करेगी। वह एक अच्छे इंसान थे।"
कला निर्देशक नितिन देसाई (जिनका शव एनडी स्टूडियो में लटका हुआ मिला था) पर अभिनेता नील नितिन मुकेश ने कहा, ‘‘आज सुबह मुझे सबसे दर्दनाक खबर मिली है, मैं उन्हें (नितिन देसाई) पिता का दर्जा देता था और उनका सम्मान करता था। मैं हमेशा उनसे प्यार करता था। मेरा मानना है कि वह एक उत्कृष्ट कलाकार थे और हमेशा रहेंगे। वह जिस तरह से गए उसके बारे में सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। मुझे विश्वास है कि उनके करोड़ों प्रशंसक आज बहुत दुखी होंगे|