बस्ती: बस्ती जिले के थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत ग्राम करनपुर गांव में जमीनी विवाद में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बस्ती पुलिस ने बताया,'' करनपुर गांव में दो पक्षों में जमीनी विवाद में मारपीट और एक लड़की को जिंदा फूंकने की कोशिश के मामले में 3 अभियुक्तों को ग्राम करणपुर उनके घर से गिरफ्तार कर माननीय न्यायलय बस्ती रवाना किया गया | एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर आरोप लगाया है कि उन लोगों ने पीड़ित की बहन को जलाया है। हालांकि, इस मामले की पुष्टी अब तक हो नहीं पाई है कि युवती को किसने जलाया और वह कितनी झुलसी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बस्ती पुलिस ने बताया,''''11 फरवरी, 2022 को थाना कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम करणपुर में प्रथम पक्ष के विजयनाथ मिश्रा पुत्र रामदेव मिश्रा व पवन मिश्रा पत्र विजयनाथ मिश्रा और द्वितीय पक्ष के विवेकानन्द मिश्रा पुत्र स्व0 दीवाकर मिश्रा व शरद मिश्रा पुत्र स्व0 दिवाकर मिश्रा के बीच रास्ता व छज्जा निकालने को लेकर दोनों पक्षों में मार-पीट हुआ, जिसमें कन्या कुमारी पुत्री स्व0 दिवाकर मिश्रा जल गयी, जिस सम्बन्ध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0 100/2022 धारा 147, 148, 149, 352, 323, 326, 504 IPC पंजीकृत किया गया |
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
1. विजयनाथ मिश्रा निवासी ग्राम करणपुर थाना कोतवाली जनपद बस्ती ।
2. पवन मिश्रा निवासी ग्राम करणपुर थाना कोतवाली जनपद बस्ती।
3. प्रभात कुमार मिश्रा निवासी ग्राम करणपुर थाना कोतवाली जनपद बस्ती।
जिले में शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के करनपुर गांव में पट्टीदारों के बीच जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। मारपीट में घायल पवन कुमार मिश्र ने अपने पट्टीदारों पर गोलबन्द होकर मारपीट करने और अपनी बहन कन्याकुमारी को जलाए जाने का आरोप लगाया था। झुलसी लड़की की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया था। जहां उसका इलाज चल रहा है।
एएसपी दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि करनपुर गांव निवासी विजयनाथ मिश्रा और विवेकानन्द मिश्रा के बीच रास्ता और छज्जा निकालने को लेकर विवाद बाद मारपीट हुई थी। इस घटना में विवेकानंद मिश्रा की बहन कन्या कुमारी झुलस गई थी। मामले में आरोपियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर 3 की गिरफ्तारी की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। लड़की के जलने के सम्बन्ध में छानबीन की जा रही है। मामले की निष्पक्ष विवेचना कराई जा रही है, जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उसके आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।